NHAI का नया सिस्टम निकला कमाई की मशीन! Toll पर बिना गाड़ी रोके जुटाए 538.95 करोड़ रुपये – AajTak

Feedback
देश के हाईवे पर सफर करने वालों के लिए टोल प्लाजा का अनुभव जल्द ही पूरी तरह बदल सकता है. अब टोल टैक्स देने के लिए गाड़ियों को लंबी कतारों में खड़े होने या रुकने की जरूरत नहीं होगी. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) का बैरियर-फ्री मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम इस दिशा में बड़ा बदलाव ला रहा है. खास बात यह है कि इस नई तकनीक से न सिर्फ सफर आसान हो रहा है, बल्कि सरकार की टोल से होने वाली कमाई में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. NHAI के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इस सिस्टम से जुड़े सात टोल प्लाजा पर टोल कलेक्शन में 15.66% से लेकर 26.85% तक की बढ़ोतरी हुई है.
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के तहत आने वाले NHAI ने देश के प्रमुख हाईवे पर अब तक कुल 9 बैरियर-फ्री MLFF सिस्टम लगाए हैं. हालांकि, इनमें से केवल 7 टोल प्लाजा को ही 31 अक्टूबर 2026 तक के आंकड़ों में शामिल किया गया है. बाकी दो टोल प्लाजा हाल ही में शुरू हुए हैं, इसलिए उनके आंकड़े अभी उपलब्ध नहीं हैं.
NHAI के मुताबिक, इन सात टोल प्लाजा से कुल 538.95 करोड़ रुपये का नेट टोल रेवेन्यू हासिल हुआ है. जबकि MLFF सिस्टम लागू होने से पहले इन टोल प्लाजा से होने वाली कमाई का आंकड़ा 449.72 करोड़ रुपये था. इस तरह नई तकनीक लागू होने के बाद कुल 89.23 करोड़ रुपये की एक्सट्रा कमाई हुई है. यानी पुराने आंकड़ों के मुकाबले टोल कलेक्शन में 19.84% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
किन टोल प्लाजा पर लागू हुआ MLFF सिस्टम
देश में सबसे पहले गुजरात के चोरयासी टोल प्लाजा पर 1 मई 2026 को MLFF सिस्टम शुरू किया गया था. इसके बाद अलग-अलग हाईवे पर इस तकनीक को लगाया गया. वहीं, तमिलनाडु के नेमिली और चेनासमुद्रम टोल प्लाजा पर क्रमशः 12 नवंबर और 21 नवंबर 2026 को इस सिस्टम का उद्घाटन किया गया. ये दोनों सबसे नए MLFF टोल प्लाजा हैं और अभी तक 7 टोल प्लाजा के राजस्व संबंधी आंकड़ों में शामिल नहीं किए गए हैं.
NHAI का कहना है कि इस तकनीक के लागू होने के बाद सभी संबंधित टोल प्लाजा पर टोल ट्रांजैक्शन की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है. इसका मतलब है कि इन रास्तों से पहले के मुकाबले ज्यादा वाहन गुजर रहे हैं और टोल कलेक्शन भी बढ़ रहा है.
देश के 7 MLFF टोल प्लाजा पर टोल कलेक्शन में बढ़ोतरी
कैसे काम करता है बैरियर-फ्री टोल सिस्टम
मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम में टोल वसूली के लिए गाड़ियों को रोकने की जरूरत नहीं पड़ती. इसमें हाईवे के ऊपर लगाए गए खास कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट को स्कैन करते हैं. इसके साथ ही लंबी दूरी तक काम करने वाले रेडियो सिस्टम की मदद से गाड़ी में लगे FASTag की पहचान भी की जाती है. दोनों जानकारियों का मिलान करके वाहन और उसके रजिस्टर्ड मालिक की पहचान की जा सकती है.
इस सिस्टम में गाड़ियां बिना रुके और बिना किसी खास लेन में जाने के टोल पॉइंट से गुजर सकती हैं. यानी ड्राइवर को टोल बूथ पर रुकने, FASTag स्कैन होने का इंतजार करने या आगे निकलने के लिए दूसरी गाड़ियों से जगह बनाने की जरूरत नहीं होती.
अगर किसी वाहन का FASTag या नंबर प्लेट सिस्टम में वेरिफाई नहीं हो पाता है, तब भी उसे सड़क पर रोककर पीछे आने वाले वाहनों का रास्ता नहीं रोका जाता. ऐसे मामलों में बाद में इलेक्ट्रॉनिक चालान के जरिए कार्रवाई की जाती है.
टोल कलेक्शन के साथ ई-चालान से भी हो रही वसूली
NHAI के मुताबिक, MLFF सिस्टम से जुड़े टोल प्लाजा पर जारी किए गए ई-चालान की कुल रकम में से करीब 60% राशि की वसूली भी की जा चुकी है. इससे पता चलता है कि ऑटोमैटिक टोल सिस्टम के जरिए नियमों का पालन कराने और बकाया रकम वसूलने में भी मदद मिल रही है. इस तकनीक का एक बड़ा फायदा यह भी है कि टोल प्लाजा पर वाहनों की भीड़ कम होती है. इससे लोगों का समय बचता है और बार-बार गाड़ी रोकने या धीमी करने की जरूरत नहीं पड़ती. नतीजतन फ्यूल की खपत और प्रदूषण में भी कमी आती है. इसके अलावा टोल प्लाजा के संचालन पर NHAI का खर्च भी कम होता है.
नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों पर NHAI की नजर
हालांकि, इस नई तकनीक के सामने कुछ चुनौतियां भी आ रही हैं. NHAI ने ऐसे कई मामले देखे हैं, जिनमें वाहन मालिक जानबूझकर अपनी गाड़ियों की नंबर प्लेट को ढक देते हैं या उसमें बदलाव करते हैं. ऐसा करने का मकसद कैमरों को नंबर प्लेट पहचानने से रोकना और टोल टैक्स देने से बचना होता है. ऐसे मामलों पर लगाम लगाने के लिए NHAI ने कुछ MLFF टोल प्लाजा पर पुलिस चेकपोस्ट भी बनाए हैं. इसके साथ ही संबंधित राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है, ताकि टोल चोरी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके.
NHAI आने वाले समय में इस तकनीक को और बेहतर बनाने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बेस्ड व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम पर काम किया जा रहा है. साथ ही MLFF को केंद्र सरकार के Vahan वाहन डेटाबेस से भी जोड़ा जा रहा है. इससे वाहनों की पहचान और टोल चोरी करने वालों को पकड़ना आसान हो सकता है. टोल टैक्स चोरी करने वालों पर सख्ती बढ़ाने के लिए कई तरह की सजा पर भी विचार किया जा रहा है. 
 
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News