Yuvraj Singh
Date: 21-09-26 19:44
South OTT Releases This Week: ओटीटी पर हर हफ्ते नई फिल्मों और सीरीज की एंट्री होती है, लेकिन इस बार साउथ सिनेमा के फैंस के लिए लाइनअप कुछ ज्यादा ही दिलचस्प है. तेलुगु से लेकर तमिल और कन्नड़ तक की फिल्मों में हॉरर, रोमांस, स्पोर्ट्स ड्रामा और क्राइम थ्रिलर जैसे अलग-अलग जॉनर देखने को मिलेंगे. अगर आप थिएटर के बजाय घर बैठे नई फिल्में देखना पसंद करते हैं, तो 25 सितंबर से शुरू होने वाला यह ओटीटी वीकेंड आपके लिए खास हो सकता है.
अगाधा
तेलुगु सुपरनेचुरल हॉरर थ्रिलर फिल्म ‘अगाधा’ में महादेवी की कहानी दिखाई गई है, जो अपने चचेरे भाई और कुछ अन्य मौतों से जुड़े रहस्य की तलाश में एक खतरनाक जंगल तक पहुंच जाती है. यहां उसका सामना एक अलौकिक शक्ति से होता है, जिसके बाद कहानी में सस्पेंस और डर दोनों बढ़ते हैं. फिल्म 25 सितंबर को ZEE5 पर स्ट्रीम होगी.
हबीबी
अगर आपका मूड रोमांटिक ड्रामा देखने का है तो ‘हबीबी’ को वॉचलिस्ट में शामिल किया जा सकता है. फिल्म एक यंग कपल की कहानी पर आधारित है, जिनका रिश्ता मुस्लिम समुदाय के बीच तनाव की वजह बन जाता है. ईशा एम, मालविका मनोज, कश्तुरी राजा और धनश्री सुधाकरण अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. ‘हबीबी’ 25 सितंबर से SonyLIV पर स्ट्रीम होगी.
अंगीकारम
‘अंगीकारम’ की कहानी एक चेन्नई स्लम से आने वाले लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलता है. लेकिन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की राजनीति उसके रास्ते में रुकावट बन जाती है. इसके बाद वह अपने हक की लड़ाई कोर्ट तक ले जाता है. कोटापाडी जे. राजेश और सिंधूरी विश्वनाथ स्टारर यह फिल्म 25 सितंबर से Sun NXT पर उपलब्ध होगी.
मैंगो पच्चा
कन्नड़ फिल्म ‘मैंगो पच्चा’ एक्शन और क्राइम थ्रिलर पसंद करने वाले दर्शकों के लिए है. फिल्म की कहानी मैसूर की पृष्ठभूमि में सेट है और इसमें किच्चा सुदीप के भतीजे संचित संजीव लीड रोल में नजर आएंगे. काजल कुंदर, मयूर पटेल और उग्रम मंजू भी फिल्म का हिस्सा हैं. यह फिल्म 25 सितंबर को JioHotstar पर हिंदी समेत अन्य भाषाओं में स्ट्रीम होने वाली है.
टॉक्सिक
यश स्टारर ‘टॉक्सिक’ एक गैंगस्टर ड्रामा है, जिसमें एक्शन और क्राइम का भरपूर डोज देखने को मिलता है. फिल्म में कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया और नयनतारा भी अहम भूमिकाओं में हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म 25 सितंबर को ZEE5 पर रिलीज हो सकती है, हालांकि इसकी ओटीटी रिलीज को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. यानी इस हफ्ते साउथ फिल्मों की यह लाइनअप हॉरर से लेकर रोमांस और क्राइम तक, हर तरह के दर्शक को कुछ न कुछ देने वाली है.
ये भी पढ़ें: रिलीज से पहले ही ‘Avengers: Doomsday’ का जलवा, प्री-सेल्स में कर डाली छप्परफाड़ कमाई
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें