अमेरिका ने वेनेजुएला की राजधानी काराकास सहित सैन्य सुविधाओं और कई खास जगहों पर एयरस्ट्राइक किया. कराकस के साथ-साथ मिरांडा, अरगुआ और ला गुइरा राज्यों में बम धमाके हुए. इस हमले के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने देश में नेशनल इमरजेंसी की घोषणा कर दी. इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया एडेला फ्लोरेस अब अमेरिकी सैनिकों के कब्जे में हैं.
अमेरिकी मीडिया CBS न्यूज के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के अंदर सैन्य सुविधाओं और कई खास जगहों पर हमले का आदेश दिया था. हमले के बाद निकोलस मादुरो ने बयान जारी कर कहा था कि वे इसका जवाब देंगे. अमेरिकी संघीय विमानन प्राधिकरण (एफएए) ने ‘‘जारी सैन्य गतिविधि’’ का हवाला देते हुए काराकस में विस्फोटों से पहले वेनेजुएला के हवाई क्षेत्र में यूएस कमर्शियल फ्लाइट पर प्रतिबंध लगा दिया. काराकस में एक सैन्य अड्डे से धुआं उठता देखा गया. राजधानी के एक अन्य सैन्य प्रतिष्ठान में बिजली गुल रही. विभिन्न इलाकों में लोग घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए.
वेनेजुएला ने 2 दिसंबर को कहा था कि वह मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए अमेरिका के साथ एक समझौते पर बातचीत के लिए तैयार है. वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने पहले से रिकॉर्ड किए गए एक इंटरव्यू में कहा था कि अमेरिका वेनेजुएला में सरकार बदलने के लिए दबाव बनाना और उसके विशाल तेल भंडार तक पहुंच हासिल करना चाहता है.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले कई बार वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हटाने की अपनी रणनीति के तहत वेनेजुएला में ग्राउंड ऑपरेशन की संभावना के बारे में चेतावनी दी थी. इन चेतावनियों के बाद ही वेनेजुएला में कई धमाकों की आवाज सुनाई दी है.दबाव बनाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ने वेनेजुएला पर बैन बढ़ाए हैं, इलाके में अमेरिकी सेना की मौजूदगी बढ़ाई है, और कैरिबियन और पैसिफिक दोनों में जहाजों पर ड्रग ट्रैफिकिंग का आरोप लगाया है.
वेनेजुएला की राजधानी कराकस में हुए अमेरिकी हवाई हमले में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई. यह जानकारी वेनेजुएला के एक अधिकारी ने द न्यूयॉर्क टाइम्स को दी.ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिजॉल्व नामक यह हवाई हमला 3 जनवरी को शुरू किया गया था. हमले के बाद अमेरिकी सेना ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया.
जोहरान ममदानी ने कहा कि उन्हें आज सुबह अमेरिकी सेना द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी की गिरफ्तारी तथा उन्हें न्यूयॉर्क सिटी में संघीय हिरासत में रखने की योजना के बारे में जानकारी दी गई. उन्होंने कहा कि किसी संप्रभु राष्ट्र पर एकतरफा हमला करना युद्ध की कार्रवाई है और यह संघीय व अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है.
Source: IOCL
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.