फिल्म 'जोश' में शाहरुख खान और 'जय हो' में सलमान खान के को-स्टार रहे शरद कपूर लगातार अपनी खराब सेहत को लेकर चर्चा में हैं। उनकी दोस्त और एनिमल एक्टिविस्ट हेमा चौधरी हर दिन उनकी सेहत से जुड़ा नया अपडेट दे रही हैं। अब हेमा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह खुद को फिल्म क्रिटिक और बॉलीवुड एक्टर बताने वाले कमाल राशिद खान उर्फ केआरके पर भड़कती नजर आ रही हैं। इस वीडियो में हेमा ने आरोप लगाया है कि केआरके ने शरद कपूर के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा, "कमाल आर. खान भाई, इंसान कोई घटिया नहीं होता। उसका वक्त और हालात बुरे होते हैं।"
हेमा चौधरी ने अपने वीडियो में शरद कपूर की सेहत से जुड़ा अपडेट भी दिया है। अपने ट्रस्ट बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किए गए इस वीडियो में वह कहती नजर आ रही हैं, "शरद कपूर का ट्रीटमेंट शुरू होने वाला है। बहुत सारी दुआएं भेजिए।"
हेमा के मुताबिक, शरद का जोश हाई है और वह हालात से लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने बताया कि इंस्टाग्राम और फोन कॉल के जरिए लोग शरद के लिए दुआएं भेज रहे हैं। हेमा ने शरद की तरफ से सभी का शुक्रिया भी अदा किया।
वीडियो में आगे हेमा चौधरी केआरके पर भड़कती नजर आती हैं। उन्होंने कहा, "कमाल आर. खान साहब, भाई, अब तक तो शरद कपूर को दुआएं मिल रही थीं। कल रात से मुझे एनिमल वेलफेयर के लोगों ने परेशान कर दिया कि आपके लिए एक वीडियो डाला जाए और आपको फोन किया जाए। मैं आपको फोन नहीं करूंगी। मैं जानती हूं कि आप मुझे जानते हो। मैंने भी मनोज तिवारी जी को लेकर एक भोजपुरी फिल्म बनाई थी। पहले आपने हिंदी मूवी की, फिर भोजपुरी में ट्राय मार रहे थे। लेकिन भाईसाहब, आपको कौन हीरो लेता?"
हेमा ने वीडियो में आगे कहा, "आप कुत्ते-कुत्ते कर रहे हो कि कुत्तों के साथ (शरद कपूर) रहते थे। आप जीता-जागता उदाहरण बन गए कि कुत्ते इंसान से अच्छे हैं। हमेशा कहते हैं कि Dogs are a man's best friend, men are not (कुत्ते आदमी के सबसे अच्छे दोस्त होते हैं, आदमी नहीं)। आप उनको घटिया बुला रहे हो। आपको कैसे पता चला कि वह घटिया इंसान है? वह गहरे दर्द में है। वह मर रहा है। वह मर रहा था। मैंने एक वीडियो डाला और बताया कि उन्होंने डॉग्स के साथ निर्दयता नहीं की। क्योंकि आपकी तरह दो इंसान और हैं, जो शरद कपूर को घटिया इंसान साबित करने की कोशिश कर रहे थे। वे यह साबित करना चाहते थे कि उन्होंने कुत्तों के साथ निर्दयता की। बेरहमी तब होती, जब शरद अच्छी हालत में होते और कुत्तों को मारपीट कर सुसु-पॉटी में रखते।"
हेमा चौधरी ने केआरके से कहा कि अगर वह शरद कपूर के लिए कुछ अच्छा नहीं कर सकते, तो कम से कम उनके लिए दुआ ही कर लें। उन्होंने शरद की सेहत को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि उन्हें संदेह है कि वह ठीक हो पाएंगे या नहीं। हेमा ने यह आशंका भी जताई कि शरद को स्ट्रोक आ सकता है। उनके मुताबिक, अभी यह भी पता नहीं है कि उनके शरीर के अंदर कौन-सी चीजें ठीक हैं और कौन-सी खराब हो चुकी हैं।
हेमा ने आरोप लगाया कि केआरके फिल्म इंडस्ट्री में किसी को नहीं छोड़ते। उनके मुताबिक, उन्होंने रणवीर सिंह के करियर पर भी टिप्पणी करते हुए उन्हें 'लुक्खा' बताया था, लेकिन फिल्म 'धुरंधर' आने के बाद उन्हें करारा जवाब मिल गया। हेमा का आरोप है कि केआरके सिर्फ व्यूज बढ़ाने के लिए सलमान खान और रणवीर सिंह समेत बॉलीवुड के सितारों को निशाना बनाते हैं।
वीडियो के आखिर में हेमा ने केआरके पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, "आप घटिया इंसान हो। एक इंसान मौत की कगार पर खड़ा हुआ है। यह गलत बात है। लोगों को आपके ऊपर थूकना चाहिए। मैं और सभी एनिमल वेलफेयर वाले आपकी निंदा करते हैं। कैमरे के सामने मैं यही कह सकती हूं कि कुत्ते आपसे अच्छे हैं। आपको शर्म नहीं आती कि लंदन में बैठे-बैठे यह सब बकवास कर रहे हो। बॉम्बे में अगर आप होते तो आप पर पत्थर पड़ते।"
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।