कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है. दिल्ली पुलिस ने इस दौरान सीजेपी के 7000 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है. यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी हिरासत में लिया गया है. पुलिस लगातार ड्रोन से कई इलाकों पर नजर रख रही है. जंतर-मंतर और इसके आसपास भारी पुलिसफोर्स तैनात है. प्रदर्शन को देखते हुए सरकार अलर्ट है. दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें कैंसिल हैं. वहीं कई मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिए गए हैं.
शनिवार सुबह ही कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फाउंडर अभिजीत दिपके और प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (आईजीआई) एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया गया था, जब वे प्रदर्शन से पहले पहुंचे थे. दिल्ली पुलिस के जवान आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद उस विमान के अंदर गए और तीनों को हिरासत में ले लिया. सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में दिपके पुलिस से कहते हुए सुने गए, मैं यहां गिरफ्तार होने के लिए आया हूं, मुझे गिरफ्तार करो.
ममता भी हुईं गिरफ्तार
साथ ही पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ ने हिरासत में लिया है. वह मुंह पर बैंड-ऐड लगाकर विरोध-प्रदर्शन कर रही थीं. टीएमसी के हवाले से यह जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी ने विरोध के तौर पर अपने मुंह पर बैंड-ऐड चिपका रखा था.
दिपके ने रात में की थी अपील
अभिजीत दिपके ने देर रात जारी एक वीडियो मैसेज में कहा कि शनिवार को दिल्ली में होने वाला प्रदर्शन उनके हिरासत में लिए जाने की स्थिति में भी नहीं रुकना चाहिए. दिपके ने कहा, ‘कल हमारा मार्च है. मुझे नहीं पता कि मेरे साथ क्या होगा, मुझे हवाईअड्डे से ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा या बाद में गिरफ्तार किया जाएगा. लेकिन मैं झुकने वाला नहीं हूं, क्योंकि हम देश में लोकतंत्र को बचाना चाहते हैं. हिरासत में लिए जाने पर भी मुझे डर नहीं है. सरकार हम पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) या गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) लगा सकती है.’
पुलिस की कड़ी नाकेबंदी
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को कई अहम रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने की घोषणा की है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें नई दिल्ली या मध्य दिल्ली के रास्ते रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी या हवाई अड्डे जाना है तो अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें.
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह 6 बजे से स्थिति के अनुसार कई प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा. इनमें आउटर सर्किल कनॉट प्लेस-बाराखंबा रोड टी-पॉइंट, गोल डाकखाना गोलचक्कर, पटेल चौक गोलचक्कर, जय सिंह रोड-अशोका रोड टी-पॉइंट, आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर और आउटर सर्किल कनॉट प्लेस-संसद मार्ग टी-पॉइंट शामिल हैं.
दिल्ली पुलिस ने शनिवार की शाम कहा कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों को रिहा कर दिया गया है. हालांकि, सीजेपी नेताओं को अभी नहीं रिहा किया गया, क्योंकि कानूनी कानूनी प्रक्रिया अभी बाकी है
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शनिवार को कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी सरकार जन-आंदोलन और कांग्रेस की हुंकार से विचलित हो रही है. उन्होंने भाजपा सरकार की कथित दमनकारी नीति और युवा विरोधी रवैये की आलोचना की. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जारी घटनाक्रम की ओर इशारा करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘आज के हालात देखकर ऐसा प्रतीत होता है जैसे उस दौर की पुनरावृत्ति हो रही है जब कांग्रेस महात्मा गांधी के नेतृत्व में अहिंसा के बल पर भारत की आजादी के लिए संघर्ष कर रही थी.’’
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.