भास्कर संवाददाता| विदिशा
शहर के बंटीनगर क्षेत्र में सीवेज लाइन डालने के लिए की गई सड़कों की खुदाई अब स्थानीय रहवासियों के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। बीती रात हुई बारिश ने पूरी सड़क को गहरे दलदल में तब्दील कर दिया है, जिससे कालोनी की सूरत पूरी तरह बिगड़ गई है। हालत यह है कि लोग अपने ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
कालोनी की सड़कें इस कदर खराब हो चुकी हैं कि वहां से वाहनों का गुजरना तो दूर पैदल चलना भी नामुमकिन हो गया है। घरों के ठीक सामने सिर्फ और सिर्फ कीचड़ नजर आ रहा है। इस अव्यवस्था से आक्रोशित होकर स्थानीय रहवासियों ने उसी कीचड़ और दलदल में उतरकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
रहवासियों ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि वे अपनी गाड़ियां कालोनी के बाहर मुख्य मार्ग पर पार्क करने को तैयार हैं, लेकिन बच्चों के भविष्य का क्या? दलदल के कारण बच्चे न तो स्कूल जा पा रहे हैं और न ही वापस आ पा रहे हैं। कई बच्चे फिसलकर घायल भी हो चुके हैं। रहवासियों ने नगर पालिका और संबंधित ठेकेदार से तत्काल सड़क निर्माण शुरू करने की मांग की है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क को ठीक नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने पर विवश होंगे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.