दुबई: एशिया कप में बीती रात जब भारत पर श्रीलंका से हार का खतरा मंडरा रहा था. कप्तान सूर्यकुमार यादव जब रणनीति बनाने में लगे थे. सारे प्लेयर्स मैदान पर टेंशन में थे. तब हार्दिक पंड्या ग्राउंड से गायब थे. हर कोई यही सोच रहा था कि पहला ओवर फेंकने के बाद हार्दिक कहां चले गए?
हार्दिक को तलाश रहीं थीं सारी निगाहें
जैसे ही पता लगा कि वह ड्रेसिंग रूम में हैं, हर कोई डर गया. फैंस समझ चुके थे कि हार्दिक जैसा लड़ाका अगर इतने रोमांचक और सांस थाम देने वाले मैच के दौरान ग्राउंड पर नहीं हैं तो जरूर कुछ गड़बड़ है. और हुआ भी यही, जिसका डर था.
इंजर्ड हैं हार्दिक पंड्या
सुपर ओवर में मैच जीतने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार ने बिना हार्दिक का नाम लिए कहा, ‘आज रात अच्छी तरह से रिकवरी करते हैं. अभी फाइनल के बारे में नहीं सोचना चाहिए. आज कुछ खिलाड़ियों को ज्यादा ऐंठन हुई. कल अच्छी रिकवरी का दिन है और हम आज जैसा प्रदर्शन करेंगे, वैसा ही प्रदर्शन करेंगे.’ कुछ ही देर बाद सूर्या की बात पर मुहर लगाने बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल आ गए, जिन्होंने साफ कर दिया कि हार्दिक पंड्या फाइनल से पहले इंजर्ड हैं.
हार्दिक को क्या हुआ, कितनी गंभीर है चोट?
भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने पुष्टि की कि हार्दिक पंड्या और अभिषेक शर्मा दोनों ऐंठन से पीड़ित थे. बकौल मार्केल, ‘अभिषेक ठीक हैं, लेकिन हार्दिक की स्थिति को हम आज रात और फिर कल सुबह भी चेक करेंगे, उसके बाद ही कोई फैसला लेंगे.
पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार
पाकिस्तान के खिलाफ इस ऑलराउंडर का रिकॉर्ड शानदार है. पाकिस्तान के खिलाफ 12 इंटरनेशनल मैच में हार्दिक ने 17 मैच की 12 पारियों में 35 की एवरेज से 315 रन बनाए हैं जबकि 25 विकेट भी झटके हैं.
भारत नहीं खोना चाहेगा मैच विनर
मौजूदा एशिया कप में हार्दिक पंड्या के बल्ले से कोई बड़ी पारी नहीं आई है. बीती रात भी वह तीन गेंद में सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गए. पहला ओवर फेंकने आए तो सात रन दिए, जिसमें तीन डॉट गेंद भी फेंकी. फाइनल से पहले हार्दिक का इंजर्ड होना भारत के लिए टेंशन की बात है. खिताबी मुकाबले से पहले टीम इंडिया अपने सबसे बड़े मैच विनर को किसी हाल में नहीं खोना चाहेगी.