नगर निकाय चुनाव को लेकर भीलवाड़ा के नगर निगम के 70 वार्डों सहित 10 नगर पालिकाओं में नामांकन के दूसरे दिन शनिवार को नेताओं में उत्साह और मेले सा माहौल है।
नॉमिनेशन के लिए दोनों ही प्रमुख दलों के साथ ही निर्दलीय उम्मीदवार भी अपने-अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंच रहे हैं।
नामों पर मंथन जारी
हालांकि, दोनों ही पार्टियों ने किसी भी व्यक्ति को सिंबल नहीं दिया है। दोनों ही दलों में प्रत्याशी चयन को लेकर अंतिम नामों पर मंथन जारी है, लेकिन फार्म भरने आए लोगों को पार्टी से उम्मीद है तो कुछ को फार्म भरने ओर मैदान में उतरने का सिग्नल भी मिल चुका है ।
कलेक्ट्रेट में तीन कमरों में लिए जा रहे आवेदन
भीलवाड़ा जिला कलेक्टर कार्यालय में नगर निगम के 70 वार्डों के नामांकन के लिए तीन अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं। वार्ड संख्या 1 से वार्ड संख्या 30 के लिए कमरा नंबर 5, वार्ड संख्या 31 से वार्ड संख्या 50 के लिए कमरा नंबर 34 और वार्ड संख्या 51 से वार्ड संख्या 70 के लिए कमरा नंबर 55 में नॉमिनेशन फॉर्म लिए जा रहे हैं। सुबह 10:30 बजने के साथ ही नॉमिनेशन का कार्य स्टार्ट हुआ है।
क्राउड कंट्रोल को लेकर पुलिस मुस्तैद
नामांकन को लेकर पुलिस प्रशासन की माकूल व्यवस्था जिला कलेक्टर कार्यालय में है। प्रत्याशियों के साथ आने वाले समर्थकों को जिला कलेक्टर कार्यालय गेट के बाहर ही रोका जा रहा है।
इसके साथ ही सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाकर क्राउड कंट्रोल किया जा रहा है। एक नेता के साथ चार लोगों को कलेक्ट्री के भीतर जाने की अनुमति दी गई है। दोपहर 3 बजे तक नामांकन जारी रहेगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.