Siddharthnagar News: आपातकालीन परिस्थितियों, हवाई हमले जैसी संभावित स्थिति तथा अन्य आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से आज जनपद सिद्धार्थनगर में ब्लैकआउट एवं एयर रेड मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास सायं 6:00 बजे माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज परिसर में होगा। इसके माध्यम से आपातकालीन अलर्ट सिस्टम, सायरन व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट करने, नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा विभिन्न विभागों की राहत एवं बचाव संबंधी तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा।
मॉक ड्रिल के दौरान सायं 6:05 बजे हवाई हमले की काल्पनिक सूचना पर रेड अलर्ट जारी किया जाएगा। इस दौरान दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में चेतावनी सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही निर्धारित अभ्यास क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट की स्थिति उत्पन्न की जाएगी। नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों द्वारा लोगों को सुरक्षित स्थानों एवं निर्धारित आश्रय स्थलों तक पहुंचाने का अभ्यास कराया जाएगा।
इसके पश्चात पुलिस एवं नागरिक सुरक्षा के सहयोग से ड्रोन से उत्पन्न काल्पनिक खतरे से निपटने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया जाएगा। सायं 6:10 बजे खतरे की स्थिति समाप्त होने का संकेत देने के लिए ग्रीन सिग्नल जारी होगा तथा दो मिनट तक तेज एवं निरंतर आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद घटना नियंत्रण अधिकारी द्वारा स्थिति का आकलन कर नागरिक सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को सूचना दी जाएगी।
मॉक ड्रिल के अगले चरण में आग लगने, भवन में व्यक्तियों के फंसने तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास होगा। अग्निशमन विभाग द्वारा सिलेंडर, पेट्रोल एवं अन्य प्रकार की आग बुझाने के तरीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक छोटी आग पर नियंत्रण के लिए फायर एक्सटिंग्विशर का उपयोग करेंगे, जबकि बड़ी आग बुझाने के लिए अग्निशमन विभाग के फायर टेंडर की सहायता ली जाएगी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा घायलों को प्राथमिक उपचार देने, पट्टी बांधने, टूटी हड्डियों पर स्प्लिंट लगाने तथा गंभीर रूप से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित निकालने, क्षतिग्रस्त भवन में फंसे लोगों का रेस्क्यू करने तथा ऊंची इमारतों से घायलों को सुरक्षित नीचे उतारने की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास भी होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सायं 6:30 बजे रेस्क्यू टीमों द्वारा घटनास्थल का नियंत्रण लेकर अग्रिम बचाव कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी।
इस अभ्यास में नागरिक सुरक्षा विभाग, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पुलिस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, होमगार्ड, पीआरडी, नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी, एनएसएस तथा भारत स्काउट एवं गाइड सहित विभिन्न विभागों एवं स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता रहेगी। पुलिस विभाग सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण, होमगार्ड एवं पीआरडी राहत एवं बचाव कार्यों, चिकित्सा विभाग प्राथमिक उपचार एवं एंबुलेंस व्यवस्था तथा अग्निशमन विभाग आग पर नियंत्रण करने की जिम्मेदारी निभाएगा। वहीं एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र एवं स्काउट-गाइड के स्वयंसेवक जन-जागरूकता, नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने तथा राहत कार्यों में सहयोग करेंगे।
अपर जिलाधिकारी एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा डॉ. ज्ञान प्रकाश ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तत्परता, अलर्ट सिस्टम की प्रभावशीलता तथा राहत एवं बचाव कार्यों के बीच समन्वय को परखना है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। समय पर चेतावनी मिलना, नागरिकों का सुरक्षित स्थान पर पहुंचना और विभिन्न विभागों का समन्वित ढंग से कार्य करना जनहानि को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अभ्यास के माध्यम से विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा।
नागरिकों से विशेष अपील: जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि 22 नवंबर को सायं छह बजे बजने वाले सायरन एवं उसके बाद होने वाली ब्लैकआउट की प्रक्रिया से घबराएं नहीं। यह एक पूर्व निर्धारित मॉक ड्रिल है, किसी वास्तविक हवाई हमले अथवा खतरे की सूचना नहीं है। रेड अलर्ट एवं ग्रीन सिग्नल के दौरान प्रदर्शित की जाने वाली गतिविधियां केवल अभ्यास का हिस्सा होंगी। नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अपुष्ट सूचनाओं को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। निर्धारित अभ्यास क्षेत्र में प्रशासन एवं संबंधित विभागों के निर्देशों का पालन करें।मॉक ड्रिल का संदेश है—सतर्कता, तैयारी और समन्वय से ही आपदा के प्रभाव को न्यूनतम किया जा सकता है।
Join us on WhatsApp by scanning this QR code.