इमेज सोर्स : गूगल, एडिट बाय : NPG न्यूज़
Lakshya Raichandani Biography in Hindi : लक्ष्य रायचंदानी भारतीय क्रिकेट के उन युवा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने बेहद कम उम्र में अपनी बल्लेबाजी प्रतिभा से खास पहचान बनाई है। उत्तराखंड की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले लक्ष्य ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय U-19 क्रिकेट टीम में जगह बनाई। वह अपनी तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाजी, क्रीज पर लंबे समय तक टिके रहने की क्षमता और धैर्यपूर्ण खेल के लिए जाने जाते हैं। फिलहाल वे भारतीय U-19 टीम के कप्तान हैं।
लक्ष्य रायचंदानी का शुरुआती जीवन
लक्ष्य रायचंदानी का पूरा नाम लक्ष्य राजेश रायचंदानी है। उनका जन्म 15 अक्टूबर 2008 को हुआ था। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के निवासी हैं और उनका पालन-पोषण उत्तराखण्ड के हल्द्वानी में हुआ है। उनके पिता का नाम राजेश रायचंदानी है और वे गोंडा के पूर्व भाजपा विधायक स्वर्गीय तुलसीदास रायचंदानी के पोते हैं। उनकी मां का नाम लक्ष्मी रायचंदानी है।
लक्ष्य का बचपन ऐसे परिवार में गुजरा है, जहां उन्हें क्रिकेट खेलने के लिए लगातार प्रोत्साहन मिला। उनके पिता ने उनके क्रिकेट के शौक को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परिवार ने उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए क्रिकेट ट्रेनिंग के लिए उत्तराखणड भेजने का फैसला किया।
लक्ष्य के पिता के मुताबिक उन्होंने महज 10 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। बाद में उत्तराखंड में कोच अशोक कुमार के मार्गदर्शन में उन्होंने क्रिकेट की बारीकियां सीखीं। उनके परिवार ने क्रिकेट करियर के दौरान हर कदम पर उनका साथ दिया।
लक्ष्य रायचंदानी की शिक्षा
लक्ष्य रायचंदानी ने अपनी इंटरमीडिएट यानी 12वीं कक्षा तक की स्कूली शिक्षा उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित डी.ए.वी. सेंटेनरी पब्लिक स्कूल से पूरी की है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले लक्ष्य 10 वर्ष की उम्र में पढ़ाई और क्रिकेट प्रशिक्षण के लिए उत्तराखंड आए थे। अपनी स्कूली पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने हल्द्वानी के कमलुवागांजा स्थित जीएनजी क्रिकेट अकादमी में कोच अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में क्रिकेट का नियमित अभ्यास किया।
कैसे शुरू हुआ लक्ष्य रायचंदानी का क्रिकेट सफर?
लक्ष्य रायचंदानी का क्रिकेट सफर उत्तर प्रदेश के गोंडा की गलियों से शुरू होकर उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित क्रिकेट अकादमी के माध्यम से भारतीय U-19 टीम की कप्तानी तक पहुंचा है। बेहतर ट्रेनिंग और अवसरों की तलाश में वे मात्र 8 से 10 वर्ष की उम्र में अपना घर छोड़कर उत्तराखंड चले गए थे।
उनके पिता राजेश रायचंदानी की माने तो बचपन से ही लक्ष्य पर क्रिकेट का जुनून सवार था। वे अपने गृह नगर गोंडा में घर के बाहर तंग गलियों में अकेले ही गेंद और बल्ला लेकर घंटों अभ्यास करते थे। क्रिकेट प्रेमी परिवार में पले-बढ़े लक्ष्य की प्रतिभा को उनके माता-पिता ने कम उम्र में ही पहचान लिया। उनके पिता उन्हें नियमित रूप से मैच दिखाने ले जाते थे, जिससे खेल के प्रति उनका लगाव और गहरा हुआ।
हल्द्वानी में ली क्रिकेट की औपचारिक ट्रेनिंग
प्रोफेशनल ट्रेनिंग के लिए लक्ष्य रायचंदानी लगभग 8 से 10 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के हल्द्वानी आ गए। यहां उन्होंने कमलुवागांजा स्थित जीएनजी क्रिकेट अकादमी में दाखिला लिया और कोचों के मार्गदर्शन में बल्लेबाजी की बारीकियां सीखीं। किसी दूसरे राज्य से घरेलू क्रिकेट खेलने के नियमों के तहत उन्होंने उत्तराखंड में रहकर तीन साल का अनिवार्य समय पूरा किया। इस दौरान उनकी पहली प्राथमिकता हमेशा क्रिकेट का अभ्यास ही रही।
लक्ष्य रायचंदानी का संक्षिप्त परिचय
नाम : लक्ष्य राजेश रायचंदानी
जन्म : 15 अक्टूबर 2008
उम्र : 18 वर्ष (नवंबर 2026)
मूल निवास : गोंडा, उत्तर प्रदेश
पालन-पोषण : हल्द्वानी, उत्तराखंड
पिता का नाम : राजेश रायचंदानी
दादा का नाम : स्वर्गीय तुलसीदास रायचंदानी
शिक्षा : 12वीं कक्षा
स्कूल : डी.ए.वी. सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी
पेशा : क्रिकेटर
बल्लेबाजी शैली : दाएं हाथ के बल्लेबाज
गेंदबाजी शैली : दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर
भूमिका : सलामी बल्लेबाज
घरेलू टीम : उत्तराखंड
राष्ट्रीय टीम : भारतीय U-19 टीम
प्रमुख उपलब्धि : भारतीय U-19 टीम के कप्तान
पसंदीदा क्रिकेटर : विराट कोहली और जो रूट
विजय मर्चेंट ट्रॉफी में किया ऐतिहासिक प्रदर्शन
उत्तराखंड की U-16 और U-19 टीमों से खेलते हुए उन्होंने नेशनल सेलेक्टर्स का ध्यान खींचा। 2023-24 सीजन की U-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी में उन्होंने 5 मैचों की 7 पारियों में 138.83 के औसत से 833 रन (4 शतक, 2 अर्धशतक और नाबाद 204 रन) बनाए और 13 विकेट भी लिए, जिसके लिए उन्हें BCCI के जगमोहन डालमिया पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
रणजी ट्रॉफी में किया डेब्यू
विजय मर्चेंट ट्रॉफी और वीनू मांकड़ ट्रॉफी में लगातार रन बनाने के बाद लक्ष्य रायचंदानी को जनवरी 2026 में त्रिपुरा के खिलाफ उत्तराखंड की सीनियर रणजी टीम से प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण करने का मौका मिला। त्रिपुरा के खिलाफ खेले गये इस मुकाबले में उत्तराखंड ने 9 विकेट से जीत दर्ज की थी।
रणजी ट्रॉफी के डेब्यू मैच में लक्ष्य रायचंदानी ने दमदार बल्लेबाजी की और 109 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके की मदद से 65 रनों की ठोस पारी खेलकर क्रिकेट पंडितों को हैरान कर दिया था। उत्तराखंड की तरफ से जब लक्ष्य रायचंदानी बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे थे, तब उनकी टीम मुश्किल में थी लेकिन उन्होंने सही तकनीक और धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए टीम को मुश्किल से उबारा।
डेब्यू रणजी सीजन में लक्ष्य ने किया प्रभावित
लक्ष्य रायचंदानी ने अपने शुरुआती रणजी सीजन में ही अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया। उन्होंने चार मैचों की पांच पारियों में कुल 223 रन बनाए और उनका औसत 44.60 रहा। इस दौरान उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए। रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में असम के खिलाफ उन्होंने 86 रनों की शानदार पारी खेली।
वहीं, कर्नाटक के खिलाफ सेमीफाइनल में 174 गेंदों का सामना करते हुए 55 रन बनाए। उनकी इस पारी ने दिखाया कि वह अनुभवी गेंदबाजों के सामने भी धैर्य के साथ बल्लेबाजी कर सकते हैं। घरेलू क्रिकेट में उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन ने भारतीय U-19 टीम के लिए रास्ता तैयार किया।
भारतीय U-19 टीम में सेलेक्शन
घरेलू क्रिकेट में निरंतर प्रदर्शन के दम पर उन्हें जुलाई 2026 में श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय U-19 टीम का उपकप्तान बनाया गया, जहां उन्होंने गॉल में खेले गये पहले यूथ टेस्ट मैच में 207 रनों की दोहरी शतकीय पारी खेली। इस दौरान उन्होंने सागर विर्क के साथ पहले विकेट के लिए 295 रनों की शानदार साझेदारी की। उनकी इस पारी की मदद से भारत ने पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा किया।
इसके बाद दूसरे यूथ टेस्ट में भी उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया और 116 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए। लगातार दो मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के बाद लक्ष्य ने भारतीय U-19 टीम में अपनी जगह मजबूत कर ली। इसके बाद सितंबर 2026 में ऑस्ट्रेलिया U-19 के खिलाफ उन्हें टीम की कमान सौंपी गई और नवंबर 2026 के U-19 एशिया कप में भी वे भारतीय टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया U-19 के खिलाफ 240 रनों की ऐतिहासिक पारी
लक्ष्य रायचंदानी के युवा क्रिकेट करियर की सबसे यादगार पारियों में सितंबर 2026 में खेली गई 240 रनों की पारी शामिल है। ऑस्ट्रेलिया की U-19 टीम के खिलाफ यूथ टेस्ट मैच में उन्होंने 281 गेंदों पर 240 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी तकनीक का प्रदर्शन किया। लंबे समय तक क्रीज पर टिककर रन बनाने की उनकी क्षमता ने क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान खींचा।
उनकी इस पारी की बदौलत भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में भी उन्होंने 110 रनों की शतकीय पारी खेली थी। इस तरह उन्होंने रेड बॉल और व्हाइट बॉल दोनों प्रारूपों में अपनी प्रतिभा साबित की।
भारतीय U-19 टीम के कप्तान बने लक्ष्य रायचंदानी
लक्ष्य रायचंदानी के करियर में वर्ष 2026 बेहद महत्वपूर्ण रहा। सितंबर 2026 में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज के लिए भारतीय U-19 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ टेस्ट सीरीज में उन्हें उपकप्तान की जिम्मेदारी मिली थी। इसके बाद नवंबर 2026 में उन्हें ACC मेंस U-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई। इस टूर्नामेंट का आयोजन 5 से 14 नवंबर 2026 तक ओमान के मस्कट में किया जा रहा है।
इस टीम में लक्ष्य के अलावा वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ जैसे युवा खिलाड़ी भी शामिल हैं। इतनी प्रतिभाशाली टीम की कप्तानी मिलना लक्ष्य के करियर की एक बड़ी उपलब्धि है।
लक्ष्य रायचंदानी की बल्लेबाजी शैली
लक्ष्य रायचंदानी दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज हैं। इसके अलावा वह दाएं हाथ से ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। उनकी सबसे बड़ी ताकत लंबी पारी खेलने की क्षमता और तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाजी है। वह शुरुआत में संभलकर खेलना पसंद करते हैं और विकेट पर समय बिताने के बाद अपने शॉट्स खेलते हैं। उनकी बल्लेबाजी में धैर्य और परिस्थितियों के अनुसार खेलने की क्षमता दिखाई देती है। लक्ष्य की पसंदीदा बल्लेबाजी में विराट कोहली और इंग्लैंड के जो रूट का प्रभाव भी देखने को मिलता है।
लक्ष्य रायचंदानी का निजी जीवन
भारतीय U-19 टीम के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी का निजी जीवन काफी हद तक परिवार और क्रिकेट के इर्द-गिर्द ही रहता है। उनके क्रिकेट करियर में माता-पिता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वह अपने परिवार के समर्थन को अपनी सफलता का अहम हिस्सा मानते हैं। लक्ष्य भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली के प्रशंसक हैं। इसके अलावा उन्हें इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट की बल्लेबाजी भी पसंद है।
मैदान से बाहर वह संगीत सुनना, दोस्तों से बातचीत करना और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों में समय बिताना पसंद करते हैं। फिलहाल उनका पूरा ध्यान क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करने और भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाने के लक्ष्य पर है।
FAQ’s
Q1. लक्ष्य रायचंदानी कौन हैं?
लक्ष्य रायचंदानी भारतीय युवा क्रिकेटर हैं। वह भारतीय U-19 क्रिकेट टीम के कप्तान हैं और घरेलू क्रिकेट में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हैं।
Q2. लक्ष्य रायचंदानी का जन्म कब हुआ था?
लक्ष्य रायचंदानी का जन्म 15 अक्टूबर 2008 को हुआ था।
Q3. लक्ष्य रायचंदानी कहां के रहने वाले हैं?
लक्ष्य रायचंदानी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले हैं। उनका पालन-पोषण उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुआ है।
Q4. लक्ष्य रायचंदानी के पिता का नाम क्या है?
उनके पिता का नाम राजेश रायचंदानी है। वह पूर्व बीजेपी विधायक स्वर्गीय तुलसीदास रायचंदानी के पोते हैं।
Q5. लक्ष्य रायचंदानी ने क्रिकेट की ट्रेनिंग कहां से ली है?
उन्होंने उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित जीएनजी क्रिकेट अकादमी में क्रिकेट का अभ्यास किया है।
Q6. लक्ष्य रायचंदानी ने रणजी ट्रॉफी में कितने रन बनाए हैं?
2025-26 के रणजी सीजन में उन्होंने चार मैचों की पांच पारियों में 223 रन बनाए थे।
Q7. लक्ष्य रायचंदानी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कितने रन बनाए थे?
उन्होंने सितंबर 2026 में ऑस्ट्रेलिया U-19 टीम के खिलाफ यूथ टेस्ट मैच में 281 गेंदों पर 240 रनों की शानदार पारी खेली थी।
Q8. लक्ष्य रायचंदानी को भारतीय U-19 टीम का कप्तान कब बनाया गया?
उन्हें सितंबर 2026 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज के लिए कप्तान बनाया गया था। इसके बाद नवंबर 2026 में U-19 एशिया कप के लिए भी उन्हें भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई।
Q9. लक्ष्य रायचंदानी की बल्लेबाजी शैली क्या है?
वह दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज हैं और दाएं हाथ से ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं।
Q10. लक्ष्य रायचंदानी के पसंदीदा क्रिकेटर कौन हैं?
लक्ष्य रायचंदानी भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट को पसंद करते हैं।
Q11. लक्ष्य रायचंदानी ने विजय मर्चेंट ट्रॉफी में कितने रन बनाए थे?
उन्होंने 2023-24 सीजन की विजय मर्चेंट ट्रॉफी में 833 रन बनाए थे। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें जगमोहन डालमिया पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
प्रसून पाण्डेय, 20 वर्षों से मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। अपने करियर की शुरुआत ETV Bihar-Jharkhand से की। फिर News18 में बुलेटिन प्रोड्यूस करने की जिम्मेदारी बखूबी निभाई। Jagran.com, Kashish News, Dailyhunt और IPRD Bihar जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम किया है। टीवी के साथ-साथ डिजिटल पत्रकारिता का भी अनुभव है। खेल जगत के प्रति गहरी रुचि है।