Indian Mangoes Air India: गर्मी के साथ ही जब देशभर के आम के बागों में मिठास फैलने लगती है, तब एयर इंडिया अपनी उड़ानों में भारत के फलों के राजा ‘आम’ को दुनियाभर में पहुंचाने के लिए काम कर रही है.
अप्रैल 2025 में एयर इंडिया ने करीब 1,000 टन ताजे भारतीय आम यूरोप, उत्तरी अमेरिका और मध्य पूर्व के कई देशों में भेजे हैं. इन खास और मांग वाले फल को दुनियाभर के आमप्रेमियों तक पहुंचाकर एयर इंडिया ने गर्मियों को और खास बना दिया है.
दुनियाभर में छाया भारतीय आम का स्वाद
न्यूयॉर्क के खास सुपरमार्केट्स से लेकर लंदन के रंग-बिरंगे वीकेंड बाजारों तक, भारतीय आम इस समय हर जगह छाए हुए हैं. आमों की बढ़ती मांग ने इसे एयर इंडिया के सबसे खास सीजनल कार्गो में से एक बना दिया है. टोरंटो, सैन फ्रांसिस्को, फ्रैंकफर्ट, टोक्यो और सिडनी जैसे शहरों में इन मीठे आमों ने लोगों को भारत की गर्मियों का खास स्वाद चखा दिया है.
एयर इंडिया भारत के गांवों के आम किसानों को दुनिया से जोड़ रही है. महाराष्ट्र से भेजे गए हापुस (अल्फांसो) और उत्तर प्रदेश के सफेदा व दशहरी जैसे लोकप्रिय किस्मों को एयर इंडिया 43 शहरों में, 31 देशों और 5 महाद्वीपों तक पहुंचा रही है. इनमें से 75% आम पश्चिमी भारत से आते हैं.
‘कूल कार्गो’: 30,000 फीट पर भी ताजगी बरकरार
ताजे आमों को लंबी यात्रा में भी सुरक्षित और ताजा बनाए रखना कोई आसान काम नहीं है. इसके लिए एयर इंडिया खास तापमान-नियंत्रित (कोल्ड चेन) सुविधाओं का उपयोग करती है. आमों को एयरपोर्ट पर थर्मल ब्लैंकेट्स और कूल डॉलीज में रखा जाता है ताकि वो ताजगी के साथ अपने गंतव्य तक पहुंचें.
एयर इंडिया के हेड ऑफ कार्गो रमेश ममिडाला ने कहा, “हम आमों को उतनी ही सावधानी और सटीकता से संभालते हैं, जैसे किसी कीमती कांच के सामान को. यह सिर्फ एक फल की डिलीवरी नहीं, बल्कि भारत के खेतों से दुनिया के बाजारों तक की एक खूबसूरत कहानी है.”
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.