कोरबा। 03 नवंबर 2026| 8 लाख रुपये सैलरी एडवांस दिलाने का भरोसा दिलाकर साइबर ठगों ने सशस्त्र बल के एक जवान को 8.50 लाख रुपये की चपत लगा दी। जालसाज ने पहले एडवांस स्वीकृत होने की बात कही और फिर खाते में गलती से 10 लाख रुपये भेजे जाने का झांसा देकर पूरी रकम वापस कराने के नाम पर दो अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करा लिए। जवान के खाते में वास्तव में कोई रकम आई ही नहीं थी। ठगी का एहसास तब हुआ, जब आरोपी ने और पैसे जमा करने की मांग की।
पढ़िए क्या है मामला?
पीड़ित रथराम सिदार (49) 11वीं वाहिनी, सी-कंपनी, कोरबा में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ है। घरेलू जरूरतों के लिए करीब 8 लाख रुपये की जरुरत थी। इसी दौरान 29 अक्टूबर को एक मित्र के माध्यम से उन्हें सैलरी एडवांस की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने एक सैलरी एडवांस ऐप के जरिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू की।
इसी दौरान ऐप के कस्टमर केयर से चंदन कुमार नाम के व्यक्ति ने संपर्क किया और 8 लाख रुपये का एडवांस स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद जालसाज ने नया झांसा दिया। उसने बताया कि तकनीकी गलती से जवान के खाते में 10 लाख रुपये भेज दिए गए हैं, जबकि स्वीकृति 8 लाख रुपये की हुई थी।
ठग ने जवान से अतिरिक्त दो लाख रुपये सहित पूरी रकम वापस करने को कहा। साथ ही भरोसा दिलाया कि रकम लौटाने के बाद 8 लाख रुपये का नया आवेदन स्वीकृत कर दिया जाएगा। जालसाज ने यह भी कहा कि तकनीकी समस्या के कारण खाते में जमा राशि दिखाई नहीं दे रही है।
उसकी बातों पर विश्वास कर रथराम ने 29 अक्टूबर को दोपहर 12.59 बजे यस बैंक के एक खाते में चार लाख 50 हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद दोपहर 3.39 बजे करूर वैश्य बैंक में मोहमद मोसिन के खाते में चार लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से जमा करा दिए। इस तरह उन्होंने कुल आठ लाख 50 हजार रुपये जालसाज के बताए खातों में स्थानांतरित कर दिए।
रकम भेजने के बाद भी जब जालसाज ने और पैसे जमा करने को कहा, तब रथराम को संदेह हुआ। जांच करने पर पता चला कि उनके खाते में 10 लाख रुपये आने की बात पूरी तरह झूठी थी। इसके बाद उन्होंने साइबर अपराध हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।