नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने JEE मेन 2026 (सेशन-1 और सेशन-2) का संयुक्त रिजल्ट जारी कर दिया है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा (मुख्य) में गयाजी शुभम कुमार ने बिहार टॉप किया है। शुभम कुमार ने 100 पर्सेंटाइल के साथ पूरे देश में छठा स्थान हासिल किया है। इस
खास बात यह है कि पहले सेशन में भी उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा था। अब फाइनल रिजल्ट में कमाल किया है। शुभम कुमार अब अगले लक्ष्य संयुक्त प्रवेश परीक्षा(एडवांस्ड) की तैयारी में जुट गए हैं। गयाजी के ब्रिटिश इंग्लिश स्कूल के छात्र रहे हैं। उनका सपना भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में दाखिला लेना है। अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और संस्थान के मार्गदर्शन को दिया।
परिवार का बहुत सहयोग मिला
शुभम ने बताया कि रिजल्ट देखने के बाद सबसे पहले यह खुशखबरी अपने माता-पिता को दी। उनके पिता शिव कुमार हार्डवेयर व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि मां कंचन देवी गृहिणी हैं। परिवार का भरोसा और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा। उन्होंने अपनी तैयारी को पूरी तरह कॉन्सेप्ट आधारित बताया।
नियमित टाइम-टेबल के अनुसार पढ़ाई करते थे और कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देते थे। तैयारी के दौरान मॉक टेस्ट और लगातार रिवीजन उनकी रणनीति रही। रोजाना 10 से 12 घंटे पढ़ाई करते थे। 24 घंटे पढ़ने की जरूरत नहीं होती, बल्कि सही रणनीति और निरंतर अभ्यास जरूरी है। बीच-बीच में ब्रेक लेकर खुद को तरोताजा रखते थे, ताकि पढ़ाई में निरंतरता बनी रहे। शुभम को कोचिंग संस्थान की ओर से 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप भी मिली थी।
एनटीए स्कोर के आधार पर रिजल्ट
एनटीए के अनुसार, पेपर-1 के लिए कुल 16,04,854 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 15,38,468 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। एनटीए ने जेईई मेन के फाइनल रिजल्ट के साथ ही जेईई एडवांस्ड-2026 के लिए कैटेगरी-वाइज कट-ऑफ जारी कर दी है। दोनों सेशन में शामिल अभ्यर्थियों के बेस्ट एनटीए स्कोर के आधार पर रिजल्ट तैयार किया गया है।
कट-ऑफ के मुताबिक सामान्य वर्ग के लिए 93.41 पर्सेंटाइल तय की गई है। इस आधार पर 96,873 अभ्यर्थी एडवांस्ड के लिए योग्य घोषित किए गए हैं। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) में 82.41 पर्सेंटाइल पर 25,009, ओबीसी वर्ग में 80.92 पर्सेंटाइल पर 67,597 अभ्यर्थियों ने क्वालिफाई किया है।
एससी वर्ग के लिए 63.91 पर्सेंटाइल पर 37,522 और एसटी वर्ग के लिए 52.01 पर्सेंटाइल पर 18,790 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। दिव्यांग श्रेणी में 0.0023 पर्सेंटाइल के साथ 4,391 अभ्यर्थियों को पात्र माना गया है। सभी श्रेणियों को मिलाकर कुल 2,50,182 अभ्यर्थी जेईई एडवांस्ड 2026 के लिए योग्य घोषित किए गए हैं।
एनटीए ने साफ किया है कि तय कट-ऑफ के भीतर आने वाले अभ्यर्थी ही एडवांस्ड परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे। एडवांस्ड में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर देश के प्रमुख भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में दाखिला मिलेगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.