पटना के अटल पथ पर रविवार रात एक स्कॉर्पियो ने कई लोगों को कुचल दिया। जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 घायल हैं।
गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि पलटने के बाद हवा में उछलते हुए करीब 80 मीटर दूर जाकर गिरी। इस दौरान सड़क से गुजर रहा एक बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गया।
हादसा पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में महेशनगर के पास हुआ, जहां गाड़ी ने करीब 200 मीटर के दायरे में कई लोगों को कुचला। घायल लोग सड़क किनारे तड़पते दिखे।
दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हुई है, जबकि 4 लोग घायल हुए हैं। रामकृष्ण नगर के रहने वाले अमरजीत कुमार (17), अंकेश कुमार (16) की मौत हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पीएमसीएच ले जाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। गाड़ी एक चक्के पर घुम गई, फिर पलटते हुए काफी दूर तक घसीटाई। रोड में चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे से जुड़ी कुछ फोटोज
सड़क पर तड़पते लोग, कांच के टुकड़े बिखरें
हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी रही। लोग भागते नजर आए। करीब 200 मीटर की दूरी में 5 लोग सड़क किनारे घायल हालत में तड़पते दिखे।
स्थानीय लोगों ने उन्हें उठाने की कोशिश की। वहीं सड़क पर स्कॉर्पियों के कांच के टुकड़े और राहगीरों के सामान बिखरें दिखे।
मेला देखकर घर लौट रहे थे- घायल
पटना के सहयोग अस्पताल के ICU में भर्ती रणवीर कुमार ने बताया कि हम 7 लोग दुर्गा पूजा का मेला देखकर पैदल ही घर लौट रहे थे। तभी स्कॉर्पियो पलटते हुई आई और हमें अपनी चपेट में ले लिया।
सत्येंद्र मिस्त्री ने बताया कि मेरा बेटा दीपक कुमार राज घर से मेला देखने के लिए शाम 6:15 बजे निकला था। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गया। वो 9वीं क्लास का छात्र है। पाटलिपुत्र थाना से रात में 11:45 बजे रात में जानकारी मिली थी।
स्कॉर्पियो पर जेडीयू पार्टी का झंडा
जिस गाड़ी से हादसा हुआ, उस स्कॉर्पियो पर जेडीयू पार्टी का झंडा लगा हुआ था। गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 01 JY 6754 बताया गया है।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में घायलों की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
———–
इसे भी पढ़िए.. 5cr का रिसॉर्ट बनाने की तैयारी में थी महिला SI:10 गुर्गों की गैंग; खाकी की आड़ में शराब तस्करी, वसूली; सिपाही हत्याकांड की इनसाइड स्टोरी
नालंदा में मद्यनिषेध विभाग के ईआईबी सिपाही अजीत कुमार हत्याकांड में नामजद आरोपी सब-इंस्पेक्टर पुष्पा कुमारी राजगीर में करीब 5 करोड़ की लागत से रिसॉर्ट बनाने की तैयारी में थी। भास्कर पड़ताल में दरोगा पुष्पा के पूर्व सहयोगियों ने नाम न छापने के शर्त पर ये दावा किया है। पूरी खबर पढ़ें।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.