केतन अग्रवाल हत्याकांड में मुख्य आरोपी सिया गोयल के वकील ने दावा किया है कि पुलिस के पास उनकी मुवक्किल के खिलाफ कोई सीधा सबूत या चश्मदीद गवाह नहीं है। …और पढ़ें
केतन अग्रवाल हत्याकांड।
सिया गोयल के वकील ने चश्मदीद गवाह न होने का दावा किया।
पुलिस के पास 2000 से अधिक कॉल का तकनीकी सबूत है।
केतन अग्रवाल की मौत लोहगढ़ किले से गिरने के कारण हुई थी।
डिजिटल डेस्क, पुणे। देशभर में इन दिनों चर्चा का विषय बना केतन अग्रवाल हत्याकांड मामले में आय दिन नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं। ऐसे में अब मामले की मुख्य आरोपी सिया गोयल के वकील आशुतोष श्रीवास्तव के एक नए दावे ने इस पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। श्रीवास्तव ने दावा किया है कि पुलिस के पास उनकी मुवक्किल के खिलाफ कोई सीधा सबूत या चश्मदीद गवाह नहीं है।
वकील का दावा- कोई चश्मदीद गवाह नहीं
समाचार एजेंसी पीटीआई (PTI) से बातचीत में वकील आशुतोष श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस की जांच अभी चल रही है और इस मोड़ पर ऐसा कोई पक्का सबूत नहीं है जो सिया को गुनहगार साबित करे।
श्रीवास्तव का कहना है कि मुझे नहीं लगता कि कोई ऐसा स्वतंत्र गवाह या चश्मदीद है जिसने सिया को ऐसा करते देखा हो। सिया पुलिस का पूरा सहयोग कर रही हैं ताकि जांच सही नतीजे पर पहुंच सके और अदालत में सच सामने आ सके।
दूसरी तरफ, पुणे ग्रामीण पुलिस का दावा है कि उनके पास इस मामले में मजबूत तकनीकी सबूत हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी सिया गोयल और उनके कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी पिछले 6 महीनों से लगातार संपर्क में थे। दोनों के बीच इस दौरान 2,004 बार फोन पर बात हुई। दोनों ने फोन पर करीब 238 घंटे बिताए। कई कॉल तो दो से तीन घंटे से भी ज्यादा लंबी थीं।
पुणे ग्रामीण के एसपी संदीप सिंह गिल के अनुसार, इतनी लंबी बातचीत और सीसीटीवी फुटेज से इस बात का शक गहराता है कि केतन की मौत के पीछे कोई बड़ी साजिश रची गई थी।
गौरततलब है कि बीते 18 जून को 26 साल के केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई थी। वह अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ वहां घूमने गए थे।
पुणे ग्रामीण के डिप्टी एसपी गजानन तोमपे ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग एंगल पर काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अब तक कई लोगों से पूछताछ की जा चुकी है, और मामले की तह तक जाने के लिए सिया के भाई और कुछ अन्य रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- ‘माता पिता का दोष नहीं..’ केतन अग्रवाल मर्डर केस पर बोलीं Kangana Ranaut, ‘क्वीन’ ने किसे ठहराया जिम्मेदार?