जिले के नेपानगर क्षेत्र के ग्राम नयाखेड़ा में नवदुर्गा उत्सव के घट विसर्जन के दौरान दो समुदायों के बीच विवाद हो गया. जानकारी के अनुसार, ताप्ती नदी के घाट पर विसर्जन के लिए माता के ज्वारे ले जा रहे श्रद्धालुओं पर धर्म विशेष के लोगों ने पथराव कर दिया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसमें एक युवक घायल हो गया. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची नावरा चौकी की पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामला शांत कराया.
जिले के जैतापुर थाना क्षेत्र के ठीबगांब गांव में युवक-युवती ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली. दोनों कल रात से घर से लापता थे. सुबह खेत के कुएं में उनकी लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मृतकों की पहचान 24 वर्षीय सत्यम धनगर और 17 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. एसडीआरएफ टीम और ग्रामीणों की मदद से शवों को कुएं से बाहर निकाला गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है.
उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटन का पहला ही दिन हाउसफुल रहा. यहां 5 अक्टूबर तक ऑनलाइन बुकिंग पूरी तरह फुल हो चुकी है. अब पर्यटक केवल काउंटर से तत्काल टिकट लेकर ही सफारी की उम्मीद कर सकते हैं. सीज़न के पहले दिन धमोखर गेट से प्रवेश करने वाले सैलानियों ने बाघ दर्शन का आनंद उठाया. शुरुआती दौर में ही पर्यटकों की भीड़ और बाघ के दीदार ने रिजर्व के पर्यटन सीज़न को खास बना दिया है.
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार शाम ग्वालियर पहुंचे, जहां उन्होंने दशहरे की पूर्व संध्या पर लोगों को शुभकामनाएं दीं. आरएसएस के 100 वर्ष पूर्ण होने पर उन्होंने संगठन को बधाई देते हुए कहा कि आरएसएस ने समाज और भारत माता की सेवा के साथ ही राष्ट्रीय और सामाजिक कार्यों से देश के वैभव को बढ़ाया है. वहीं, एशिया कप T20 ट्रॉफी PCB प्रमुख मोहसिन नकवी द्वारा ले जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “पाकिस्तान ने जो करना था, वह किया… और हमने जो करना था, वो करके दिखाया. खेल का मैदान है, भारत सदैव चैंपियन था, आज भी है और भविष्य में भी रहेगा.”
जबलपुर में दशहरे से एक दिन पहले पंजाबी हिंदू एसोसिएशन द्वारा ऐतिहासिक पंजाबी दशहरा मनाया जाता है. इस अवसर पर रावण और कुंभकर्ण के 75 फीट ऊंचे पुतलों का दहन गौरीघाट स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज ग्राउंड में किया जाएगा. बीते 8 दशकों से यह परंपरा शहर में धूम मचा रही है. आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद श्री राम-सीता की झांकी भी निकाली जाएगी. रंगारंग आतिशबाजी से आसमान जगमग होगा और फिर भगवान श्रीराम बुराई के प्रतीक रावण और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन करेंगे. पंजाबी दशहरा में कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह, पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोट, पूर्व विधायक विनय सक्सेना, बीजेपी की राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि आदि मंच पर मौजूद हैं.
जिले के ओरछा बेतवा पुल के पास आज शाम भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद डाला. हादसे में पृथ्वीपुर निवासी सचिन साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ में सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस को बुलाया गया और घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस ने ट्रक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
वैशाली एवेन्यू कालोनी में एक घर से युवती की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवती का किसी प्रेम संबंध से जुड़ा मामला हो सकता है. सूचना मिलते ही सीएसपी सुमित अग्रवाल और कोतवाली थाना प्रभारी श्याम चंद्र शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा. पुलिस की जांच जारी है.
कान्हा टाइगर रिजर्व में नए पर्यटन सीज़न की शुरुआत बेहद शानदार रही. पार्क खुलने के पहले ही दिन पर्यटकों को बाघ ‘वनराज’ के आसानी से दीदार का अवसर मिला. यह दिन खासतौर पर कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के लिए यादगार रहा. नवरात्रि के नौवें दिन दोनों नेताओं ने माता दुर्गा के वाहन बाघ को देखकर खुद को सौभाग्यशाली बताया.
सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है. जांच महिला वकील की शिकायत पर शुरू हुई थी, जिन्होंने बताया कि चार साल के दौरान उन्हें एडीपीओ की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 27 लाख रुपये ठगे गए. छिंदवाड़ा जिले के अन्य लोगों से भी 13 लाख की ठगी हुई. गिरफ्तार आरोपियों में एक बैतूल और दूसरा बिहार के पटना का निवासी है, जबकि भोपाल का एक आरोपी अभी फरार है. मुख्य आरोपी अश्विन धोटे के पास से 5 लाख नगद और दो मोबाइल बरामद किए गए. आरोपी नेशनल हेल्थ मिशन, पोस्ट ऑफिस, रेलवे, महिला बाल विकास विभाग, फॉरेस्ट विभाग और बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देते थे.
कंपू थाना क्षेत्र के आम खो इलाके में मंदिर से लौट रही एक महिला से लूट की कोशिश हुई. जानकारी के अनुसार, शांतिदेवी नामक महिला आर्टिफिशियल जेवर पहने हुई थीं. बदमाशों ने लूट की कोशिश की तो उन्होंने विरोध किया, जिस पर बदमाशों ने उनसे मारपीट कर दी. घायल हालत में स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया. बताया गया कि शांतिदेवी कंपू थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी की मां हैं.
सतना-रीवा मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. माधवगढ़ पुल पर एक युवक ने बुलेट बाइक रोककर नदी में छलांग लगा दी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया. काफी देर की मशक्कत के बाद टीम ने युवक का शव बरामद कर लिया. मृतक की पहचान बृजेश गुप्ता निवासी भरहुत नगर, सतना के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है.
जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के भड़ौता गांव के पास बुधवार सुबह बड़ा हादसा टल गया. बांगरोद गांव के लोग सिंध नदी पर देवी प्रतिमा का विसर्जन कर लौट रहे थे, तभी डीजे से भरा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुलिया से उतरकर खेत में पलट गया. हादसे के दौरान ट्रॉली में बैठे ग्रामीण बाल-बाल बच गए. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सभी को सुरक्षित बाहर निकाला. सूचना पर कोलारस पुलिस मौके पर पहुंची और पास में चल रहे पुल निर्माण की क्रेन व जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को बाहर निकाला.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को वन विहार राष्ट्रीय उद्यान-जू के विहार वीथिका में राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के पर्यटक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. कार्यक्रम में “भारत के वन्यजीव, उनका रहवास एवं आपसी संचार” विषय पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया गया. मुख्यमंत्री वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को वन्यजीव संरक्षण पुरस्कार भी वितरित करेंगे.
सागर के बण्डा थाना क्षेत्र के दलपतपुर में बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. फसल कटाई के लिए खेत जा रहे करीब 35 मजदूरों से भरा पिकअप वाहन अचानक पलट गया. हादसे में एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि दर्जनों मजदूर घायल हो गए हैं. इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप चालक शराब के नशे में था, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया.
गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर मध्य प्रदेश की 14 जेलों से 111 कैदियों को रिहा किया जाएगा. जेल विभाग ने यह निर्णय उन बंदियों के अच्छे आचरण को देखते हुए लिया है. अधिकारियों के अनुसार, जिन कैदियों ने सजा का अधिकांश हिस्सा पूरा कर लिया है और जेल में रहते हुए अनुशासित व्यवहार किया है, उन्हें रिहाई का अवसर दिया जा रहा है.
जबलपुर के मंडी मदार टेकरी क्षेत्र में रविवार सुबह एक अधेड़ की लाश मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सूरज चौधरी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, वह बीती रात अचानक लापता हो गए थे. सुबह स्थानीय लोगों ने नाले में शव देखा और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची हनुमानताल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
नर्मदापुरम के मालाखेड़ी में सड़क पर एक मगरमच्छ दिखाई दिया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया. स्थानीय निवासियों ने तुरंत इस घटना की जानकारी वन विभाग को दी. वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ को रेस्क्यू किया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
नागौद में महिला ने की आत्महत्या, घर में बने पानी के टैंक में डूबने से महिला की मौत. मौके पर पहुंची पुलिस, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस. मृतिका का नाम सुधा अग्रवाल,ससुराल से मायके आई थी महिला, मानसिक अस्वस्थ बताई जा रही महिला.
कोयलांचल से किडनी इन्फेक्शन के मामलों में तीन बच्चों की मौत के बाद तीन और मामले सामने आए. इन तीन बच्चों की भी मौत हो गई. कलेक्टर ने स्वीकार किया कि इन तीन अन्य बच्चों की मौत का कारण भी वही था. जांच पूरी होने के बाद ही इसका पता चला.
रांझी थाना क्षेत्र के बिलपुरा में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है. मंगलवार दोपहर को भारती गुप्ता के घर कन्या भोजन के लिए पहुंचीं बच्चियां अचानक बाहर आकर भागती हुई नजर आईं. बच्चियों के परिजनों ने भारती गुप्ता पर कन्या भोजन के बहाने जादू टोना करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस के मुताबिक परिजनों ने जांच और कार्यवाही की मांग की है. इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चियां घर के बाहर निकलकर जल्दी में भागती हुई नजर आ रही हैं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.