Written By Priya Sharma
Edited by: Priya Sharma
ग्रेटर नोएडा में ढकी नंबर प्लेट वाली कार का चालान काटने के बाद ट्रैफिक कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया (Photo- SocialMedia/X)
ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के लिए एक हेड कांस्टेबल ने ढकी नंबर प्लेट वाली कार को रोका और 30 हजार रुपये का चालान काट दिया. लेकिन मामला तब चर्चा में आ गया, जब कार चला रहे युवक ने अपने पिता को फोन कर दिया. युवक के पिता पुलिस इंस्पेक्टर हैं और नॉलेज पार्क कोतवाली के प्रभारी हैं. विवाद के बाद ट्रैफिक कांस्टेबल नकुल को थाने की ड्यूटी से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं.
यह मामला 16 नवंबर की शाम का है. उस समय हेड कांस्टेबल नकुल ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर घंटा चौक पर ट्रैफिक संभाल रहे थे. इसी दौरान यामाहा तिराहे की तरफ से एक हुंडई क्रेटा कार आती दिखाई दी. कार की आगे और पीछे दोनों नंबर प्लेट सफेद कागज से ढकी हुई थीं. नकुल ने कार को रुकवाया और चालक से नीचे उतरने के लिए कहा. हालांकि, चालक बाहर नहीं आया. इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर कार का 30 हजार रुपये का चालान काट दिया.
कार्रवाई से नाराज युवक ने अपने पिता इंस्पेक्टर विनोद कुमार को फोन कर दिया. सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे. वहां एसओजी टीम को भी बुलाया गया. इस दौरान कांस्टेबल ने घटना की जानकारी अपने ट्रैफिक इंस्पेक्टर और ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर को दी. आरोप है कि मौके पर इंस्पेक्टर और कांस्टेबल के बीच कहासुनी हुई.
बाद में कांस्टेबल को डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय बुलाया गया. पूछताछ के बाद उसे थाने की ड्यूटी से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांस्टेबल का वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करने का तरीका ठीक नहीं था और उसने अधिकारियों की बात नहीं मानी.
इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने कांस्टेबल के साथ बदतमीजी करने के आरोपों को बेबुनियाद बताया. उनका कहना है कि कार उनका बेटा लेकर गया था. उनकी पत्नी लंबे समय से बीमार हैं और बेटा अस्पताल से कुछ जरूरी दस्तावेज लेने के लिए निकला था.
डीसीपी ट्रैफिक सैय्यद अली अब्बास के मुताबिक, उन्हें चालान को लेकर इंस्पेक्टर और ट्रैफिक पुलिसकर्मी के बीच विवाद की जानकारी मिली थी. दोनों पक्षों को कार्यालय बुलाकर उनका पक्ष सुना गया. मामले की जांच एडीसीपी ट्रैफिक मनीषा सिंह को सौंपी गई है.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में क्रेटा कार की नंबर प्लेट पर सफेद कागज चिपका दिखाई दे रहा है. वीडियो में एक व्यक्ति नंबर प्लेट ढककर गाड़ी चलाने की बात कहता सुनाई देता है. इस घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि जब ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर चालान काटा गया, तो कार्रवाई करने वाले कांस्टेबल को थाने की ड्यूटी से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया. फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामला साफ होगा .
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।
Follow us :
B.A.G Convergence Limited Film
City, Sector 16A, Noida, Uttar
Pradesh 201301