इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा गेंदबाजों की ताजा जारी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के लेफ्टआर्म तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने धमाल मचा दिया है. उन्होंने भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इस रैंकिंग के पहले पायदान से हटाकर खुद को स्थापित कर लिया है. स्टार्क हाल ही में 2 मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश के खिलाफ खेले थे. दोनों टेस्ट में उन्होंने कुल 12 विकेट अपने नाम किए. हालांकि वह सीरीज में अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए और ऑस्ट्रेलिया को यहां 1-1 की बराबरी से संतोष करना पड़ा. बांग्लादेश ने कंगारुओं को सीरीज के पहले ही टेस्ट में मात देकर हैरान कर दिया था.
इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के ज्यादातर बल्लेबाज फीके साबित हुए, जिसके चलते सीरीज ड्रॉ पर खत्म हुई. बॉलिंग में मिचेल स्टार्क ने अपनी धार बनाए रखी, जिसके दम पर वह प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुने गए. इसी प्रदर्शन की बदौलत आईसीसी की टेस्ट गेंदबाजों की ताजा रैंकिंग में स्टार्क ने 2 स्थान की छलांग लगाते हुए पहला स्थान हासिल किया है.
जसप्रीत बुमराह इंजरी की वजह से श्रीलंका के खिलाफ भारत की 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का हिस्सा नहीं हैं. इसका असर उनकी रैंकिंग पर पड़ा है. वह एक स्थान नीचे खिसक कर दूसरे नंबर पर चले गए हैं. न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी को एक स्थान का नुकसान हुआ है. वह तीसरे स्थान पर आ गए हैं. ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस को एक स्थान का फायदा हुआ है और वह अब चौथे स्थान पर आ गए हैं.
वहीं साउथ अफ्रीका के मार्को जानसेन एक स्थान के नुकसान के साथ 5वें, साउथ अफ्रीका के ही कगिसो रबाडा एक स्थान के फायदे के साथ छठे, ऑस्ट्रेलिया के स्कॉट बोलैंड एक स्थान के नुकसान के साथ 7वें स्थान पर हैं. पाकिस्तान के नोमान अली 8वें, ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड 9वें और ऑस्ट्रेलिया के ही नाथन लियोन दो स्थान उपर चढ़कर 10वें स्थान पर आ गए हैं. पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करने वाले इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ओली रॉबिनसन और जोश टंग को फायदा हुआ है. रॉबिनसन 15 स्थान की छलांग लगाकर 11वें और टंग 16 स्थान की छलांग लगाकर 17वें स्थान पर आ गए हैं.
टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग पर नजर डालें तो शीर्ष पांच में बदलाव नहीं है. इंग्लैंड के हैरी ब्रूक पहले, इंग्लैंड के ही जो रूट दूसरे, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ तीसरे, ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड चौथे और साउथ अफ्रीका के टेंबा बावुमा 5वें स्थान पर हैं. भारत के रवींद्र जडेजा 2 स्थान उपर चढ़कर छठे, ऋषभ पंत 6 स्थान की छलांग लगाकर 7वें, शुभमन गिल 8वें, न्यूजीलैंड के डेरिल मिशेल तीन स्थान की छलांग लगाकर 9वें और पाकिस्तान के बाबर आजम 10वें स्थान पर हैं.
(एजेंसी इनपुट के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
नमस्कार! मैं अरुण कुमार, फिलहाल India.com (Zee Media) में सीनियर सब एडिटर के रूप में स्पोर्ट्स डेस्क पर कार्यरत हूं. मैं पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं और … और पढ़ें
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED