आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज 13 जून 2025 Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: एअर इंडिया ने पुष्टि की है कि गुरुवार को लंदन जा रहे उसके विमान के अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार 241 लोगों की मौत हो गई। विमानन कंपनी ने देर रात जारी एक बयान में कहा, ‘‘हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत की पुष्टि हो चुकी है।’’ बयान में कहा गया है कि एकमात्र जीवित व्यक्ति भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है और उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज घटनास्थल का दौरा करेंगे और अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे। वहीं, इंदौर के राजा रघुवंशी के हत्यारों की योजना किसी महिला की हत्या कर उसके शव को जलाने की थी ताकि उसे राजा की पत्नी सोनम का शव बताया जा सके और सोनम सच्चाई सामने आने तक कुछ और दिनों तक छिपी रहे। मेघालय पुलिस को यह भी पता चला कि सोनम का प्रेमी राज कुशवाह हत्या की साजिश का मास्टरमाइंड था और वह सह-साजिशकर्ता थी। सोनम से पूछताछ के पहले दिन उसके कथित प्रेमी राज और तीन अन्य ने यह भी खुलासा किया कि सोनम बुर्का पहनकर मेघालय से भागी थी और टैक्सी, बस और ट्रेन जैसे विभिन्न परिवहन साधनों का उपयोग करके इंदौर पहुंची थी। पढ़ें- देशभर के मौसम का हाल
इजरायल रक्षा बलों का कहना है कि उसने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर हमला करने के लिए एक सटीक, संयुक्त आक्रमण शुरू किया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अपने बयान में कहा, “आज रात, इजरायल ने ईरान के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की। हम ईरान के खिलाफ हमलों में शामिल नहीं हैं और हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता क्षेत्र में अमेरिकी सेना की रक्षा करना है। इजरायल का मानना है कि यह कार्रवाई उसकी आत्मरक्षा के लिए आवश्यक थी। राष्ट्रपति ट्रम्प और प्रशासन ने हमारी सेनाओं की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं और हमारे क्षेत्रीय भागीदारों के साथ निकट संपर्क में बने हुए हैं। मैं स्पष्ट कर दूं कि ईरान को अमेरिकी हितों या कर्मियों को निशाना नहीं बनाना चाहिए।” वहीं, एनआईए ने पंजाब और हरियाणा में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) आतंकवादी संगठन से जुड़े कई परिसरों पर छापेमारी की। एनआईए के बयान के मुताबिक, पंजाब के अमृतसर जिले में एक पुलिस चौकी पर जनवरी 2025 में हुए ग्रेनेड हमले के सिलसिले में अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, पठानकोट, कपूरथला, रूपनगर जिलों और हरियाणा के सिरसा समेत कुल 15 स्थानों पर तलाशी ली गई। देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स के लिए पढ़ें jansatta.com
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने चीन के उप विदेश मंत्री सन वेइदोंग से मुलाकात की, जो 12-13 जून 2025 को भारत की दो दिवसीय यात्रा पर हैं।विदेश सचिव ने इस वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा को फिर से शुरू करने के लिए चीनी पक्ष के सहयोग की सराहना की। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्षों (भारत-चीन) ने दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवाओं को फिर से शुरू करने के लिए शामिल कदमों में तेजी लाने पर सहमति व्यक्त की। दोनों पक्षों ने वीजा सुविधा और मीडिया और थिंक-टैंक के बीच आदान-प्रदान के लिए व्यावहारिक कदम उठाने पर भी सहमति व्यक्त की।
प्रधानमंत्री मोदी ने आज एअर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल का दौरा किया और जमीनी स्थिति का आकलन किया। गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे।
अहमदाबाद: AI171 विमान दुर्घटना स्थल पर एनडीआरएफ के हरिओम गांधी ने कहा, “एनडीआरएफ की 6 टीमें घटनास्थल पर हैं, वे राज्य और केंद्रीय टीमों (एजेंसियों) के साथ मिलकर काम कर रही हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी AI-171 विमान दुर्घटना में घायल हुए लोगों से मिलने अहमदाबाद सिविल अस्पताल पहुंचे। गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे।
इजरायल में भारतीय दूतावास ने इजरायल में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एक सलाह जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है, “क्षेत्र में मौजूदा स्थिति को देखते हुए, इजरायल में सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और इजरायली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड (https://oref.org.il/eng) द्वारा बताए गए सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी जाती है। कृपया सावधानी बरतें, देश के भीतर अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षा आश्रयों के करीब रहें।”
भाजपा नेता विजय रूपाणी की पत्नी अंजलि रूपाणी गुजरात के गांधीनगर स्थित अपने आवास पर पहुंचीं। बीजेपी नेता विजय रूपाणी की कल एयर इंडिया AI-171 विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
एनडीआरएफ ने गुजरात के अहमदाबाद में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए टीमों की संख्या बढ़ाकर सात कर दी है। एनडीआरएफ इंस्पेक्टर विनय कुमार ने कहा कि विशेष बल ने अब तक 81 शव बरामद किए हैं और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सात टीमों को तैनात किया है।
एअर इंडिया के एमडी और सीईओ कैंपबेल विल्सन अहमदाबाद में AI-171 विमान दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी और भाजपा के राज्य महासचिव (संगठन) रत्नाकर अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचे।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने पुष्टि की है कि एयर इंडिया की उड़ान संख्या 171 की घातक दुर्घटना की औपचारिक जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) द्वारा शुरू कर दी गई है, जिसमें विमान में सवार 241 लोग मारे गए थे।