CG Crime News: साइबर ठगी का शातिर खेल: ऑनलाइन दवा मंगाना पड़ा भारी, रिटायर्ड अधिकारी की पत्नी के खातों से … – NPG News

सरगुजा। 17 नवंबर 2026| छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में साइबर ठगों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे अब बुजुर्ग और वरिष्ठ नागरिकों को भी अपनी ठगी का आसान शिकार बना रहे हैं। शहर के पॉश इलाके बाबूपारा निवासी आदिम जाति कल्याण विभाग के सेवानिवृत्त अधीक्षक दीपन चक्रवर्ती की धर्मपत्नी पूर्णिमा चक्रवर्ती के साथ एक शातिर ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
साइबर ठगों ने बेहद शातिर तरीके से बातचीत के जाल में उलझाकर उनके दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 1,44,300 रुपये पार कर लिए। इस सनसनीखेज घटना के बाद पीड़ित बुजुर्ग दंपती ने साइबर थाने के साथ-साथ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर अपनी गाढ़ी कमाई की रकम वापस दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गूगल सर्च से जुड़ा ठगी का यह पूरा ताना-बाना
अंबिकापुर के बाबूपारा निवासी पूर्णिमा चक्रवर्ती का सदर रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और रामानुजगंज रोड स्थित एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) में खाता है। वृद्धावस्था और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण उन्होंने घर बैठे ऑनलाइन दवाइयां मंगाने का फैसला किया और इसके लिए गूगल पर सर्च इंजन का सहारा लिया। बस, यही एक छोटी सी चूक साइबर ठगों के रडार पर आ गई।
गूगल पर मौजूद फर्जी नंबरों या लिंक्स के जरिए ठगों ने तुरंत उनसे संपर्क साधा और दवा का ऑर्डर बुक करने का झांसा दिया। दवा मंगाने की इस पूरी प्रक्रिया के दौरान ठगों ने बड़ी चालाकी से महिला से उनकी बैंकिंग और एटीएम से जुड़ी महत्वपूर्ण गोपनीय जानकारियां हासिल कर लीं।
खुद को शुभचिंतक बताकर दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित सीनियर सिटीजन पूर्णिमा चक्रवर्ती को शुरुआत में जरा भी आभास नहीं हुआ कि फोन पर बात करने वाला शख्स कोई साइबर ठग है। आरोपी इतने शातिर ढंग से और पूरे अपनापन व आत्मीयता के भाव से बातचीत कर रहा था कि महिला उसके झांसे में पूरी तरह फंस गईं। ठग ने जो-जो जानकारी मांगी, उन्होंने बेझिझक बताती गईं। हद तो तब हो गई जब ओटीपी (OTP) की जानकारी लेने के बाद उस ठग ने उल्टे बुजुर्ग महिला को यह सलाह तक दे डाली कि “माताजी! अपना ओटीपी कभी किसी को नहीं बताना चाहिए।” यानी ठगी करने वाला खुद ही उन्हें नसीहत दे रहा था।
कुछ ही मिनटों में खातों से साफ हो गई रकम
ठग द्वारा सारी गोपनीय जानकारी और ओटीपी हासिल करने के कुछ ही पलों के भीतर, स्टेट बैंक खाते से 1,00,000 रुपये और एचडीएफसी बैंक खाते से 44,300 रुपये अनाधिकृत रूप से दूसरे खातों में ट्रांसफर कर लिए गए। इस तरह पलक झपकते ही कुल 1,44,300 रुपये की बड़ी चपत लग गई।
दूसरी बार हुए ठगी के शिकार
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस साइबर ठगी का शिकार यह दंपती पहली बार नहीं हुआ है। इससे कुछ समय पहले ही खुद सेवानिवृत्त अधीक्षक दीपन चक्रवर्ती से भी साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से 70 हजार रुपये की ठगी कर ली थी।
राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News