हापुड़ (उत्तर प्रदेश) : जिले की सिंभावली और बृजनाथपुर शुगर मिलों द्वारा गन्ना किसानों का बकाया भुगतान नहीं किए जाने पर किसानों में नाराजगी बढ़ गई है।मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों के साथ किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी कविता मीना से मिला और अपनी समस्याएं रखीं।किसानों ने आरोप लगाया कि, बृजनाथपुर शुगर मिल ने अब तक केवल 10 प्रतिशत भुगतान किया है, जबकि सिंभावली शुगर मिल ने मात्र 19 प्रतिशत बकाया राशि ही किसानों को दी है। बाकी भुगतान लंबित होने से किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
किसान नेता राधेलाल त्यागी ने बताया कि, बृजनाथपुर शुगर मिल पर किसानों का पिछले पेराई सत्र का करीब 106 करोड़ रुपये बकाया है। वहीं सिंभावली शुगर मिल पर लगभग 251 करोड़ रुपये का भुगतान बाकी है। उन्होंने कहा कि लगातार प्रयासों के बावजूद किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम कविता मीना ने किसानों के सामने ही शुगर मिल के आईआरपी को तलब किया और भुगतान में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द किसानों का बकाया भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पवन हूण, मोनू त्यागी, राजेन्द्र सिंह, कटार सिंह, महेन्द्र त्यागी, हेमसिंह, राजवीर भाटी, सर्वेश त्यागी, जयकरण बंसल, लक्की त्यागी, भीम त्यागी और सरजीत सिंह समेत कई किसान मौजूद रहे।

© Copyright 2026 JK India eAgriTech Ltd.