600 खिलाड़ियों के बीच खेलो इंडिया अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट शुरू – Inext Live

रांची (ब्युरो)।खेलो इंडिया अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट का शुभारंभ शनिवार को ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार में हुआ। उद्घाटन समारोह में रांची विधायक सीपी सिंह और राज्यसभा सांसद डॉ। महुआ माजी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। टूर्नामेंट में झारखंड के विभिन्न जिलों से करीब 600 खिलाड़ी, टीम पदाधिकारी और तकनीकी अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर कैटेगरी की महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफॉर्म देना और राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है।
महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहन
राज्यसभा सांसद डॉ। महुआ माजी ने कहा कि झारखंड खेल के क्षेत्र में, विशेषकर महिला खेलों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी तैयारी, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की। कहा कि राज्य के खिलाड़ी आज बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और आने वाले समय में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों के अभिभावकों का भी आभार जताया, जिनके सहयोग और प्रोत्साहन से बेटियां खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में परिवार की भूमिका महत्वपूर्ण है।
मेहनत से मिलेगी सफलता
विधायक सीपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि देश के खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ें और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडल जीतकर देश का गौरव बढ़ाएं। उन्होंने खिलाड़ियों को असफलता से निराश नहीं होने की सलाह दी। स्वामी विवेकानंद के संदेश ‘उठो, जागो और तब तक नहीं रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए’ को जीवन में अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सफलता भाग्य के भरोसे नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत, लगन और समर्पण से मिलती है। खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य पर फोकस रखते हुए लगातार बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करना चाहिए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और मुकाबले
समारोह में डॉ। अभय सिंह, चंचल भट्टाचार्य, उदय साहू, प्रियदर्शी अमर, डॉ। रामशंकर सिंह, मिथिलेश साहू, संजय साहू, शैलेंद्र दुबे, रत्नेश कुमार, गोपाल शर्मा, संजय जैन, दीपक गोप, उमा रानी पालित और पुष्पा शास्त्री सहित कई अतिथि मौजूद थे। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, ओरमांझी की छात्राओं ने बैंड प्रस्तुति दी, जबकि लोक कल्याण केंद्र ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। वुशु खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन कर खेल भावना का उत्साह बढ़ाया। समारोह का संचालन अमरेंद्र दत्त द्विवेदी ने किया और स्वागत भाषण शिवेंद्र दुबे ने दिया। पहले दिन सांदा (फाइटिंग) वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिता 24 नवंबर को समापन समारोह के साथ संपन्न होगी।
Copyright © 2026. All Rights Reserved

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News