राजस्थान का श्रीगंगानगर 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ रहा सबसे गर्म
पश्चिमी बंगाल में जंगली हाथी का आतंक, एक ही परिवार के तीन सदस्यों को मारा
कर्नाटक में अप्रैल से अब तक सबसे ज्यादा प्री-मानसून बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक इस हफ्ते दिल्ली के मौसम में बदलाव होने की संभावना है. आईएमडी ने इस पूरे सप्ताह के लिए बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया है. राष्ट्रीय राजधानी में बारिश की उम्मीद है जिससे तापमान में गिरावट आएगी और चल रही गर्मी से राहत मिलेगी. वहीं आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पश्चिमी भारत में अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है. मौसम की खबर के अलावा किसान आंदोलन की बात करें तो किसान संगठन पंजाब सरकार को केंद्र के साथ होने वाली बातचीत में शामिल न करने पर अड़े हुए हैं. उन्होंने शनिवार को एक बार फिर इस बात की अपील केंद्र सरकार से की है. हालांकि केंद्र सरकार ने उनकी इस मांग को खारिज कर दिया है. केंद्र और किसान नेताओं के बीच 4 मई को वार्ता होनी थी जो कि संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा की पंजाब सरकार को लेकर की गई मांग की वजह से रद्द हो गई है.
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने बताया कि शनिवार को राजस्थान के जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जबकि अन्य स्थानों पर मौसम शुष्क रहा. चूरू में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जैसलमेर में 42.7 डिग्री, बीकानेर में 42.5 डिग्री, कोटा में 42.1 डिग्री, फलौदी में 41.4 डिग्री, जयपुर में 40.7 डिग्री, 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग के अनुसार 2 जून से फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है और 2 से 4 जून के बीच तेज आंधी और बारिश की प्रबल संभावना है. अगले 4-5 दिनों तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा.
पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में शनिवार को एक जंगली हाथी ने एक महीने की बच्ची समेत एक परिवार के तीन सदस्यों को मार डाला. एक सीनियर फॉरेस्ट ऑफिसर के अनुसार यह घटना तब हुई जब हाथी पास के जलदापारा नेशनल पार्क से भटककर कुंजानगर इलाके में आ गया. हाथी ने सबसे पहले 31 साल के मनोज दास को कुचलकर मार डाला जब वह जानवर की तुरही सुनकर अपने घर से बाहर निकला था. अधिकारी ने बताया कि जब व्यक्ति की मां 63 साल की माखनरानी दास अपनी एक महीने की पोती मनीषा दास को गोद में लेकर अपने बेटे को बचाने के लिए बाहर निकलीं तो हाथी ने दोनों को अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने वन विभाग से हाथियों के इस तरह के उत्पात को रोकने के लिए कदम उठाने की मांग करते हुए कई घंटों तक फालाकाटा-कुंजानगर रोड को जाम कर दिया. मृतक के परिवार के सदस्य तरुण दास ने कहा क "हाथियों के हमले में पहले भी इसी तरह की मौतें हुई हैं. लेकिन वन विभाग ने कदम उठाने से इनकार कर दिया है. वन अधिकारी ने कहा कि विभाग मानव बस्तियों में आने वाले जंगली हाथियों को भगाने के लिए स्थानीय लोगों को शामिल करते हुए दस्ते बना रहा है और लोगों को किसी भी हाथी के पास न जाने की सलाह दी है.
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के ऑफिस की तरफ से शनिवार को बताया गया कि अप्रैल से राज्य में बहुत ज्यादा प्री-मानसून बारिश के चलते 71 लोगों की जान चली गई. सीएमओ ने एक बयान में कहा कि 2025 में प्री-मानसून बारिश पिछले 125 वर्षों में प्री-मानसून सत्रों और मई के महीने में दर्ज की गई सबसे अधिक बारिश है. राज्य में आम तौर पर मई में 74 मिमी बारिश होती है, लेकिन वास्तविक बारिश 219 मिमी थी, जो औसत सामान्य बारिश से 197 प्रतिशत अधिक है. इसी तरह, 2025 की प्री-मानसून अवधि (1 मार्च से 31 मई) में, राज्य में सामान्य रूप से 115 मिमी बारिश होती है, लेकिन वास्तविक बारिश 286 मिमी थी, जो औसत सामान्य बारिश से 149 प्रतिशत अधिक है.
Copyright©2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
न्यूज़
स्कीम
मेन्यू
Add Kisan Tak to Home Screen