Feedback
भारत में लग्जरी कारों के शौकीनों के लिए Mercedes-Benz ने अपनी सबसे मशहूर सेडान S-Class का 2026 मॉडल लॉन्च कर दिया है. नई Mercedes-Benz S-Class की शुरुआती कीमत 2.20 करोड़ (एक्स-शोरूम) रुपये रखी गई है. इस बार कंपनी ने कार में शानदार फीचर्स को शामिल किया है. पहली बार कंपनी ने भारतीय बाजार में अपनी प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) तकनीक के साथ किसी कार को पेश किया है.
नई कार की बुकिंग आज से शुरू हो चुकी है, जबकि इसकी डिलीवरी इस साल दिवाली के आसपास शुरू होने की उम्मीद है. पिछले मॉडल की शुरुआती कीमत 1.85 करोड़ रुपये थी, ऐसे में नई S-Class करीब 35 लाख रुपये महंगी हो गई है. नई S-Class फिलहाल केवल S 450e वेरिएंट में उपलब्ध है. एक्सटीरियर से लेकर इंटीरियर तक कंपनी ने इस कार में कई बड़े बदलाव किए हैं, जो इसे और बेहतर बनाते हैं.
नई S-Class का बेसिक सिल्हूट पहले जैसा ही रखा गया है, लेकिन इसके एक्सटीरियर में बड़े बदलाव किए गए हैं. कार को पहले से बड़ा फ्रंट ग्रिल दिया गया है, जिसमें क्रोम फिनिश वाले Mercedes स्टार एलिमेंट्स जोड़े गए हैं. इसके साथ इल्यूमिनेटेड ग्रिल का ऑप्शन मिलता है. नई डिजिटल LED हेडलाइट्स में Mercedes का सिग्नेचर थ्री-पॉइंटेड स्टार ग्राफिक्स दिखाई देता है. पीछे की तरफ नई LED टेललाइट्स दी गई हैं. नया फ्रंट बंपर और बड़े एयर इनटेक्स कार को और ज्यादा प्रीमियम और दमदार लुक देते हैं. इसके अलावा नए डिजाइन के अलॉय व्हील इसे और बेहतर बनाते हैं.
S-Class के इंटीरियर को भी काफी अपडेट किया है. इसमें नया डैशबोर्ड डिजाइन, अपडेटेड सेंटर कंसोल और नए ट्रिम फिनिश दिए गए हैं. भारत में यह कार केवल लॉन्ग-व्हीलबेस वर्जन में उपलब्ध होगी, जिससे पीछे बैठने वाले यात्रियों को भरपूर लेगरूम और आराम मिलेगा. फोर-सीटर वर्जन में कंपनी के एक्जीक्यूटिव रियर सीट मिलते हैं, जिनकी बैकरेस्ट 43.5 डिग्री रिक्लाइन की जा सकती है.
नई एस-क्लॉस में 3.0-लीटर टर्बोचार्ज्ड इनलाइन-6 पेट्रोल इंजन दिया गया है. इस इंजन को एक इलेक्ट्रिक मोटर और 22kWh लिथियम-आयन बैटरी पैक के साथ जोड़ा गया है. कंपनी का कहना है कि, ये प्लग-इाइब्रिड सिस्टम कुल 435 Hp की पावर और 680Nm टॉर्क जेनरेट करता है. इस इंजन को 9-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है, जो रियर व्हील यानी पिछले पहियों को पावर देता है.
कंपनी का दावा है कि नई S 450e केवल इलेक्ट्रिक मोड में 115 किलोमीटर तक चल सकती है. यानी बिना पेट्रोल आप 100 किमी से ज्यादा सफर कर सकेंगे. हाइब्रिड मोड में आमतौर पर ये कार 32 किमी/लीटर का माइलेज देती है. इसके अलावा पिक-अप के मामले में भी इस कार का कोई जवाब नहीं है. यह कार 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार सिर्फ 5.7 सेकंड में पकड़ सकती है. 60kW फास्ट चार्जर से इसकी बैटरी केवल 20 मिनट में 80% चार्ज हो जाती है.
इसमें MBUX सुपरस्क्रीन सेटअप दिया गया है. इसमें 14.4 इंच OLED टचस्क्रीन, 12.3 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 12.3 इंच की फ्रंट पैसेंजर डिस्प्ले शामिल है. सभी सीटों में वेंटिलेशन, हीटिंग और मसाज फंक्शन मिलता है. केबिन इंसुलेशन को और बेहतर बनाया गया है, जिससे शोर और वाइब्रेशन कम महसूस होगा. इसके अलावा गूगल मैप्स को हेड-अप-डिस्प्ले से जोड़ा गया है, जिससे नेविगेशन की जानकारी सीधे ड्राइवर की नजर के सामने दिखाई देती है.
इस कार में OTA अपडेट, AI आधारित वर्चुअल असिस्टेंट, वायरलेस कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी भी मिलती है. पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए 13.1 इंच की रियर एंटरटेनमेंट स्क्रीन दी गई हैं, जिन पर वीडियो स्ट्रीमिंग, गेमिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी सुविधा मिलती है. कंपनी ने यात्रियों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा है.
S-Class में कंपनी ने सेफ्टी का भी भरपूर ख्याल रखा है.इस लग्ज़री हाइब्रिड कार में एडॉप्टिव क्रूज कंट्रोल, इमरजेंसी ब्रेकिंग, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग, लेन-कीप असिस्ट, सराउंड व्यू कैमरा और 15 एयरबैग मिलते हैं. इसमें सीटबेल्ट एयरबैग भी दिए गए हैं. कार में एडॉप्टिव एयर सस्पेंशन के साथ ई-एक्टिव बॉडी कंट्रोल सिस्टम मिलता है. जो सड़क की स्थिति के अनुसार अपने आप सस्पेंशन को एडजस्ट करता है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू