Shubham Raja
Date: 06-10-26 16:17
Drishyam 3: अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर रही है. रिलीज के पहले दिन से ही फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला और ओपनिंग वीकेंड में भी इसकी कमाई काफी मजबूत रही. इतना ही नहीं, फिल्म ने पहले सोमवार को भी अच्छी कमाई करते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं.
‘दृश्यम 3’ की कमाई ने अजय देवगन के करियर के साथ-साथ ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी के लिए भी नए रिकॉर्ड बनाए हैं. फिल्म ने कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए हिंदी सिनेमा के बड़े बॉक्स ऑफिस क्लब में अपनी जगह बना ली है. आइए जानते हैं फिल्म के 6 बड़े रिकॉर्ड…
1. अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनर
‘दृश्यम 3’ ने रिलीज के पहले दिन भारत में करीब 62 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इस कमाई के साथ यह अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है.
फिल्म ने अजय की ‘सिंघम अगेन’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. ‘सिंघम अगेन’ ने पहले दिन करीब 43.5 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था.
अजय की बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों में ‘सिंघम रिटर्न्स’, ‘गोलमाल अगेन’ और ‘रेड 2’ भी शामिल हैं. वहीं ‘दृश्यम 3’ अब पूरी ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी की भी सबसे बड़ी ओपनर बन चुकी है.
2. 2026 की दूसरी सबसे बड़ी बॉलीवुड ओपनर
‘दृश्यम 3’ ने साल 2026 की सबसे बड़ी बॉलीवुड ओपनिंग वाली फिल्मों में भी अपनी जगह बना ली है. फिल्म ने पहले दिन दुनियाभर में करीब 95.10 करोड़ रुपये कमाए, जिसमें भारत का नेट कलेक्शन 62 करोड़ रुपये रहा.
इस लिस्ट में ‘दृश्यम 3’ दूसरे नंबर पर है. इससे आगे ‘धुरंधर 2’ है, जिसने रिलीज के पहले दिन दुनियाभर में करीब 226.6 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.
3. सस्पेंस-थ्रिलर फिल्मों में सबसे बड़ी ओपनिंग
‘दृश्यम 3’ ने सस्पेंस और थ्रिलर फिल्मों के मामले में भी नया रिकॉर्ड बनाया है. फिल्म ने पहले दिन 62 करोड़ रुपये कमाकर इस जॉनर की सबसे बड़ी ओपनिंग हासिल की.
इस मामले में फिल्म ने अपनी पिछली फिल्मों ‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ के साथ-साथ ‘रेड 2’ को भी काफी पीछे छोड़ दिया है. इससे साफ है कि दर्शकों के बीच ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी का क्रेज अभी भी बरकरार है.
4. 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड फिल्म
ओपनिंग वीकेंड पर भी ‘दृश्यम 3’ की रफ्तार कम नहीं हुई. फिल्म ने शुरुआती वीकेंड में करीब 176.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया.
इस कमाई के साथ यह 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड वाली बॉलीवुड फिल्म बन गई है. इस लिस्ट में पहले नंबर पर ‘धुरंधर’ है, जिसने चार दिन के एक्सटेंडेड वीकेंड में करीब 466 करोड़ रुपये कमाए थे.
5. सिर्फ 4 दिन में टॉप फिल्मों में शामिल
रिलीज के सिर्फ चार दिनों में ‘दृश्यम 3’ ने करीब 197.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया. इतनी कम समय में बड़ी कमाई के साथ फिल्म 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में छठे नंबर पर पहुंच गई.
फिल्म ने इस दौरान ‘धमाल 4’, ‘आवारापन 2’, ‘टॉक्सिक’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है.
6. अजय देवगन की सबसे बड़ी मंडे कमाई
‘दृश्यम 3’ ने रिलीज के बाद पहले सोमवार को भी शानदार प्रदर्शन किया. फिल्म ने मंडे को करीब 21 करोड़ रुपये कमाए.
इसके साथ ही यह अजय देवगन के करियर की पहले सोमवार सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है. इससे पहले यह रिकॉर्ड ‘सिंघम अगेन’ के नाम था, जिसने पहले सोमवार करीब 19.2 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.
बॉक्स ऑफिस पर जारी है फिल्म की रफ्तार
‘दृश्यम 3’ ने कुछ ही दिनों में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. अजय देवगन की दमदार एक्टिंग और ‘दृश्यम’ की कहानी को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी फिल्म की कमाई में साफ नजर आ रही है. अब देखने वाली बात होगी कि आने वाले दिनों में फिल्म बॉक्स ऑफिस पर और कितने नए रिकॉर्ड बनाती है.
ये भी पढ़ें- ‘I Love You Baby…’, KKK 15 विनर अविनाश मिश्रा ने सबके सामने ईशा सिंह को किया प्रपोज? देखें वायरल वीडियो
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें