इंडिया गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहा है. अब कांग्रेस समेत विपक्ष की तमाम पार्टियां शुक्रवार को सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सांकेतिक ‘जन महाभियोग’ की तैयारी में हैं. लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इसमें ‘प्रस्ताव’ पेश करेंगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समापन भाषण देंगे.
पीटीआई के मुताबिक ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने खरगे के आवास पर बैठक कर ‘जन महाभियोग’ की कार्यवाही और इसमें विभिन्न दलों की भूमिका को अंतिम रूप दिया. विपक्ष वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ यह सांकेतिक कार्यक्रम आयोजित कर रहा है.
पहले खरगे अपने आवास ’10 राजा जी मार्ग’ पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘महाभियोग प्रस्ताव’ पेश करेंगे. इसके बाद गठबंधन में शामिल विभिन्न दलों के प्रतिनिधि प्रस्ताव पर अपनी बात रखेंगे. प्रस्ताव पारित किए जाने से पहले राहुल गांधी समापन भाषण देंगे.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को कहा था कि कई स्थानों पर आयोजन की अनुमति नहीं मिलने के कारण यह कार्यक्रम शुक्रवार अपराह्न साढ़े तीन बजे खरगे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर आयोजित किया जाएगा. कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल एसआईआर में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा, ”जब 15-17 करोड़ लोगों को मताधिकार से वंचित किया जाएगा तो कांग्रेस और INDIA गठबंधन की अन्य पार्टियां चुप नहीं बैठेंगी. आजादी के बाद हमें सबसे बड़ा अधिकार वोट का मिला था. हम प्रजातांत्रिक तरीके से तब तक विरोध करेंगे जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता है.”
राहुल गांधी ने कहा, “हमने आज का अपना कार्यक्रम (मॉक पार्लियमेंट) कल के लिए स्थगित कर दिया है. 1 नवंबर को रामलीला मैदान में हमारी एक रैली है और इसमें कोई भी शामिल हो सकता है चाहे आप राजनीति से जुड़े हों या नहीं इसके अलावा आप कारोबारी हैं या नौकरी करते हैं, आप भी इस प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं. सरकार कोशिश कर रही है कि जो लोग आ रहे हैं, उन्हें रोका जाए. यह एक विरोध प्रदर्शन है और पूरा विपक्ष यहां मौजूद है.”
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.