Mumbai Poison Case: मुंबई पुलिस ने एक ऐसी साजिश का खुलासा किया है, जिसने सभी को चौंका दिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी फैयाज प्रेमजी ने मुहर्रम के जुलूस में शामिल लोगों को जहरीली कैप्सूल बांटने की योजना बनाई थी. वह इन कैप्सूल को दर्द की दवा और इम्युनिटी बढ़ाने वाली गोली बताकर लोगों में बांटना चाहता था. कुछ लोगों ने इन कैप्सूल को खा भी लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के बाद सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई.
जांच में सामने आया कि आरोपी अकेले हजारों कैप्सूल नहीं बांट सकता था. इसलिए उसने कई लोगों से मदद ली और उनको बताया कि ये विटामिन और इम्युनिटी बढ़ाने वाली कैप्सूल हैं, जिन्हें लोगों में बांटना है. किसी को भी यह नहीं पता था कि इन कैप्सूल में जहर मिला हुआ है. पुलिस के मुताबिक अब तक कम से कम 11 लोगों की तबीयत इन कैप्सूल को खाने के बाद खराब हुई थी. सभी को समय रहते इलाज मिलने से उनकी जान बच गई.
फैयाज प्रेमजी पुणे के विमान नगर का रहने वाला है और पेंटिंग का काम करता है. पुलिस ने उसे 27 जून को मुंबई के रहमताबाद कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार किया. जांच में पता चला कि उसकी मां और बहन ईरान में रहती हैं. साल 2019 से 2025 के बीच वह कई बार ईरान और इराक गया. पिछले एक साल में ही उसने इन दोनों देशों की 19 यात्राएं कीं. पुलिस अब उसके बैंक खाते, मोबाइल, डिजिटल रिकॉर्ड और संपर्कों की जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि इस साजिश में कोई और भी शामिल था या नहीं.
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने मुंबई के डोंगरी इलाके में एक कमरा किराए पर लिया था. वहीं बैठकर उसने ऑनलाइन 50 किलो जिंक फॉस्फाइड और 30 हजार खाली कैप्सूल मंगवाए. कई दिनों तक वह एक-एक कैप्सूल में जहर भरता रहा. पुलिस ने उसके कमरे से करीब 15 हजार तैयार जहरीली कैप्सूल और बड़ी मात्रा में जहर बरामद किया. शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसका मकसद 15 हजार लोगों की जान लेना था.
जिंक फॉस्फाइड एक ऐसा जहरीला रसायन है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर चूहों को मारने के लिए किया जाता है. यह इंसानों के शरीर में पहुंचने के बाद पेट के एसिड से मिलकर जहरीली गैस बनाता है. इससे उल्टी, पेट दर्द, चक्कर और सांस लेने में परेशानी जैसी दिक्कतें शुरू हो सकती हैं. गंभीर हालत में दिल, फेफड़े, लिवर और किडनी भी प्रभावित हो सकते हैं. पुलिस, एटीएस और दूसरी एजेंसियां इस पूरे मामले की जांच कर रही हैं. बरामद कैप्सूल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
ऋषभ कुमार पाण्डेय डिजिटल मीडिया और न्यूज इंडस्ट्री में एक साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं. वे मई 2024 से Zee Media समूह के साथ जुड़े हैं. यहां … और पढ़ें
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED