Feedback
IPL 2026 Eliminator: आईपीएल 2026 एलिमिनेटर से पहले राजस्थान रॉयल्स के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी को लेकर सनराइजर्स हैदराबाद पूरी तरह सतर्क है. सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) कप्तान पैट कमिंस ने माना कि वैभव अकेले मैच का रुख बदल सकते हैं, इसलिए टीम ने उनके लिए Plan B और Plan C तैयार किया है. सूर्यवंशी इस सीजन 583 रन बना चुके हैं और SRH के खिलाफ शतक भी जड़ चुके हैं.
आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले से पहले राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का खौफ सनराइजर्स हैदराबाद के कैम्प में साफ दिखाई दे रहा है. न्यू चंडीगढ़ में बुधवार को होने वाले इस बड़े मुकाबले में सभी की नजरें उस खिलाड़ी पर होंगी जिसने पूरे सीजन अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचाया है.
यह वैभव सूर्यवंशी का पहला आईपीएल प्लेऑफ मुकाबला होगा, लेकिन उनके प्रदर्शन ने पहले ही उन्हें बड़े खिलाड़ियों की सूची में ला खड़ा किया है. राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने इस सीजन 583 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 232.37 का रहा है, जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण के लिए खतरे की घंटी है.
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने भी माना कि वैभव उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जो अकेले दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं. जियोस्टार से बातचीत में कमिंस ने कहा कि किसी बल्लेबाज के खिलाफ गेंदबाज अपनी ताकत के अनुसार योजना बनाते हैं, लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं जिनके लिए अलग से रणनीति तैयार करनी पड़ती है.
कमिंस ने कहा कि हर टीम में एक-दो खिलाड़ी ऐसे होते हैं जो मुकाबला छीन सकते हैं और वैभव उन्हीं में से एक हैं. यही वजह है कि SRH ने उनके खिलाफ Plan B और Plan C पर भी काम किया है.
SRH के खिलाफ कैसा रहा वैभव का इस सीजन में प्रदर्शन
इस सीजन SRH के खिलाफ वैभव का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है. पहली भिड़ंत में वह गोल्डन डक पर आउट हो गए थे, लेकिन दूसरी बार उन्होंने शानदार वापसी करते हुए हैदराबाद के खिलाफ विस्फोटक शतक जड़ दिया था. उस पारी ने SRH को यह अहसास करवा दिया कि अगर वैभव को जल्दी नहीं रोका गया तो वह मैच पूरी तरह बदल सकते हैं.
कमिंस ने माना कि पिछली भिड़ंत में कुछ समय तक उनकी टीम ने वैभव को शांत रखने में सफलता हासिल की थी, लेकिन बाद में युवा बल्लेबाज ने मैच पर पकड़ बना ली. SRH कप्तान ने कहा कि उनकी टीम पिछले मुकाबलों से सीख लेकर मैदान पर उतरेगी.
दिलचस्प बात यह है कि लीग स्टेज में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को दोनों मुकाबलों में हराया था. हालांकि कमिंस का मानना है कि प्लेऑफ पूरी तरह नई शुरुआत जैसा होता है, लेकिन पहले मैचों से मिली जानकारी और आत्मविश्वास टीम के काम आता है.
कमिंस ने कहा कि उनकी टीम राजस्थान के खिलाड़ियों को अच्छी तरह समझ चुकी है और उनके गेंदबाज उन योजनाओं पर भरोसा करेंगे जिनसे उन्हें पहले सफलता मिली थी. ऐसे में एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी और SRH गेंदबाजों के बीच की टक्कर मैच का सबसे बड़ा आकर्षण रहने वाली है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू