Published By: Anjali Karmakar | Updated: Jul 20, 2026, 11:51 PM
समंदर में भारत के जहाजों पर एक के बाद एक अटैक हो रहा है. पहले ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में भारत के जहाज को निशाना बनाया. अब यूक्रेन के ओडेसा पोर्ट से रवाना हुए भारत के कार्गो जहाज ‘MV गोल्डन लियो’ पर अटैक हुआ है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘MV गोल्डन लियो’ पर रविवार (19 जुलाई 2026) को रूस का क्रूज मिसाइल आकर गिरा है. इस हमले में 4 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है. एक भारतीय गंभीर रूप से घायल है. रूस भारत का करीबी दोस्त है. ऐसे में जहाज पर हमले की मोदी सरकार ने निंदा की है.
रॉयटर्स के मुताबिक, गोल्डन लियो जहाज ओडेसा से मक्का लेकर रवाना हुआ था. पोर्ट से निकलने के कुछ देर बाद उस पर 3 रूसी क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया. यूक्रेन की नौसेना ने कहा कि हमले के बाद जहाज में आग लग गई. समुद्र में जहाज से घना धुआं उठता देखा गया, जिसकी बाद में पहचान हुई.
विदेश मंत्रालय (MEA) के मुताबिक, 19 जुलाई की शाम अफ्रीकी देश गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले इस जहाज पर हमला हुआ. उस समय जहाज पर कुल 17 क्रू मेंबर थे, जिनमें 5 भारतीय शामिल थे. विदेश मंत्रालय ने मारे गए भारतीयों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है. यूक्रेन के समुद्री बंदरगाह प्राधिकरण के मुताबिक, घटना के बाद पूरी रात सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. हमले में 9 क्रू मेंबर और एक समुद्री पायलट की मौत हुई. 17 में से 8 क्रू मेंबर को सुरक्षित बचा लिया गया.
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि भारत ऐसे हमलों की निंदा करता है. कारोबारी जहाजों और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना पूरी तरह गलत है. मंत्रालय ने कहा कि भारतीय दूतावास लगातार यूक्रेनी अधिकारियों के संपर्क में है. प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद की जा रही है.
यूक्रेन लगातार रूस के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर और तेल टैंकरों को निशाना बना रहा है. रूस ने भी यूक्रेन के पोर्ट, फ्यूल स्टोरेज सेंटर और कार्गो जहाजों पर मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं. रूस के रक्षा मंत्रालय ने भी दावा किया है कि उसकी सेना ने ओडेसा बंदरगाह पर फ्यूल स्टेशन पर हमला किया. यूक्रेन दुनिया के कुल गेहूं निर्यात का करीब 6% और मक्का निर्यात का लगभग 11% हिस्सा देता है. रूस के साथ जारी जंग से सप्लाई बुरी तरह से प्रभावित है.
यूक्रेन के हमले से रूस में भी होर्मुज जैसा संकट पैदा हो गया है. लगातार हमलों के बाद रूस ने डॉन-एजोव चैनल और केर्च स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही रोक दी है. डॉन-एजोव चैनल एजोव सागर को रूस की अंदरूनी नदियों और जलमार्गों से जोड़ता है.केर्च स्ट्रेट एजोव सागर को ब्लैक सी से जोड़ता है. सैटेलाइट तस्वीरों और जहाजों की ट्रैकिंग करने वाली बेवसाइट्स के मुताबिक, इन दोनों रास्तों के दोनों ओर बड़ी संख्या में जहाज फंसे हुए हैं.
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED