धार में एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे लगभग 20 मजदूर घायल हो गए हैं. इनमें से 1 की हालत गंभीर है. घायल मजदूरों में बच्चे भी शामिल हैं. सभी मजदूर मेघापुरा से सादलपुर मजदूरी करने जा रहे थे. घटना देदला फाटे पर हुई. सभी घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
सिंगरौली जिले को आज एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है. जिले के नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज का वर्चुअल शुभारंभ आज दोपहर 3 बजे किया जाएगा. इस कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा जबलपुर से वर्चुअली करेंगे. इस मौके पर प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे. मेडिकल कॉलेज की शुरुआत होने से सिंगरौली और आसपास के जिलों के छात्रों को अब मेडिकल पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. साथ ही यहां स्वास्थ्य सुविधाओं में भी बड़ा सुधार होगा, क्योंकि कॉलेज से जुड़ा अस्पताल मरीजों के इलाज में अहम भूमिका निभाएगा
बुरहानपुर में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के हस्तक्षेप से महाराष्ट्र के भक्तों को गणपति प्रतिमा मिली. गणेश प्रतिमा मिलते ही श्रद्धालुओं ने “गणपति बप्पा मोरया” और “मुख्यमंत्री मोहन यादव” के जयकारे लगाए. उल्लेखनीय है कि जर्जर सड़क पर ट्रॉली पलटने से गणपति प्रतिमा खंडित हो गई थी और हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी. हादसे के बाद प्रशासन ने गड्ढे भरने की बजाय ऊंची मूर्तियों का हवाला देकर मूर्तिकार सम्राट मौर्य के कारखाने पर ताला जड़ दिया था. इससे महाराष्ट्र से आए 300 से ज्यादा श्रद्धालुओं की बुक की गई मूर्तियां कारखाने में फंस गई थीं. मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से कारखाना खुला और मूर्तियां भक्तों को सौंप दी गईं.
मानपुर थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए हैं. इंदौर शहर के समीप मानपुर में स्थित जाकूखेड़ी गाँव में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान हवाई फायर की घटना हुई. इस हवाई फायर का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. हालांकि, पुलिस को इस घटना की भनक नहीं लगी थी, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मानपुर थाना पुलिस अब जांच में जुट गई है. पुलिस इस वीडियो के आधार पर घटना की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
महाराजबाड़ा पर एक बेकाबू कार सवार ने सड़क पर चल रही अन्य कार और स्कूटी को टक्कर मार दी. इस हादसे में एक बच्चे को गंभीर चोटें आईं. टक्कर मारने के बाद कार सवार अपनी कार लेकर मौके से भाग निकला.पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गस्त के दौरान ताज़िया इलाके में कार का पीछा कर उसे पकड़ लिया. इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की मदद की. पुलिस ने कार को जब्त कर कार सवार को कोतवाली थाने ले जाया.
शिवपुरी के कोलारस थाना क्षेत्र में बाईपास स्थित सब्जी मंडी के पास हाईवे किनारे खड़ी 9 गायों को एक अज्ञात वाहन ने रौंद दिया. इस हादसे में 7 गायों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 गायें घायल हो गईं. गायों की ऐसी हालत देख स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घायल गायों का इलाज कराया जा रहा है. हाईवे पर आवारा मवेशियों की बढ़ती संख्या से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है. प्रशासन को इस दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है ताकि इस तरह की घटनाएं भविष्य में न हों. गायों की इस दुर्घटना ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि सड़क सुरक्षा और मवेशियों की देखरेख पर तत्काल ध्यान दिया जाना चाहिए. स्थानीय समुदाय ने प्रशासन से अपील की है कि वे आवारा मवेशियों के लिए उचित प्रबंधन सुनिश्चित करें ताकि इस तरह की हृदयविदारक घटनाएं दोबारा न हो. यह घटना न केवल मवेशियों के लिए, बल्कि मानव जीवन के लिए भी एक बड़ी चेतावनी है कि सड़कों पर लापरवाही से वाहन चलाना कितना घातक हो सकता है.
तेज़ रफ़्तार डंपर का कहर भदभदा पुल पर देखने को मिला जब उसने तीन कारों को टक्कर मार दी. पहले डंपर ने वेन्यू कार को टकराया और उसे काफी दूर तक घसीटता ले गया. इसी दौरान आई-ट्वेंटी कार भी डंपर की चपेट में आ गई. इसके बाद आगे खड़ी एक लग्ज़री कार भी इस हादसे का शिकार हो गई. हादसे में कार में सवार चार सदस्यीय परिवार बाल-बाल बच गया. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत डंपर चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. यह मामला कमला नगर थाना क्षेत्र का है.
शिवपुरी: सुरवाया थाना क्षेत्र के अमोला घाटी के पास बीयर से भरा ट्रक पलट गया, जिससे ट्रक चालक घायल हो गया और यातायात बाधित हो गया. यह घटना तब हुई जब ट्रक शिवपुरी से झांसी की ओर जा रहा था. इस दुर्घटना के कारण यातायात में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा आज मध्यप्रदेश दौरे पर हैं. जबलपुर में वे स्वास्थ्य सेवाओं और जनहितैषी पहलों का शुभारंभ करेंगे. श्योपुर और सिंगरौली में नए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों का लोकार्पण भी उनके कार्यक्रम में शामिल है. धार, बैतूल, पन्ना और कटनी में पीपीपी मॉडल पर चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना के लिए अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे. इसके अलावा, एक डिजिटल नवाचार के रूप में स्मार्ट चैटबॉट का शुभारंभ भी किया जाएगा. इस दौरे का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में चिकित्सा अधोसंरचना, जनस्वास्थ्य सुरक्षा और तकनीक आधारित सेवाओं का विस्तार करना है.
कंपनी मेंटनेंस के चलते 2 से 6 घंटे तक बिजली कटौती होगी. सुबह 10 से शाम 4 बजे तक भैंसाखेड़ी, बैरागढ़ मंडी, त्रिभुवन कॉलोनी, महेंद्रा एंपल, शिव आंगन, अर्बन रिवर, मुकुंद रत्नम इलाकों में बिजली नहीं रहेगी.
सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक बर्रई, कस्तूरी होम्स, करुणा धाम, सुदामा नगर, पुलिस थाना कटारा हिल्स में बिजली गुल रहेगी.
सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक आदमपुर, सुरेंद्र गार्डन, आदर्श नगर, शिवशक्ति नगर, फॉरच्यून डिलाइट, निरुपम फेस-1, बफार्नी धाम में बिजली कटौती होगी.
आज जबलपुर शहर राजनीति और धार्मिक आस्था का संगम बनने जा रहा है. जहां एक तरफ मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य सेवाओं के नए अध्याय की शुरुआत होगी, वहीं दूसरी तरफ मां नर्मदा की भव्य आरती से माहौल आध्यात्मिक रंग में रंग जाएगा. सीएम मोहन यादव सुबह 11 बजे भोपाल से जबलपुर रवाना होंगे और दोपहर 12 बजे तक डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां वे जेपी नड्डा का स्वागत करेंगे. एयरपोर्ट से सीधे उनका काफिला रानीताल स्थित बीजेपी कार्यालय पहुंचेगा, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात होगी.