Feedback
हर साल कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी तिथि को धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है. इस दिन भगवान धनवंतरी और कुबेर महाराज की पूजा करने से घर में सुख-समद्धि का वास होता है. मान्यता है कि इस दिन नई चीजों की खरीदारी से धनधान्य में कई गुना वृद्धि होती है. इसलिए लोग जमकर सोना-चांदी की खरीदारी करते हैं. हालांकि सोना-चांदी के दाम बहुत ज्यादा होने के कारण वो कई लोगों की पहुंच से बाहर है. इसलिए आप कुछ ऐसी चीजें घर ला सकते हैं, जो शुभ होने के साथ-साथ सस्ती भी हैं.
1. गोमती चक्र
गोमती चक्र एक खास तरह का पत्थर होता है. इसके एक ओर चक्र जैसी आकृति दिखाई देती है. यह अलग-अलग रंगों में मिलता है, लेकिन सफेद गोमती चक्र को विशेष महत्व दिया जाता है. इसे रत्न की तरह अंगूठी में भी धारण किया जाता है. धनतेरस पर कम से कम दो या पांच गोमती चक्र खरीद सकते हैं. दीपावली के दिन इन्हें मां लक्ष्मी को अर्पित करने की परंपरा है.
2. कौड़ी
कौड़ी समुद्र में पाए जाने वाले एक जीव का खोल होती है. पुराने समय में इसका इस्तेमाल धन के रूप में भी किया जाता था. धन प्राप्ति से जुड़ी मान्यताओं के कारण कौड़ी को शुभ माना जाता है. धनतेरस पर कम से कम पांच या नौ कौड़ियां खरीदें. दीपावली की पूजा में इन्हें मां लक्ष्मी को अर्पित करें. मान्यता है कि ऐसा करने से विवाह से जुड़ी बाधाएं दूर होती हैं.
3. शंख
शंख की उत्पत्ति समुद्र से मानी जाती है. धार्मिक मान्यता में इसे मां लक्ष्मी का भाई भी कहा गया है. शंख की ध्वनि को शुभ और मंगलकारी माना जाता है. अगर आपके घर में शंख नहीं है, तो धनतेरस पर इसे खरीद सकते हैं. दीपावली की पूजा में शंख का पूजन करें और पूजा के दौरान इसका इस्तेमाल करें.
4. गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां
दीपावली पर भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व है. मां लक्ष्मी को धन और भगवान गणेश को बुद्धि का प्रतीक माना जाता है. पूजा की शुरुआत गणेश जी से होती है और अंत मां लक्ष्मी की पूजा के साथ किया जाता है. इसलिए धनतेरस पर ही दोनों की मूर्तियां खरीद लें. ध्यान रखें कि गणेश जी और मां लक्ष्मी की मूर्तियां अलग-अलग हों. मां लक्ष्मी कमल के फूल पर विराजमान हों और उनके हाथों से धन की वर्षा होती दिखाई दे. मूर्तियां बहुत बड़ी न हों और मिट्टी से बनी हों.
5. झाड़ू
झाड़ू को साफ-सफाई, शुभता और संपन्नता से जोड़कर देखा जाता है. इसलिए धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की परंपरा है. इसे दीपावली के दिन पूजा स्थल पर रखकर पूजन करें. इसके अगले दिन से इसका इस्तेमाल शुरू करें.
6. बर्तन
धनतेरस पर बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है. इस दिन आप अपनी जरूरत के अनुसार कोई भी बर्तन खरीद सकते हैं. हालांकि, पानी रखने वाले पात्र को विशेष महत्व दिया जाता है. इसलिए लोटा, कलश या गिलास खरीदना अच्छा माना जाता है. दीपावली पर इन बर्तनों की पूजा करने के बाद इनका इस्तेमाल शुरू कर सकते हैं.
7. दीपक
दीपावली का पर्व दीपकों के बिना अधूरा माना जाता है. इस दिन घर में दीपक जलाने की परंपरा है. मान्यता है कि दीपों की रोशनी से नकारात्मकता दूर होती है और सुख-समृद्धि का आगमन होता है. इसलिए धनतेरस पर मिट्टी के पर्याप्त दीपक खरीद लें. मुख्य पूजा के लिए दो बड़े दीपक भी जरूर रखें.
8. खील-बताशे
खील और बताशों को शुक्र तथा संपन्नता का प्रतीक माना जाता है. धनतेरस पर खील-बताशे और लावा खरीदना शुभ माना जाता है. दीपावली की पूजा में इन्हें मां लक्ष्मी को जरूर अर्पित करें. इन्हें मिट्टी के किसी पात्र में रखकर चढ़ाना बेहतर माना जाता है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू