हिंदी पखवाड़े पर केंद्रीय विद्यालय में निबंध प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा – Dainik Bhaskar

भास्कर न्यूज | घाटशिला
हिंदी पखवाड़ा-2026 के तहत एचसीएल की इकाई इंडियन कॉपर कॉम्प्लेक्स की ओर से केंद्रीय विद्यालय सुरदा में शनिवार को हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने विभिन्न विषयों पर हिंदी में अपने विचारों को प्रभावी और रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।
इस मौके पर केंद्रीय विद्यालय सुरदा के कार्यकारी प्राचार्य भूतनाथ पात्र ने कहा कि हिंदी सभी को जोड़ने वाली भाषा है। यह हमारे लिए गर्व की भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी के प्रति सम्मान और लगाव बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने दैनिक जीवन में अधिक से अधिक हिंदी का प्रयोग करने का भी आह्वान किया। वहीं, आईसीसी के सहायक प्रबंधक (राजभाषा) दीपक कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में हिंदी का महत्व केवल साहित्य और सामान्य संचार तक सीमित नहीं है। शिक्षा, मीडिया, प्रशासन, बैंकिंग, डिजिटल क्षेत्र सहित विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में हिंदी की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है। हिंदी भाषा पर अच्छी पकड़ और प्रभावी अभिव्यक्ति विद्यार्थियों के लिए भविष्य में रोजगार और करियर के क्षेत्र में नए अवसर खोल सकती है। स्नातकोत्तर शिक्षक (हिंदी) बाबूलाल ने भी विद्यार्थियों को हिंदी के नियमित अध्ययन, पठन-पाठन और रचनात्मक लेखन के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि और अनुराग विकसित करना था। इसका उद्देश्य उनकी लेखन क्षमता, चिंतनशीलता और अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देना भी था। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से विद्यालय परिसर में हिंदी के प्रति उत्साह और जागरूकता का माहौल बना रहा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News