Yuvraj Singh
Date: 21-10-26 15:36
Nagaland Police Recruitment 2026: पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नागालैंड में भर्ती का मौका आया है. नागालैंड पुलिस ने कांस्टेबल जीडी के 1,137 पदों पर भर्ती निकाली है. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगे, जबकि आवेदन करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 है. खास बात यह है कि निर्धारित जनजाति श्रेणी के अनुसार 6वीं और 8वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. हालांकि, यह भर्ती केवल नागालैंड की मान्यता प्राप्त नागा जनजातियों के पात्र मूल निवासियों के लिए है.
1,137 पदों पर होगी भर्ती
नागालैंड पुलिस की इस भर्ती में कुल 1,137 कांस्टेबल जीडी पद भरे जाएंगे. इनमें 1,053 पद गुवाहाटी हाई कोर्ट के आदेश के तहत शामिल किए गए हैं, जबकि 84 पद पिछली भर्ती के बैकलॉग से जुड़े हैं. पदों का आवंटन जिला और जनजाति के आधार पर किया गया है, इसलिए उम्मीदवार केवल उसी जिले के लिए आवेदन कर सकेंगे, जिसके लिए वे पात्र हैं. चयनित उम्मीदवारों की शुरुआती तैनाती आईआर बटालियनों में की जाएगी.
शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और सैलरी
इस भर्ती में पिछड़ी नागा जनजातियों के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता छठी पास, जबकि अन्य नागा जनजातियों के लिए आठवीं पास निर्धारित की गई है. उम्मीदवारों की आयु 18 से 37 वर्ष के बीच होनी चाहिए. आयु की गणना 14 अक्टूबर 2026 के आधार पर होगी. मौजूदा कांस्टेबलों और याचिकाकर्ताओं को हाई कोर्ट के आदेश के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी. चयनित कांस्टेबलों को पे लेवल-3 के तहत 5,200 से 20,200 रुपये का वेतनमान और 1,800 रुपये ग्रेड पे दिया जाएगा.
शारीरिक परीक्षा और लिखित परीक्षा से होगा चयन
नागालैंड पुलिस कांस्टेबल भर्ती में चयन के लिए उम्मीदवारों को कई चरणों से गुजरना होगा. शारीरिक मानक और दक्षता परीक्षा में दौड़, पुल-अप्स, हाई जंप और लॉन्ग जंप शामिल होंगे, जिसके लिए 45 अंक निर्धारित हैं. इसके बाद 40 अंकों की वस्तुनिष्ठ प्रकार की लिखित परीक्षा होगी. वहीं, इंटरव्यू और एनसीसी प्रमाणपत्र से जुड़े चरण के लिए 10 अंक निर्धारित किए गए हैं. उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन से पहले भर्ती से संबंधित आधिकारिक अधिसूचना में सभी शर्तों और चयन प्रक्रिया की जानकारी ध्यान से पढ़ लें.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार नागालैंड पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट police.nagaland.gov.in या भर्ती पोर्टल nagalandpolicerecruitment.in पर जाएं. आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद पहले रजिस्ट्रेशन करें और फिर व्यक्तिगत व शैक्षणिक जानकारी भरें. इसके बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करके फॉर्म को अच्छी तरह जांच लें और सबमिट कर दें. अंत में आवेदन का कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रख लें. आवेदन की प्रक्रिया 31 अक्टूबर से शुरू होगी और 30 नवंबर 2026 तक चलेगी.
ये भी पढ़ें: ISRO में सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका! इन पदों पर निकली वैकेंसी, जानिए कौन कर सकता है अप्लाई
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें