फरीदाबाद, सरसमल। सेक्टर-21सी स्थित जिमखाना क्लब में शनिवार को ‘प्रकृति-2026’ सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें हरियाणा, दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों से करीब 350 वास्तुकारों ने भाग लिया। सेमिनार में ग्रीन बिल्डिंग, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक वास्तुकला की चुनौतियों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने ऊर्जा बचत, जल संरक्षण और हरित निर्माण तकनीकों को बढ़ावा देने की जरूरत पर जोर दिया। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स (आईआईए) की ओर से आयोजित सेमिनार में देश के कई वरिष्ठ वास्तुकार शामिल हुए। कार्यक्रम में पैनल चर्चा, तकनीकी सत्र, वास्तुकला प्रदर्शनियां और व्यावसायिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने बदलते शहरी विकास, पर्यावरणीय चुनौतियों और नई तकनीकों के उपयोग पर अपने विचार साझा किए।
सेमिनार में आईआइए चेयरमैन एवं वास्तुकार निर्मल मखीजा, सुरेंद्र सिंह, पुलकित गुप्ता, अजय गौतम, विजय गौतम, आशीष गुप्ता आदि ने कहा कि ग्रीन बिल्डिंग समय की आवश्यकता है। ऐसी इमारतों में प्राकृतिक रोशनी का अधिक उपयोग, बिजली की कम खपत, वर्षा जल संचयन, जल पुनर्चक्रण और हरियाली को प्राथमिकता दी जाती है। इससे पर्यावरण पर पड़ने वाला दबाव कम होता है और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौती से निपटने में मदद मिलती है।
वास्तुकार अंकुर गौतम ने कहा कि लगातार बढ़ रहे कार्बन उत्सर्जन को कम करने में वास्तुकार महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। वहीं वरिष्ठ वास्तुकार अशोक गोयल ने कहा कि वास्तुकला से जुड़े पाठ्यक्रमों को आधुनिक जरूरतों के अनुसार अपडेट किया जाना चाहिए। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और ग्रीन बिल्डिंग तकनीकों को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने की आवश्यकता बताई, ताकि नए वास्तुकार बदलते समय के साथ खुद को बेहतर ढंग से तैयार कर सकें। सेमिनार के आयोजक आर्किटेक्ट एवं नगर निगम के सेवानिवृत्त वरिष्ठ योजनाकार रवि सिंगला ने बताया कि ‘प्रकृति-2026’ का उद्देश्य वास्तुकारों, डिजाइनरों, छात्रों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाना है, ताकि टिकाऊ विकास और हरित वास्तुकला को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच पर्यावरण संतुलन बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से पर्यावरण अनुकूल निर्माण को बढ़ावा देने और आगामी वर्षों में ग्रीन बिल्डिंग की अवधारणा को अधिक व्यापक बनाने का आह्वान किया गया।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play