Kal Ka Mausam 28 May 2026: भीषण गर्मी और लू की चपेट में झुलस रहे देश के कई राज्यों के लिए राहत वाली खबर सामने आई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश समेत कुल 11 राज्यों में अगले 48 घंटों के अंदर तूफानी बारिश, गरज-चमक, तेज आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और मानसून की पूर्वानुमानित प्रगति के चलते इन राज्यों में मौसम तेजी से बदलने वाला है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 28 मई से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जाएगी और लू का प्रकोप कम होगा। हालांकि, इस दौरान तेज हवाओं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं। इस बीच खबर है कि केरल में अगले 48 घंटों के अंदर दक्षिण-पश्चिम मानसून की आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है। लेकिन इस वर्ष अल नीनो के प्रभाव के कारण मानसून सामान्य से कमजोर रहने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और मानसून की प्रक्रिया से प्रभावित होने वाले प्रमुख राज्य उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और केरल है। इनमें से अधिकतक राज्यों में 28 मई से लेकर 31 मई तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश, 50-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में अभी भीषण गर्मी और लू का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन तक तापमान ऊंचा रहने और लू चलने की संभावना है। आईएमडी की माने तो 28 मई से मौसम करवट ले सकता है। गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 29 मई को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। 30 और 31 मई को भी गरज-चमक, बारिश और आंधी की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर, अयोध्या और आसपास के जिलों में 28 से 31 मई के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। 29 मई को कई जिलों में सबसे ज्यादा असर रहने की आशंका है। इस दिन हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और ओलावृष्टि भी हो सकती है।
बिहार में 28 और 29 मई को कटिहार, पूर्णिया, पूर्वी चंपारण, भागलपुर, मुंगेर समेत कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। हवाओं की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। इस दौरान ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलें और बिजली व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
राजस्थान में मौसम विभाग ने 27 और 28 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 मई से राज्य के विभिन्न हिस्सों में धूल भरी आंधी और बारिश शुरू होने की संभावना है। 29 से 31 मई के बीच इसका अधिकतम असर रहेगा। जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभागों में 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं, धूल भरी आंधी और कहीं-कहीं अच्छी बारिश हो सकती है।
महाराष्ट्र के कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं। 29 मई से मौसम में सुधार होने की उम्मीद है, जिससे चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी। विदर्भ क्षेत्र के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर समेत कई जिलों में 28-29 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
आईएमडी के अनुसार, उत्तराखंड के चमोली, पंतनगर, रानीखेत, चंपावत, नैनीताल और देहरादून में पहले से ही तेज हवाएं दर्ज की जा चुकी हैं। 28 से 30 मई के दौरान राज्य में बारिश, आंधी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, रामबन, पुंछ, डोडा और अन्य पहाड़ी इलाकों में 28 से 30 मई तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। कई इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है।
बारिश की संभावना के बावजूद वर्तमान में गर्मी का प्रकोप काफी तेज है। जयपुर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस, भोपाल में 42 डिग्री और दिल्ली में 41 डिग्री तक पहुंच गया है। कई अन्य शहरों में भी तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 मई के बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। बारिश और तेज हवाओं से न सिर्फ गर्मी से राहत मिलेगी बल्कि वायु प्रदूषण में भी सुधार हो सकता है।
देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play