School Assembly News Headlines 31 December Today : स्कूल असेंबली के दौरान देश विदेश की ताजा खबरों से छात्रों को रूबरू करवाने के लिए देश, विदेश, आर्थिक, खेल जगत की खबरें पढ़ी जाती हैं। इस दौरान देश दुनिया की खबरों पर चर्चा होती है। ग्रुप डिस्कशन होता है। यह एक्टिविटी बच्चों को देश का अच्छा नागरिक बनाने में काफी मददगार भी साबित होती है। स्कूली छात्रों को किताबी ज्ञान हासिल करने के अलावा अपने आसपास, राज्य और देश विदेश में घट रही घटनाओं के बारे में भी पता होना चाहिए। यह आदत उन्हें एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाती है। ऐसे में आइए जानते हैं आज यानी कि 31 दिसंबर 2025 को देश दुनिया की बड़ी खबरें क्या हैं।
दिल्ली में मंगलवार को भी कोहरे का सितम जारी रहा। विमान एवं रेल सेवा पर इसका असर देखने को मिला। दिल्ली एयरपोर्ट से आने-जाने वाली 120 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। वहीं, 16 विमानों को नजदीकी एयरपोर्ट की तरफ डायवर्ट करना पड़ा।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भी घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में मंगलवार को भी घना कोहरा देखने को मिला। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा साफ हो गया। दिन में दस बजे के बाद ज्यादातर जगहों पर धूप निकल आई। इसके चलते अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ।
सुप्रीम कोर्ट ने एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करते हुए वकीलों द्वारा दलीलों और लिखित निवेदन पेश करने की समय-सीमा निर्धारित कर दी है। इस कदम का उद्देश्य अदालती कामकाज में सुगमता और न्याय मुहैया कराने में तेजी लाना है।
केंद्र सरकार ने मंगलवार को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को अश्लील कंटेंट को लेकर चेतावनी जारी की है। इसमें कहा गया है कि कंपनियां अश्लील, भद्दे, बच्चों से जुड़े यौन शोषण वाले और गैर-कानूनी कंटेंट पर तुरंत रोक लगाएं। यदि कंपनियां ऐसा नहीं करेंगी तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अल्मोड़ा के भिकियासैंण में मंगलवार सुबह द्वाराहाट से रामनगर जा रही अनुबंधित बस बेकाबू होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बुजुर्ग दंपति समेत सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं, जबकि 12 घायलों में दस पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
रेल मंत्रालय 14 जनवरी से 14 जुलाई 2026 तक रेलवन ऐप के जरिये अनारक्षित टिकटों की खरीद और किसी भी डिजिटल माध्यम से भुगतान पर तीन प्रतिशत की छूट प्रदान करेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दीर्घकालीन आर्थिक वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में मिशन के रूप में सुधार किए जाने की जरूरत पर बल दिया ताकि वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा किया जा सके। प्रधानमंत्री मोदी ने वित्त वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट की तैयारियों के संदर्भ में नीति आयोग में जाने-माने अर्थशास्त्रियों और विशेषज्ञों के साथ बैठक के दौरान यह बात कही।
यूपी की मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) की तारीख फिर बढ़ा दी गई है। दो बार गणना प्रपत्रों के जमा होने की तारीख बढ़ाए जाने के बाद अब ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन व दावे और आपत्तियों की तिथियां आगे बढ़ाई गई हैं।
एनसीईआरटी की आठवी कक्षा की गणित की पुस्तक में बौधायन-पाइथागोरस प्रमेय को शामिल किया गया है। ‘गणित प्रकाश’ नामक पाठ्यपुस्तक में बताया गया है कि प्राचीन भारतीय गणितज्ञ बौधायन, जिनके बारे में माना जाता है कि वे 8वीं-7वीं शताब्दी ईसा पूर्व के आसपास रहते थे, इतिहास में पहले व्यक्ति थे, जिन्होंने इस प्रमेय को बताया था।
जल जीवन मिशन में सेवा वितरण और सामुदायिक स्वामित्व को मजबूत करने के लिए जल शक्ति मंत्रालय ने मंगलवार को जल जीवन मिशन (जेजेएम) पोर्टल पर ग्राम पंचायत के नेतृत्व में संचालित डिजिटल पेयजल सेवा कार्यक्षमता मूल्यांकन उपकरण ‘जल सेवा आंकलन’ का ई-लॉन्च किया।
केंद्र सरकार को उम्मीद है कि विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति में व्यापक चर्चा के बाद फंडिंग सहित तमाम अन्य मुद्दों पर आशंकाओं को दूर करने में मदद मिलेगी।
सरकार का कहना है कि जापान को पीछे छोड़ते हुए भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। अब वर्ष 2030 तक जर्मनी को पछाड़कर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। देश की अर्थव्यवस्था का आकार अब 4.18 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया है।
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बना दिया। मंगलवार को चांदी 1,000 रुपये की तेजी के साथ 2.41 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के नए शिखर पर पहुंच गई। वहीं, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2800 रुपये टूटकर 1,39,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
वायदा कारोबार में मंगलवार को चांदी की कीमत लगभग चार प्रतिशत की तेजी के साथ 2,34,019 रुपये प्रति किलोग्राम रही। इससे पहले सोमवार को इसमें 24 हजार की गिरावट आई थी, लेकिन इसमें तेज वापसी हुई और दाम 9,590 रुपये उछल गए। एमसीएक्स में, मार्च 2026 डिलीवरी वाले चांदी अनुबंध की कीमत 9,590 रुपये यानी 4.27 प्रतिशत बढ़कर 2,34,019 रुपये प्रति किलोग्राम हो गयी।
बांग्लादेश के मैमनसिंह के भालुका उपजिला में सोमवार को कपड़ा फैक्ट्री के अंदर एक मुस्लिम सहकर्मी ने एक हिंदू युवक बजेंद्र बिस्वास की गोली मारकर हत्या कर दी। यह बांग्लादेश में 12 दिन के भीतर तीसरे हिंदू की हत्या है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का फ्लोरिडा स्थित अपने आवास ‘मार-ए-लागो’ में स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। ट्रंप ने साफ शब्दों में ईरान को चेतावनी दी कि अगर उसने अपना परमाणु कार्यक्रम दोबारा शुरू करने की कोशिश की तो अमेरिका कड़ा जवाब देगा।
बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया का मंगलवार तड़के बीमारी के चलते निधन हो गया। उन्होंने 1980 के दशक में सैन्य तानाशाह जनरल इरशाद के खिलाफ लंबा आंदोलन चलाया था ।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार दावा कर चुके हैं कि उन्होंने मई में भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष रुकवाया था। इसमें अब चीन भी कूद पड़ा है। चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने मंगलवार को दावा किया है कि चीन ने संघर्ष के दौरान मध्यस्थता की थी।
भारतीय बेटियों ने देश को नए साल का शानदार तोहफा दे दिया। भारत ने मंगलवार को श्रीलंका को पांचवें टी-20 में 15 रनों से हराकर मेहमानों का सूपड़ा साफ कर दिया। यह तीसरी बार है जब भारतीय महिला टीम ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया है।
इंग्लैंड ने तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को एशेज सीरीज के एडिलेड में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में चोटिल होने के बावजूद टी-20 विश्व कप की 15 सदस्यीय संभावित टीम में शामिल किया है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने राष्ट्रीय टेस्ट टीम के मुख्य कोच अजहर महमूद से उनके अनुबंध की समाप्ति से तीन महीने पहले ही अलग होने का फैसला किया है। पूर्व टेस्ट ऑलराउंडर अजहर का अनुबंध मार्च 2026 तक था। पाकिस्तान अगला टेस्ट मार्च 2026 में खेलेगा।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play