राजस्थान के धौलपुर में चाचा और 2 भतीजों की मौत से हड़कंप; घर से 1 KM दूर खेत में मिले शव – Hindustan

राजस्थान के धौलपुर जिले में बुधवार सुबह खेत में चाचा और उसके दो भतीजों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों बच्चों के शव जमीन पर पड़े थे, जबकि 22 साल के चाचा विष्णु का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ था। तीनों मंगलवार को अपनी बहन और बुआ के घर गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। बुधवार सुबह पड़ोस के गांव के एक युवक ने खेत में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर वह बाइक भी मिली, जिससे तीनों घर से निकले थे।

घटना कंचनपुर थाना क्षेत्र के पुरा सिकरौंदा गांव की है। पुलिस प्रथमदृष्टया मामले को हत्या से जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि, मौतों के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस के मुताबिक, तीनों के शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर सरकारी चारागाह भूमि पर मिले। बुधवार सुबह करीब 7 बजे पड़ोस के गांव के एक युवक की नजर शवों पर पड़ी। उसने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विकास सांगवान भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

सीओ ग्रामीण मनोहर लाल मीणा ने बताया कि प्रथमदृष्टया पुलिस मामले को हत्या से जोड़कर देख रही है। तीनों शवों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

विष्णु के पिता शीतोली ने बताया कि मंगलवार सुबह उनका बेटा विष्णु अपनी मां जनक (50) और भतीजों सनी (10) व मानव (8) के साथ बाइक से बहन के घर गया था। गांव से करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित बहन के घर माता पूजन का कार्यक्रम था।

विष्णु की मां जनक बेटी के घर रुक गई थी, जबकि विष्णु दोनों बच्चों को लेकर वापस लौटने के लिए निकला था। परिवार के मुताबिक, बाद में जब जनक से फोन पर बात कर लौटने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि विष्णु और दोनों बच्चे बाइक से घर के लिए निकल चुके हैं। उन्होंने खुद अगले दिन आने की बात कही थी।

परिजनों को उम्मीद थी कि विष्णु दोनों बच्चों को लेकर घर पहुंच जाएगा। लेकिन देर रात तक तीनों नहीं लौटे तो परिवार के लोगों को चिंता होने लगी। उन्होंने रिश्तेदारों को फोन कर जानकारी जुटाई, लेकिन किसी ने भी तीनों के पहुंचने की पुष्टि नहीं की।

थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे विष्णु दोनों बच्चों को लेकर बहन के घर से बाइक पर निकला था। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। बुधवार सुबह तीनों के शव मिलने की सूचना मिली।

विष्णु के पिता शीतोली के अनुसार, विष्णु अपनी बहन के घर जा रहा था। इसी दौरान उसके दोनों भतीजों ने भी बुआ के घर जाने की इच्छा जताई। विष्णु की मां ने भी बेटी के घर जाने की बात कही। इसके बाद चारों एक ही बाइक से रवाना हुए थे।

हालांकि, पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बहन के घर से निकलने के बाद तीनों के साथ क्या हुआ और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटनास्थल पर बाइक मिलने के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्र और अन्य परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है।

तीनों की मौत के बाद पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। एफएसएल टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके।

शव मिलने के बाद बाड़ी विधायक जसवंत सिंह गुर्जर और धौलपुर के पूर्व विधायक बीएल कुशवाह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें समझाइश दी। पुलिस ने तीनों शवों को बाड़ी हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है।

सनी और मानव के पिता संतोष (35) खेती करते हैं, जबकि उनकी मां वीनेश (32) गृहिणी हैं। परिवार में दो बच्चों की मौत और विष्णु का शव फंदे से लटका मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है।

सचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News