अलीगढ़ में गुरुवार को संयुक्त किसान मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत गुट) के नेतृत्व में किसानों ने अमेरिका-भारत प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन अलीगढ़ कलेक्ट्रेट पर हुआ। इस दौरान किसानों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का पुतला फूंकने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया।
पुलिस द्वारा पुतला छीनने के प्रयास के दौरान किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
प्रदर्शन के बाद किसानों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन एसीएम द्वितीय दिग्विजय सिंह को सौंपा। ज्ञापन में अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापारिक समझौते को तत्काल रद्द करने की मांग की गई है।
किसानों का आरोप है कि यह प्रस्तावित डील पूरी तरह किसान विरोधी है। उनका कहना है कि इससे देश के कृषि, डेयरी और पशुपालन क्षेत्रों को गंभीर नुकसान पहुंचेगा।
भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत के जिलाध्यक्ष वीर सिंह फौजी ने कहा कि अमेरिका से होने वाली यह डील किसानों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विदेशी दूध और कृषि उत्पाद भारतीय बाजार में आते हैं, तो स्थानीय किसानों और पशुपालकों की आजीविका पर सीधा संकट खड़ा हो जाएगा।
फौजी ने यह भी कहा कि यदि यह डील वापस नहीं ली गई, तो देशभर में एक बड़ा किसान आंदोलन शुरू किया जाएगा।
संयुक्त श्रमिक किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रिजवान शाह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान और जवान देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसान इस समझौते को सिरे से खारिज करते हैं।
शाह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की आवाज नहीं सुनी, तो अलीगढ़ से दिल्ली तक एक महा रैली निकालकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
किसानों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की जाती है, तो आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.