Feedback
BJP ने रविवार रात अपने सांसदों के लिए अलग-अलग समूहों में डिनर का आयोजन किया है. वहीं, भारत के एक बड़े सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म DIGIT में बड़ी सिक्योरिटी खामी सामने आई है. इन खबरों के अलावा, पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच पाकिस्तान ने अपनी सेना के जवानों को सऊदी अरब भेजने का फैसला किया है. पढ़ें रविवार शाम की बड़ी खबरें
दिल्ली में आज रात 6 जगहों पर BJP का डिनर प्रोग्राम, जुटेंगे दर्जनों सांसद, परिसीमन बिल पर मेगा डिस्कशन!
संसद का सत्र शुरू होने से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी है. सोमवार से संसद की कार्यवाही शुरू होने के मद्देनजर पार्टी ने रविवार रात अपने सांसदों के लिए अलग-अलग समूहों में डिनर का आयोजन किया है. इन डिनर बैठकों की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्रियों को दी गई है.
हूती हमलों के बीच सऊदी अरब पहुंची पाकिस्तानी सेना, क्या मक्का रक्षा समझौते से बनेगा नया सैन्य गठबंधन?
पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच पाकिस्तान ने अपनी सेना के जवानों को सऊदी अरब भेजने का फैसला किया है. यह तैनाती ऐसे समय हुई है, जब यमन के हूती विद्रोहियों के हमलों के कारण सऊदी अरब की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की मौजूदगी में सैनिकों की रवानगी से जुड़ा समारोह हुआ.
फवाद खान-माहिरा की सीरीज पर भारत में लगा ब्रेक, विरोध के बीच नेटफ्लिक्स का बड़ा फैसला
फवाद खान और माहिरा खान की अपकमिंग पाकिस्तानी सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को लेकर छिड़ा विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है. सरकार की 2025 की एडवाइजरी और फिल्म संगठनों के कड़े विरोध के बीच नेटफ्लिक्स ने इस सीरीज को भारत में रिलीज न करने का फैसला किया है. अब इसे प्लेटफॉर्म की अपकमिंग स्लेट में भी नहीं दिखाया जा रहा है.
बांग्लादेश हिंसा में अवामी लीग के कार्यकर्ता की मौत, शेख हसीना की वापसी से पहले बवाल जारी
बांग्लादेश के शरियतपुर में अवामी लीग और BNP के बीच हिंसक झड़प में अवामी लीग के कार्यकर्ता इब्राहिम सिपाही की मौत हो गई. रविवार सुबह प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी, जिससे दक्षिण-पश्चिमी बांग्लादेश को देश के दूसरे हिस्सों से जोड़ने वाले पद्मा पुल पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई. देश के 14 जिलों में हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं.
सस्ती और सेफ होंगी इलेक्ट्रिक कारें! सुजुकी ने EV बैटरी के लिए कर दिया बड़ा ऐलान
जापानी कार निर्माता कंपनी सुजुकी ने जल्द ही ऐसी लिथियम आयरन फॉस्फेट बैटरियों का उत्पादन शुरू करने की योजना बनाई है, जिसके लिए रेयर अर्थ मेटल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. इसके लिए अक्टूबर 2029 की समयसीमा तय की गई है. इस कदम से न सिर्फ इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी सप्लाई बेहतर होगी, बल्कि कच्चे माल के आयात पर निर्भरता भी कम होगी.
परिसीमन बिल पर चंद्रबाबू नायडू ने संभाला मोर्चा, NDA सांसदों को हर हाल में दिल्ली पहुंचने के निर्देश
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार के सपोर्ट में मोर्चा संभाल लिया है. उन्होंने आंध्र प्रदेश से NDA के सभी सांसदों के साथ टेलीकॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की और संसद सत्र की तैयारियों पर चर्चा की. उन्होंने सभी सांसदों को निर्देश दिया कि वे आज शाम तक हर हाल में नई दिल्ली पहुंच जाएं.
सरकारी डेटा पर मंडराया खतरा! DIGIT प्लेटफॉर्म में मिली बड़ी खामी, बिना लॉगिन हैक हो सकता है डेटाबेस
भारत के एक बड़े सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म DIGIT में ऐसी खामी मिली है, जिसका फायदा उठाकर हैकर्स सरकारी डेटाबेस को निशाना बना सकते हैं. इस खामी की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हैकर को सिस्टम में निशाना लगाने के लिए किसी अकाउंट या पासवर्ड की जरूरत नहीं पड़ सकती. यानि बिना लॉगिन किए ही डेटाबेस तक पहुंचने का खतरा है.
युजवेंद्र चहल के बाद मोहम्मद शमी भी बीजेपी में होंगे शामिल? क्रिकेटर ने नितिन नवीन से की मुलाकात
क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने शनिवार देर शाम दिल्ली में BJP अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की. इस दौरान बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद थे. शमी की इस मुलाकात को ऐसे समय में देखा जा रहा है, जब हाल ही में युजवेंद्र चहल BJP में शामिल हुए हैं. इससे पहले 21 सितंबर को शमी की दिल्ली में जयंत चौधरी से मुलाकात हुई थी.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू