Feedback
दिल्ली में किसानों की आज महारैली है. ये प्रदर्शन भारत अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में हो रहा. दिल्ली पुलिस ने इसको ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. वहीं, सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन टनल के बाहर हुए लैंडस्लाइड हादसे में अब तक सात मजदूरों की मौत हुई. इन खबरों के अलावा, उत्तर प्रदेश में फिर मॉनसून एक्टिव हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश होने का रेड अलर्ट जारी किया. पढ़ें मंगलवार सुबह की बड़ी खबरें.
दिल्ली में आज किसानों की महारैली, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, इन रास्तों पर जाने से बचें
दिल्ली के किसान घाट पर विरोध प्रदर्शन को देखते हुए ट्रैफ़िक पुलिस ने एडवाइज़री जारी की है. सुबह 8:30 से ट्रैफ़िक प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं. सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड और राजघाट डीटीसी डिपो रोड से बचने की सलाह दी गई है. किसानों का ये प्रदर्शन भारत अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में है.
सिक्किम लैंडस्लाइड में 7 की मौत, मीथेन ब्लास्ट के बाद सुरंग में फंसे थे 27 मजदूर
सिक्किम के नामची में एक निर्माणाधीन टनल के बाहर भूस्खलन के बाद करीब 27 मजदूर अंदर फंस गए. घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. जिला प्रशासन ने 7 लोगों की मौत की पुष्टि की है. शवों को सिंगतम जिला अस्पताल, STNM अस्पताल और नामची जिला अस्पताल ले जाया गया है. टनल में मीथेन गैस होने की आशंका से बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है.
UP Weather Today: यूपी में मानसून का ‘रेड अलर्ट’, इन जिलों में मूसलाधार बारिश का खतरा, IMD ने जारी की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में मॉनसून फिर एक्टिव हो गया है. IMD ने कई ज़िलों के लिए रेड अलर्ट जारी कर अगले 24 घंटों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है. बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत समेत कई ज़िलों में भारी से बेहद भारी बारिश के आसार हैं. लगातार बारिश से तापमान गिरेगा, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी.
CJP प्रोटेस्ट के दौरान झड़प में कई सीनियर अफसरों समेत 118 पुलिसकर्मी चोटिल, दिल्ली पुलिस का दावा
नीट पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने सोमवार को ‘संसद चलो’ मार्च निकाला. जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान दिल्ली पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी देखने को मिली. दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस दौरान 118 से अधिक पुलिसकर्मी चोटिल हुए, जिनमें कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं.
मुंबई की स्पेशल कोर्ट का बड़ा फैसला, 44 सोमालियाई समुद्री लुटेरों को उम्रकैद
मुंबई की स्पेशल कोर्ट ने दो मामलों में 44 सोमालियाई नागरिकों को उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई है. सभी पर समुद्र में जहाज़ अगवा करने, लोगों को बंधक बनाने और भारतीय नौसेना के जवानों पर हमला करने के आरोप साबित हुए. कोर्ट ने नौसेना की जांबाज़ी की भी सराहना की. सुनवाई के दौरान सभी 44 आरोपियों ने अपने गुनाह क़बूल कर लिए थे.
हिमाचल: लाहौल-स्पीति में कुदरत का कहर, खांगसर और शुगू में बादल फटने से तबाही, खेतों में घुसा मलबा, मटर-गोभी की फसलें पूरी तरह तबाह
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में खराब मौसम के बीच खांगसर और शुगू गाँव की पहाड़ियों पर बादल फटने से भारी तबाही हुई. पानी और मलबे से स्थानीय नाले उफान पर आ गए, जिससे खेत, कृषि भूमि और रास्ते प्रभावित हुए. नक़दी फ़सलों को भारी नुक़सान पहुँचा है. सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुँचकर राहत कार्य में जुट गईं.
यूक्रेन के पास हमले में 4 भारतीयों की मौत, जहाज MV Golden पर मिसाइल अटैक
यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से निकलते समय एम वी गोल्डन लियो जहाज़ पर हुए हमले में चार भारतीय क्रू मेंबर्स की मौत हो गई, जबकि एक भारतीय गंभीर रूप से घायल है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस घटना की पुष्टि की है. यूक्रेन ने दावा किया है कि ये हमला रूस की मिसाइलों से हुआ. जहाज़ पर कुल सत्रह क्रू सदस्य थे, जिनमें पांच भारतीय शामिल थे.
ब्रिटेन के नए पीएम बने एंडी बर्नहैम, स्थिरता और एकता के वादे के साथ संभाली सत्ता
ब्रिटेन में सत्ता परिवर्तन के तहत लेबर पार्टी के नेता एंडी बर्नहैम ने नए प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया. किंग चार्ल्स तृतीय ने 56 वर्षीय बर्नहैम को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया. कीर स्टार्मर के इस्तीफ़े के बाद सत्ता का औपचारिक हस्तांतरण पूरा हुआ. बर्नहैम ने देश में ‘स्थिर और ज़िम्मेदार राजनीति’ का वादा किया.
राजस्थान में फिर मेहरबान होगा मानसून! 24 जिलों में 3 दिन भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’, बंगाल की खाड़ी से आ रहीं मानसूनी हवाएं
मौसम विभाग ने राजस्थान के 24 ज़िलों में अगले तीन दिनों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में तेज़ हवाओं, मेघगर्जन और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. बीते 24 घंटों में झुंझुनूं, सीकर, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, करौली, बूंदी और अजमेर में बारिश हुई. करौली जिले के टोडाभीम में सर्वाधिक 33 मिमी बारिश दर्ज की गई.
देहरादून-मसूरी रोड बंद, दरारें आने के बाद वाहनों की आवाजाही पर लगाई गई रोक
लगातार भारी बारिश के बाद देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग का ‘पानी वाला बैंड’ के पास हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है. सड़क में दरारें आने से हादसे का ख़तरा बढ़ गया. एहतियातन प्रशासन ने अगले आदेश तक सभी तरह के वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है. लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू