Feedback
सोशल मीडिया पर इन दिनों भारतीय स्टैंड-अप कॉमेडियन यश भारद्वाज की कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है. यश ने दावा किया है कि एक मजाकिया वीडियो रील की वजह से उन्हें दुबई में 47 दिनों तक हिरासत में रहना पड़ा. इस घटना ने सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान कर दिया है और अभिव्यक्ति की आजादी, सोशल मीडिया कंटेंट और स्थानीय कानूनों को लेकर नई बहस छेड़ दी है.
यश भारद्वाज ने इंस्टाग्राम पर अपनी आपबीती शेयर करते हुए बताया कि 19 मार्च को वह दुबई में एक कॉमेडी शो के सिलसिले में मौजूद थे. इसी दौरान दुबई पुलिस का फोन आया और उन्हें तुरंत मुख्यालय पहुंचने के लिए कहा गया. शुरुआत में उन्हें लगा कि यह कोई सामान्य पूछताछ होगी, लेकिन मामला उनकी उम्मीद से कहीं ज्यादा गंभीर निकला.
कॉमेडियन के मुताबिक, परेशानी की वजह एक रील थी, जिसे उन्होंने कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. इस वीडियो में उन्होंने Google Maps के कथित तौर पर सही तरीके से काम न करने और मध्य पूर्व में बढ़े तनाव को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज में मजाक किया था. उस समय क्षेत्र में अमेरिका और ईरान से जुड़ी घटनाओं के कारण माहौल संवेदनशील बना हुआ था. यश का कहना है कि उन्होंने इसे सिर्फ मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया था, लेकिन अधिकारियों ने इसे अलग नजरिए से देखा.
यश ने बताया कि उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संभावित खतरे के रूप में देखा गया और हिरासत में ले लिया गया. इसके बाद उन्होंने 47 दिन एक डिटेंशन सेंटर में बिताए. आखिरकार 5 मई को उन्हें भारत वापस भेज दिया गया. उन्होंने कहा कि यह समय उनके और उनके परिवार के लिए बेहद मुश्किल रहा. अनिश्चितता, मानसिक तनाव और आर्थिक दबाव ने पूरे परिवार को प्रभावित किया.
भारत लौटने के बाद यश फिलहाल मुंबई में रह रहे हैं और धीरे-धीरे अपनी सामान्य जिंदगी में लौटने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि दोबारा मंच पर लौटना उनके लिए सबसे बड़ी राहत साबित हुआ. स्टैंड-अप कॉमेडी ने उन्हें कठिन दौर से बाहर निकलने की ताकत दी.
A post shared by Yash Bhardwaj (@yash_hour)
अपनी इंस्टा पोस्ट पर वो लिखते हैं कि अब यश जल्द ही बेंगलुरु जाने की तैयारी कर रहे हैं, जहां से उनके कॉमेडी करियर की शुरुआत हुई थी. उनका कहना है कि वह अपने जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत करना चाहते हैं. सोशल मीडिया पर उनकी कहानी वायरल होने के बाद कई लोगों ने उनका समर्थन किया है. वहीं यह घटना इस बात की भी याद दिलाती है कि अलग-अलग देशों में कानून और संवेदनशील मुद्दों को लेकर नियम काफी सख्त हो सकते हैं और सोशल मीडिया पर किया गया एक मजाक भी कभी-कभी अप्रत्याशित परिणाम ला सकता है.
देखें वो वीडियो जिसपर एक्शन हुआ
A post shared by Yash Bhardwaj (@yash_hour)
ईरान पर हमले के बाद दुबई में वीडियो शेयर करना पड़ सकता है भारी!
हालांकि ये पहला मामला नहीं है दुबई में हिरासत का ऐसा मामला सामने आया हो. ईरान-इजरायल जंग के दौरान दुबई के बारे में सही जानकारी शेयर करने पर भी कार्यवाही हुई. गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई में एक ब्रिटिश पर्यटक समेत 20 लोगों पर UAE के सख्त साइबरक्राइम कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोप है कि उन्होंने ईरान के मिसाइल हमलों से जुड़े वीडियो और फुटेज रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर किए. रिपोर्ट के मुताबिक, 60 साल की लंदन निवासी पर्यटक के फोन में मिसाइल हमले का वीडियो मिला, जिसे उसने बाद में डिलीट भी कर दिया था. UAE अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक सुरक्षा को प्रभावित करने वाली सामग्री को शेयर, पब्लिश या उस पर टिप्पणी करना भी अपराध की श्रेणी में आ सकता है.
(नोट – ये खबर सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट के आधार पर बनाई गई है. aajtak.in पोस्ट में किए गए दावों की पुष्टि नहीं करता है.)
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू