Shreeom Singh
Date: 30-10-26 15:18
Joshimath Helicopter Crash: उत्तराखंड के चमोली जिले में 30 अक्टूबर को बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया. बद्रीनाथ धाम से 6 यात्रियों को लेकर ऋषिकेश जा रहा एक हेलीकॉप्टर रास्ते में क्रैश हो गया. हादसा जोशीमठ के पास चायी और थैंग गांव के ऊपर खराब मौसम के कारण हुआ. इस दुर्घटना में हेलीकॉप्टर में सवार सभी 6 लोगों की मौत हो गई.
हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया. चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि हेलीकॉप्टर की लोकेशन नहीं मिलने की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था. प्रशासन और हेलीकॉप्टर कंपनी उसकी तलाश में जुटे थे. बाद में सेना से मिली जानकारी के आधार पर हेलीकॉप्टर की लोकेशन का पता चला और हादसे की पुष्टि हुई.
ऋषिकेश जा रहा था हेलीकॉप्टर
जानकारी के मुताबिक, 30 अक्टूबर को ट्रांस कंपनी का हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से 6 यात्रियों को लेकर ऋषिकेश के लिए रवाना हुआ था. इसी दौरान खराब मौसम की वजह से चायी और थैंग गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में सभी 6 यात्रियों की जान चली गई. सेना ने घटना की जानकारी जिला प्रशासन को दी, जिसके बाद बचाव और राहत कार्य शुरू किया गया.
सीएम धामी ने जताया दुख
इस हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि जोशीमठ के पास चायी गांव के नजदीक हेलीकॉप्टर दुर्घटना की दुखद खबर मिली है. जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं.
चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं. उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं. सीएम धामी ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करते हुए हादसे पर गहरा दुख जताया.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें