—विज्ञापन—
Breaking News Live Updates Today: नमस्कार, आज की खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है। आज की प्रमुख खबरों की बात करें तो खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने राम मंदिर अयोध्या को उड़ाने की धमकी दी है। मणिपुर में CRPF की चौकी पर हमला करने वाले 10 कुकी उग्रवादी सुरक्षाबलों ने मार गिराए हैं। कनाडा के ब्रैम्पटन के हिंदू मंदिर का एक और कार्यक्रम हो गया है, क्योंकि हिंसक हमले की आशंका जताई गई है। आज से विस्तारा की सभी फ्लाइट्स का ऑपरेशन एयर इंडिया करेगी। टिकट की बुकिंग भी एयर इंडिया ही करेगी। इसके अलावा आज दिनभर की बड़ी खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…
कनाडा में टेस्ला कार का एक्सीडेंट हो गया, जिसमें भारतीय मूल के 4 लोगों की मौत हो गई है। कनाडा मीडिया के अनुसार 24 अक्टूबर को टोरंटो में टेस्ला की इलेक्ट्रिक कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे के बाद कार में आग लग गई और उसके दरवाजे जाम हो गए थे। इस हादसे में किसी तरह खिड़की तोड़कर एक महिला को बचाया जा सका था, बाकी चार लोगों की चोट लगने और झुलसने से मौत हो गई थी।
गुजरात के भरूच में सिल्वर ब्रिज के पास पश्चिम एक्सप्रेस के एक कोच में अचानक आग लग गई। कोच में धुआं देखकर ट्रेन चालक ने ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद रेल कर्मियो ने 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। रेले अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।
किसान आंदोलन में अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा दिए गए बयान पर आगरा कोर्ट में सुनवाई हुई। कंगना रनौत की मुश्किल बढ़ सकती हैं। आगरा न्यायालय में अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने याचिका दायर की थी। आगरा न्यायालय ने कंगना रनौत को नोटिस जारी करने के आदेश दिए। किसान आंदोलन और महात्मा गांधी पर दिए गए बयान को लेकर याचिका दायर की गई थी।
देव दीपावली पर्व पर वाराणसी में नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। ड्रोन-गुब्बारों पर प्रतिबंध लगाया गया है। वाराणसी में 15 नवंबर 2024 को होने वाले विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली पर्व के मद्देनजर, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने पूर्व से प्रचलित धारा 163 बीएनएसएस के तहत पूरे शहर को “नो फ्लाई जोन” घोषित किया है। अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), कमिश्नरेट वाराणसी के आदेशानुसार, यह प्रतिबंध 12 नवंबर 2024 के मध्यरात्रि 00:00 बजे से 16 नवंबर 2024 की मध्यरात्रि 24:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।
बुलन्दशहर में 15000 के इनामी बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल हुआ है। इस्माइल पर 6 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह कई मामलों में वांछित चल रहा था। घायल इस्माइल को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। अगौता थाना क्षेत्र में पुलिस और इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई।
विस्तारा ने अपने उड़ान संचालन के अंतिम दिन को पूरा करने के बाद सोमवार रात को दोहा से मुंबई के लिए अपनी पहली उड़ान भरी। उड़ान संख्या ‘एआई2286’ स्थानीय समयानुसार रात लगभग 10.07 बजे दोहा से रवाना हुई और इसके मंगलवार सुबह मुम्बई पहुंचने की उम्मीद है। घरेलू मोर्चे पर, उनकी पहली निर्धारित उड़ान AI2984 ने मंगलवार सुबह करीब 1.30 बजे मुंबई से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। इसे A320 विमान से संचालित किया जा रहा है। एयरलाइन अधिकारियों ने कहा कि भले ही विस्तारा 12 नवंबर से बंद हो जाएगी, लेकिन इसके विमान, मार्ग और चालक दल कम से कम मार्च तक अपनी सेवाएं देते रहेंगे।
यूपी के एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारातियों से भरी एक बस खाई में गिरकर पलट गई, जिससे उसमें सवार कई लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार देर रात की है। बस पलटने से बारातियों में चीख पुकार मच गई और शोर सुन कर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
मतदान के ठीक एक दिन पहले झारखंड में फिर से ईडी ने छापेमारी की है। यह छापेमारी रांची के एक होटल के अलावा कई जगहों पर चल रही है। छापेमारी बंगाल मे भी चल रही है। सूत्रों के अनुसार, छापेमारी बांग्लादेशी घुसपैठ और मनी लॉन्डरिंग को लेकर की गई है। दरअसल रांची के बारियातु थाना में जून में एक एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमे हिल व्यू रिसोर्ट से 3 बांग्लादेशी महिलाओं को बरामद किया गया था।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को काले झंडे दिखाए गए हैं। मुख्यमंत्री के काफिले को रोकने का प्रयास किया गया है। दरअसल मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मुंबई के चांदिवली विधानसभा सीट से अपने विधायक दिलीप लांडे के चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे। चुनाव प्रचार से लौटते समय मुख्यमंत्री को कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाए और गाड़ी रोकने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि जिन लोगों ने मुख्यमंत्री की गाड़ी रोकी, वे शिवसेना (UBT) के कार्यकर्ता थे। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। वे चिमूर और सोलापुर में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा अमित शाह भी मुंबई के घाटकोपर में चुनाव प्रचार करेंगे। राहुल गांधी और शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे भी आज कई जनसभाएं करेंगे।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में शादी समारोह मे खीर खाने से फूड पॉइजनिंग की चपेट में बाराती आ गए। करीब 100 बारातियों की तबियत बिगड़ी तो उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक साथ कई लोगों को पेट दर्द, उल्टी, दस्त लग गए। सभी को अलग-अलग नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। रसूलपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान अबरार की बेटी का शादी समारोह में खाना खाने के बाद लोगों की हालत बिगड़ी।
आसीवन थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव की घटना है।
Edited By
News24 हिंदी
Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.
—विज्ञापन—
B.A.G Convergence Limited
Film City, Sector 16A, Noida, Uttar Pradesh 201301
Phone: 0120 – 4602424/6652424
Email: info@bagnetwork.in