भास्कर न्यूज|बगहा
नगर के वार्ड नंबर 23 के मारवाड़ी टोला मोहल्ले में बिजली का लोहे का खंभा लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बना है। खंभे में करंट उतरने से गुरुवार को एक पशु की मौत हो गई, इसके बाद भी बिजली विभाग ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया। मोहल्लेवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि खंभे में करंट उतरने की दिक्कत कई वर्षों से है। विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, हर बार अस्थायी उपाय कर मामला टाल दिया गया। अब लोगों को आशंका है कि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो कोई बच्चा या राहगीर भी चपेट में आ सकता है। मोहल्लेवासियों के मुताबिक शिकायत पर कभी खंभे को प्लास्टिक से ढक दिया जाता है, कभी तारों को थोड़ा ऊपर कर दिया जाता है। समस्या फिर भी बनी रहती है, लोगों का आरोप है कि अब तक ऐसा स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे खंभा सुरक्षित हो सके। गुरुवार को करंट लगने से पशु की मौत के बाद भी स्थिति नहीं बदली। जिस जगह खंभा लगा है, वहां से मोहल्ले के लोगों का लगातार आना-जाना रहता है। छोटे बच्चे भी आसपास खेलते हैं। खंबे के संपर्क में आने से बड़े हादसे की आशंका है।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.