Bihar News LIVE: पटना में 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड, नीतीश से मिले सम्राट, इंजीनियर के यहां रेड – Hindustan

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात की
Bihar News LIVE: पटना एसएसपी ने फुलवारीशरीफ के 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इन पर स्मैक तस्कर को मोटी रकम लेकर पीआर बॉन्ड पर रिहा करने का आरोप है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली से आज पटना पहुंचे और जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात की। आरजेडी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन का प्रतिनिधिमंडल ने विधान परिषद के कार्यकारी सभापति रामवचन राय को ज्ञापन सौंपकर निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की सदस्यता रद्द करने की मांग की है। दोनों के भाजपा का समर्थन करने पर एनडीए में भी घमासान मचा है, जेडीयू ने कल इस पर चर्चा के लिए अहम बैठक बुलाई है। सहरसा में तैनात पथ निर्माण विभाग के अक्षीक्षण अभियंता विजय कुमार के ठिकानों पर विशेष निगरानी इकाई की छापेमारी चल रही है। एसवीयू ने इंजीनियर के सहरसा, पटना और औरंगाबाद स्थित ठिकानों पर दबिश दी है।

Bihar News LIVE: छठ पर भागलपुर, जमालपुर होकर मालदा से दिल्ली के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
छठ महापर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे मालदा टाउन और दिल्ली के शकूरबस्ती के बीच एक फेरा पूजा स्पेशल ट्रेन चलाएगा। ट्रेन नंबर 03439 मालदा टाउन-शकूरबस्ती स्पेशल 10 नवंबर मंगलवार को सुबह 10 बजे मालदा टाउन से रवाना होगी और अगले दिन शाम पांच बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 03440 शकूरबस्ती-मालदा टाउन स्पेशल 11 नवंबर बुधवार को शाम 6:50 बजे शकूरबस्ती से खुलेगी और तीसरे दिन रात 1:45 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर सहित कई स्टेशनों पर होगा।
Bihar News LIVE: बंशीधर और राहुल की शिकायत लेकर कार्यकारी सभापति के पास पहुंचा विपक्ष
इंडिया गठबंधन ने दोनों निर्वाचित एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज को अयोग्य ठहराने के लिए विधान परिषद कार्यकारी सभापति रामवचन राय को ज्ञापन सौंपा है। राजद प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दकी के नेतृत्व में प्रतिनिमण्डल ने सभापति से मुलाकात की। कहा कि दोनों एमएलसी ने निर्दलीय चुनाव जीतकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। इसलिए दल बदल कानून के तहत इनकी सदस्यता समाप्त की जाय। ज्ञापन देने वालों में शशि यादव, सुनील सिंह, शक्ति यादव शामिल रहे।
पूरी खबर पढ़ें
Bihar News LIVE: पटना एसएसपी ने फुलवारीशरीफ के 8 पुलिस वालों को सस्पेंड किया
पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने फुलवारीशरीफ के 8 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। इन पर स्मैक के साथ पकड़े गए दो लोगों को मोटी रकम लेकर पीआर बॉन्ड पर छोड़ने का आरोप है। पैसे के लेन-देन को लेकर पुलिसकर्मियों में कहासुनी हुई थी। वरीय अधिकारियों को सूचना दिए बिना ही दोनों आरोपियों को पुलिसकर्मियों ने छोड़ दिया था। एसएसपी के पास मामला पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। सस्पेंड होने वालों में एसआई दिवाकर प्रसाद, नारद मुनि सिंह, रितेश कुमार एवं पवन कुमार, पीएसआई आकाश कुमार, पीटीसी जवान साबिर आलम, सिपाही आनंद राज एवं शुभम कुमार शामिल हैं।
Bihar News LIVE: मुजफ्फरपुर में प्रिंटिंग प्रेस व्यवसायी एवं समाजसेवी अजय पटेल के निधन से शोक की लहर
मुजफ्फरपुर शहर के प्रतिष्ठित प्रिंटिंग प्रेस व्यवसायी एवं समाजसेवी अजय पटेल (उम्र लगभग 75 वर्ष) का बुधवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार, मित्रों, परिचितों एवं शुभचिंतकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। अजय पटेल पिछले लगभग 50 वर्षों से दुर्गा प्रेस का संचालन कर रहे थे। अपने लंबे व्यावसायिक जीवन में उन्होंने मुजफ्फरपुर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी। व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी गहरी रुचि थी। 2000 में उन्होंने वार्ड सदस्य का चुनाव भी लड़ा था।
Bihar News LIVE: भभुआ में हेरोइन के साथ महिला तस्कर अरेस्ट
Bihar News LIVE: भभुआ थाने की पुलिस ने 77.82 ग्राम हेरोइन के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला भभुआ थाना क्षेत्र के सिकठी गांव की रहनेवाली है। पुलिस का कहना है कि बरामद हेरोइन का मूल्य करीब 30 लाख रुपया होगा।
Bihar News LIVE: नीतीश कुमार से मिल एक्स पर क्या बोले सम्राट चौधरी
Bihar News LIVE: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा वर्षों से उठाई जा रही गाद नीति की मांग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है। यह निर्णय बिहार के जल प्रबंधन, बाढ़ नियंत्रण और समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह डबल इंजन सरकार की बिहार के विकास और जनकल्याण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है।
साथ ही संगठित अपराध के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को लेकर राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बिहार की जनता की ओर से प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री का हार्दिक आभार एवं अभिनंदन।
Bihar News LIVE: दीपावली और छठ पर्व को लेकर चान्दन थाना परिसर में होगी शांति समिति की बैठक
Bihar News LIVE: दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बांका जिले के चान्दन थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष करेंगे। इसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न समुदायों के लोगों के शामिल होने की संभावना है। बैठक में दीपावली और छठ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
साथ ही पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में आम लोगों की सहभागिता पर भी चर्चा होगी। पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जाएगी कि वे त्योहारों को आपसी प्रेम, सद्भाव और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। बैठक में संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा अफवाहों से बचने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
Bihar News LIVE: पथ निर्माण विभाग के इंजीनियर के ठिकानों पर रेड
Bihar News LIVE: विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। सहरसा में तैनात विजय कुमार पर आय से अधिक संपत्ति मामले में यह कार्रवाई हो रही है। एसवीयू की टीम अभियंता के सहरसा स्थित कार्यालय व आवास, दानापुर के गोला रोड, पटना के महेश नगर और गृह जिला औरंगाबाद के दाऊदनगर स्थित परिसरों की जांच कर रही है। छापेमारी में अब तक लगभग 10 लाख रुपये नकद बरामद होने की सूचना है।
Bihar News LIVE: पुटा चुनाव में 12 बजे तक 36 प्रतिशत मतदान
Bihar News LIVE: पुटा चुनाव में सुबह 10 बजे से वोटिंग शुरू हूई थी। 12 बजे तक कुल 419 मतदाताओं में से 152 मतदाताओं ने मतदान किया। मतदान की प्रक्रिया 3: 30 बजे तक चलेगी। एक्जीक्यूटिव सदस्य के 19 पदों के लिए 23 उम्मीदवारों में से 16 की निर्विरोध जीत हुई है। वोटिंग खत्म होने के एक घंटे बाद वोटों की गिनती शुरू होगी।
Bihar News LIVE: टेंडर घोटाले में ईडी के सामने पेश हुए IAS योगेश कुमार
Bihar News LIVE: बिहार के चर्चित टेंडर घोटाला मामले में आईएएस अधिकारी योगेश कुमार सागर बुधवार को ईडी पटना कार्यालय में अपना पक्ष रखने पहुंचे हैं। ईडी ने उनको नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया था। 2017 बैच के आईएएस योगेश कुमार सागर पर स्वयं के साथ अपने परिवार के आठ सदस्य को रिशु श्री की कंपनी के खर्च पर ऑस्ट्रिया की यात्रा करने का आरोप है।
Bihar News LIVE: नदियों से चार लाख क्यूबिक मीटर गाद निकलेगा- सम्राट चौधरी
Bihar News LIVE: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि बिहार की नदियों से चार लाख क्यूबिक मीटर गाद निकलेगा। इसको लेकर बिहार सरकार और केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्रालय के बीच करार हुआ है। नदियों से गाद निकलने से नदियों में जलधारण क्षमता और जल प्रभाव बढ़ेगा। साथ ही खेतों की मिट्टी की कटाई रुकेगी। मुख्यमंत्री बुधवार को पटना में नीतीश कुमार से मुलाकात करने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।
Bihar News LIVE: नीतीश से मिले सम्राट
Bihar News LIVE: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व सीएम औऱ जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री दिल्ली के तीन दिवसीय दौरे के बाद मंगलवार की रात पटना लौटे हैं। इसके बाद बुधवार की सुबह वह नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे हैं। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे।
Bihar News LIVE: संजय झा ने असम के सीएम को लिट्टी-चोखा का दिया न्योता
Bihar News LIVE: जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने बिहार के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने के लिए असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को आमंत्रित किया है। उन्हें बिहार के मशहूर सत्तू पराठा, लिट्टी-चोखा, ठेकुआ और खाजा के साथ मिथिला के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेने का न्योता दिया है। साथ ही, उन्हें मिथिला हाट आने और वहां स्थित भंसाघर में मिथिला के स्थानीय व्यंजनों का आनंद लेने के लिए आमंत्रित किया है।
Bihar News LIVE: नशामुक्त बिहार अभियान के तहत ड्रोन के माध्यम से सघन छापेमारी
Bihar News LIVE: पूर्णिया जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान तथा नशामुक्त बिहार अभियान के तहत मद्य निषेध विभाग पूर्णिया द्वारा ड्रोन के माध्यम से विभिन्न चिह्नित स्थलों पर सघन छापेमारी एवं निगरानी अभियान चलाया गया। अभियान के तहत थाना कसबा क्षेत्र अंतर्गत कजरा, संथाली टोला, सिंघिया, बनेडीह, बनैली पूर्वी मुसहरी सहित विभिन्न संदिग्ध स्थलों पर ड्रोन के माध्यम से सघन छायांकन एवं निगरानी की गई।
इस दौरान अवैध रूप से संचालित चुलाई शराब निर्माण से संबंधित गतिविधियों का पता लगाते हुए चुलाई शराब एवं जावा गुड़-महुआ बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए विनष्ट कर दिया गया। मद्य निषेध विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार छापेमारी एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना प्रशासन को दें।
Bihar News LIVE: नालंदा में भीषण सड़क हादसा, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत, दो की हालत गंभीर
Bihar News LIVE: नेपाल में एख सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत हो गई है। यहां एक ही बाइक पर सवार होकर पांच युवक निकले थे। त्योहार के मौसम में जिस घर में खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां अब मातम पसरा है। सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत से परिवार की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। हादसे में एक ही परिवार के दोनों बेटों की जान चली गई, जबकि दो अन्य किशोर गंभीर रूप से जख्मी हैं। घटना हरनौत थाना क्षेत्र के बाजार स्थित एनएच-20 पर हुई।
मृतकों में गोनावां रोड, हरनौत निवासी प्रदीप कुमार जायसवाल के 15 वर्षीय पुत्र अभिमन्यु कुमार जायसवाल और 12 वर्षीय पुत्र अनीश कुमार शामिल हैं। अभिमन्यु नौवीं कक्षा का छात्र था, जबकि अनीश छठी कक्षा में पढ़ता था। तीसरे मृतक की पहचान साबनहुआडीह निवासी 19 वर्षीय गौतम कुमार के रूप में हुई है। वह प्रदीप कुमार जायसवाल की किराना दुकान में काम करता था।
बताया जाता है कि देर रात सभी ने घर में खाना खाया था। इसके बाद पांचों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर घूमने और मोबाइल से रील बनाने के लिए निकले थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक जानवर सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य जख्मी हो गए। घायलों का इलाज चल रहा है।
Bihar News LIVE: भाजपा की पद यात्रा आज, असम के सीएम होंगे शामिल
Bihar News LIVE: पूर्णिया जिले में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत बुधवार को पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। पदयात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा शामिल होंगे। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, जिला के प्रभारी सह आपदा मंत्री रत्नेश सादा भी शामिल होंगे। पद यात्रा रजनी चौक से आरएन साव चौक तक होगी। इस दौरान भट्ठा बाजार में चार घंटे आवाजाही बंद रहेगी। सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम हैं।
Bihar News LIVE: पीएमसीएच : रैगिंग में सात छात्र दो माह के लिए निलंबित
Bihar News LIVE: पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में नए बैच के मेडिकल छात्रों के साथ रैगिंग का मामला सामने आया है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के आदेश पर पीएमसीएच की प्राचार्य ने रैगिंग के आरोप में सात छात्रों को दो माह के लिए निलंबित कर दिया है। ये सभी वर्ष 2024 और 2025 बैच के छात्र हैं। निलंबन के दौरान उन्हें दो महीने तक कक्षाओं में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। निलंबित छात्रों में चितरंजन कुमार, आर्यन राज, सोनू निगम, मो. हसनैन, ध्रुव पटेल, रितेश कुमार सिंह और सौरव कुमार शामिल हैं।
एनएमसी ने इन सभी छात्रों के नाम कॉलेज प्रशासन को भेजे थे। बता दें कि वर्ष 2026 बैच के कई छात्रों ने ईमेल के माध्यम से एनएमसी से रैगिंग की शिकायत की थी। इसके बाद एनएमसी ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि और प्राचार्य डॉ. गीता सिन्हा को जानकारी दी। साथ ही आरोपित छात्रों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद मंगलवार को सभी सात छात्रों को निलंबित करने का आदेश जारी किया गया। सीनियर छात्र पढ़ाई में मदद व नोटबुक उपलब्ध कराने का प्रलोभन देकर जूनियर को छात्रावास में बुलाते थे।
Bihar News LIVE: राज्य में नमी के कारण धान खरीद की धीमी शुरुआत
Bihar News LIVE: उत्तर बिहार के 19 जिलों में एक नवंबर से धान की खरीद शुरू हो गई है। हालांकि नमी के कारण धान खरीद की धीमी शुरुआत हुई है। तीन दिनों में 200 किसानों से 846 टन धान की खरीद हुई है। सीतामढ़ी में सबसे अधिक 22 किसानों से 160 टन, जबकि अररिया में सबसे कम एक किसान से एक टन धान की खरीद हुई है। पैक्स और व्यापारमंडल के साथ ही भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के माध्यम से धान की खरीद हो रही है। खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत भारत सरकार द्वारा सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) प्रति क्विंटल 2,441 रुपये और ग्रेड-ए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,461 प्रति प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
किसानों से धान खरीद के 48 घंटे के अंदर भुगतान सुनिश्चित कराने का दावा किया गया है, लेकिन किसानों को राशि भुगतान में एक सप्ताह तक का समय लग जाता है। दक्षिण बिहार के 19 जिलों में 15 नवंबर से धान खरीद शुरू होगी। राज्य में धान खराीद 31 मार्च 2027 तक होगी। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से जिलों के लिए धान खरीद का लक्ष्य दिया जाना है, लेकिन अभी तक लक्ष्य नहीं मिला है। हालांकि सहकारिता विभाग ने पिछले साल मिले कुल लक्ष्य का 75 फीसदी लक्ष्य मान कर तत्काल धान खरीद शुरू करने का निर्देश दिया है। धान खरीद के लिए अब तक विभिन्न जिलों में 3114 पैक्स और व्यापारमंडल का चयन किया गया है। हालांकि अब तक 15 जिलों में एक भी पैक्स और व्यापारमंडल का चयन नहीं हो सका है।
Bihar News LIVE: करार: नदियों की गाद से बिहार में बनेंगे राजमार्ग
Bihar News LIVE: नदियों और जलाशयों की गाद का उपयोग बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण में होगा। इसको लेकर मंगलवार को नई दिल्ली में बिहार सरकार और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के बीच ‘नदी संजीवनी’ कार्यक्रम के तहत समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में हुए करार के तहत 243 लाख क्यूबिक मीटर मुफ्त गाद का उपयोग 16 चालू राजमार्ग परियोजनाओं में किया जाएगा। समझौते का उद्देश्य बिहार की नदियों एवं अन्य जलस्रोतों में जमी गाद का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन, गाद हटाकर नदियों का पुनर्जीवन व गाद का उपयोग एनएच एवं अन्य सड़क निर्माण में करना है। गाद को सड़क निर्माण की वैकल्पिक सामग्री के रूप में उपयोग किया जाएगा। इसके लिए एनएचएआई को बिहार सरकार खनन लाइसेंस उपलब्ध कराने में सहयोग करेगी। समझौते के तहत पथ निर्माण विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया है। एक राज्यस्तरीय समन्वय समिति भी गठित होगी।
यह समझौता बिहार जल स्रोत जीर्णोद्धार एवं गाद (सिल्ट) प्रबंधन नीति, 2026 के तहत किया गया है। इससे नदियों की जलधारण एवं जलप्रवाह क्षमता में भी सुधार होगा। इससे गाद का उपयोगी संसाधन के रूप में इस्तेमाल होगा और सड़क निर्माण को भी गति मिलेगी। सीएम ने कहा कि बिहार देश का पहला राज्य है, जिसने गाद (सिल्ट) नीति बनाई है। बिहार की दो प्रमुख चुनौतियां- अधिक आबादी और अनियंत्रित जल प्रवाह, अब विकास की ताकत बनेंगी। नदियों से गाद हटाने और पुनरुद्धार से बाढ़ के प्रभाव को कम करने तथा जल प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। गडकरी ने कहा कि ‘नदी संजीवनी’ कार्यक्रम के तहत महाराष्ट्र के सफल बुलढाणा मॉडल की तर्ज पर बिहार की नदियों से गाद निकाली जाएगी।
Bihar News LIVE: बिहार में मुरासु चक्रवात का खास असर नहीं
Bihar News LIVE: बंगाल की खाड़ी में उठा मुरासु चक्रवात बिहार के मौसम को सीधे तौर पर प्रभावित नहीं करेगा। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि इसका बिहार पर कोई खास असर नहीं होगा, लेकिन यह हवा के पैटर्न को आंशिक रूप से प्रभावित जरूर करेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पिछले दिनों प्रभाव हुए अर्नब और फिलवक्त मुरासु के कारण पछुआ हवा को सूबे में अपना प्रभाव बनाने में अधिक समय लगेगा। हफ्ते भर में दो चक्रवातों के सक्रिय होने से ठंड की दस्तक में आंशिक देरी हो रही है। इधर, हफ्ते भर की तेजी के बाद प्रदेश में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट का दौर शुरू हो गया है। तापमान गिरने से लोगों को सुबह और रात के वक्त हल्की ठंड का एहसास हो रहा है।..और पढ़ें
लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News