आंध्र प्रदेश में एक बीजेपी नेता की हत्या की साजिश का पर्दाफाश हुआ है, जिसमें उनकी मोटरसाइकिल जलाने की घटना …और पढ़ें
पत्नी ने ही पति की हत्या के लिए रची थी साजिश।
बीजेपी नेता की हत्या की साजिश का पर्दाफाश हुआ।
पत्नी प्रशांतिका और पांच अन्य आरोपी गिरफ्तार किए गए।
मोटरसाइकिल जलाने की घटना से खुला बड़ा राज।
डिजिटल डेस्क, अमरावती। आंध्र प्रदेश से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक स्थानीय बीजेपी नेता की हत्या की साजिश का पर्दाफाश हुआ है।
पुलिस ने जब एक मामूली सी घटना नेता की बाइक जलाने की जांच शुरू की, तो जो सच सामने आया उसने सबको चौंका दिया। इस मामले में पुलिस ने बीजेपी नेता की पत्नी समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि यह पूरा वाकया 13 सितंबर की रात का है, जब आंध्र प्रदेश में बीजेपी के मंडल अध्यक्ष मुनिराजु की मोटरसाइकिल को कुछ लोगों ने आग के हवाले कर दिया था। शुरुआत में मुनिराजु की शिकायत पर पुलिस ने इसे सिर्फ संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का एक आम मामला मानकर जांच शुरू की।
पुलिस ने पहले यह एंगल खंगाला कि कहीं यह किसी स्थानीय राजनीतिक विवाद या विनायक चविथी फ्लेक्सी विवाद से जुड़ा हुआ तो नहीं है, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लगा।
इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की। इसके आधार पर पुलिस ने पांच युवकों साई, उदय किरण, लीला कृष्णा, पृथ्वीराज और हरीश की पहचान की और उन्हें हिरासत में ले लिया। पूछताछ में इन लोगों ने बाइक जलाने की बात कबूल कर ली। लेकिन, इस जांच में तब एक बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ आया जब मुनिराजु की पत्नी प्रशांतिका का नाम इस साजिश से जुड़ गया।
इतना ही नहीं पुलिस जांच में सामने आया कि बीजेपी नेता की पत्नी प्रशांतिका के आरोपी साई के साथ करीबी संबंध थे। प्रशांतिका सोशल मीडिया के जरिए अपने पति की हर गतिविधि और लोकेशन की जानकारी साई के साथ शेयर करती थी।
पुलिस के मुताबिक, प्रशांतिका और इन सभी आरोपियों ने कई बार मिलकर मुनिराजु की हत्या की साजिश रची थी, हालांकि वे अपने इस नापाक मकसद को अंजाम तक नहीं पहुंच पाए थे। बाइक जलाने की घटना भी इसी बड़ी साजिश का एक हिस्सा थी।
गौरतलब है कि पुलिस ने इस मामले में साजिश रचने वाली पत्नी प्रशांतिका और उसके आरोपी पांचों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की और गहराई से जांच कर रही है।