देश के चार राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की विधान परिषद की 28 सीटों पर हुए चुनाव के बाद दूसरे दिन भी मतगणना हो रही है. इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के एनडीए और कांग्रेस के महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर है. कर्नाटक में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. JDS ने सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस से ‘बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र’ छीन लिया जबकि उसकी सहयोगी पार्टी भाजपा अन्य तीन सीट पर आगे चल रही है.
उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर और बिहार की 8 सीटों पर रिजल्ट आना है. यूपी की मेरठ स्नातक और शिक्षक सीट पर बीजेपी उम्मीदवार ने जीत दर्ज की तो शिक्षक एमएलसी वाराणसी खंड से सपा प्रत्याशी ने परचम लहराया. बिहार की तिरहुत शिक्षक सीट भी बीजेपी के खाते में गई है. सारण सीट निर्दलीय के खाते में गई. दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय 324 मतों से जीते.
उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों पर रिजल्ट आना है. इसमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की बात करें तो लखनऊ डिवीजन ग्रेजुएट्स, आगरा, मेरठ और वाराणसी डिवीजन ग्रेजुएट्स शामिल हैं. इलाहाबाद-झांसी डिवीजन ग्रेजुएट्स भी इस लिस्ट में शामिल हैं. बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद डिवीजन टीचर्स सीट शामिल हैं.
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों के वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से चल रही है. लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में सात स्थानों पर मतगणना कराई जा रही है. संबंधित निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित केंद्रों पर वोटों की गिनती चल रही है. लखनऊ में स्नातक सीट की मतगणना रमाबाई रैली स्थल के हॉल नंबर 7 में हो रही है. वहीं लखनऊ में शिक्षक सीट की मतगणना रमाबाई रैली स्थल के हॉल नंबर 8 में हो रही है.
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर काउंटिंग हो रही है. इसमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, तिरहुत, दरभंगा और कोसी सीट शामिल हैं. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीट शामिल है.
कर्नाटक विधान परिषद की 4 सीटों पर काउंटिंग हो रही है. इसमें 2 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. वहीं अगर महाराष्ट्र की बात करें तो उसकी 5 सीटों पर काउंटिंग हो रही है. इसमें 3 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं.
पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 30 उम्मीदवारों में से 23 बाहर हो चुके हैं. अब सात उम्मीदवार मैदान में बचे हैं. भाजपा के कौस्तुभ गावड़े पहले स्थान पर हैं. शिवसेना समर्थित सचिन सनप दूसरे, आरएसपी के दत्तात्रेय सावंत तीसरे और कांग्रेस के जयंत असंगाओकर चौथे स्थान पर हैं.
अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 17वें राउंड की मतगणना के बाद शिवसेना समर्थित महायुति के उम्मीदवार किरण सरनाइक आगे चल रहे हैं. उन्हें 8,575 वोट मिले हैं. कांग्रेस प्रत्याशी अदिति पोहरे को 4,925 वोट मिले, जबकि शिवसेना के बागी उम्मीदवार श्रीकांत देशपांडे को 4,921 वोट मिले हैं. इस तरह किरण सरनाइक कांग्रेस प्रत्याशी से 3,650 वोटों से आगे हैं. इस सीट पर कुल 26 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें से 17 उम्मीदवार बाहर हो चुके हैं.
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.