Rashmi Singh
Date: 14-10-26 08:43
Gopalganj Gas Cylinder Blast: बिहार के गोपालगंज में गैस सिलेंडर में लगी आग ने एक परिवार और गांव की खुशियों को मातम में बदल दिया. बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सफियाबाद गांव में गैस सिलेंडर का रेगुलेटर लगाते समय गैस रिसाव हुआ, जिसके बाद अचानक आग भड़क उठी. हादसा इतना गंभीर था कि इसकी चपेट में आकर 17 लोग झुलस गए. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है, जिसने बेहतर इलाज के लिए PMCH ले जाते समय दम तोड़ दिया. वहीं, दूसरे घायल की भी कुछ देर बाद मौत हो गई.
गैस रिसाव के बाद भड़की आग
यह घटना बिहार के शिक्षा मंत्री और बैकुंठपुर के विधायक मिथिलेश तिवारी के विधानसभा क्षेत्र में हुई. सिलेंडर का रेगुलेटर लगाने के दौरान गैस लीक होने से आग लग गई और देखते ही देखते कई लोग इसकी चपेट में आ गए. हादसे में झुलसे लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों में छह की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है. फिलहाल, अन्य घायलों का भी इलाज जारी है.
डीएम ने अस्पताल पहुंचकर लिया इलाज का जायजा
हादसे की सूचना मिलते ही गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया और डॉक्टरों को उपचार में तेजी लाने के निर्देश दिए. डीएम ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलें और इलाज में किसी तरह की कमी न रहे. गंभीर रूप से झुलसे लोगों के उपचार के लिए जरूरी संसाधनों की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया गया.
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने घायलों से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी देर रात सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना. साथ ही, अस्पताल में चल रहे उपचार की जानकारी भी ली. मंत्री ने कहा कि पीड़ितों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए गंभीर रूप से झुलसे लोगों को अगले दिन पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) के बर्न वार्ड में शिफ्ट कराया जाएगा.
पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने का भरोसा
मिथिलेश तिवारी ने इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि वह सुबह घटनास्थल पर जाकर पूरे मामले की जानकारी लेंगे. उन्होंने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा भी दिया. हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं. इस घटना के बाद सफियाबाद गांव में शोक का माहौल है.
ये भी पढ़ें- बिहार में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत, PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 6 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें