गर्मी ने उड़ाई रातों की नींद! भारत के इन शहरों में ठीक से नहीं सो पा रहे लोग, रिपोर्ट में हुआ खुलासा – India.Com

Published By: Rishabh Kumar | Updated: Jul 18, 2026, 10:48 PM
ग्लोबल वार्मिंग का असर अब सिर्फ मौसम तक सीमित नहीं रहा. भारत के कई शहरों में रात का तापमान इतना बढ़ गया है कि लोग हर साल 66 से 93 घंटे तक कम सो पा रहे हैं. आइए जानते हैं किन शहरों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ा है और गर्मी नींद को कैसे प्रभावित करती है.
क्लाइमेट सेंट्रल की नई रिपोर्ट में बताया गया है कि जलवायु परिवर्तन की वजह से रात का तापमान लगातार बढ़ रहा है. इसका सीधा असर लोगों की नींद पर पड़ रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, भारत के कई शहरों में लोग हर साल 66 से 93 घंटे तक कम सो पा रहे हैं. लगातार गर्म रातों की वजह से शरीर को आराम नहीं मिल पाता. इससे अगले दिन थकान, कमजोरी और काम करने की क्षमता पर भी असर पड़ सकता है.
रिपोर्ट के अनुसार, सबसे ज्यादा असर दक्षिण भारत के शहरों में देखा गया है. चेन्नई, नेल्लोर और कोझिकोड इस सूची में सबसे ऊपर हैं. इनके अलावा विजयवाड़ा, गुंटूर, कन्नूर, कोच्चि, तिरुवनंतपुरम, तिरुनेलवेली और भुवनेश्वर भी शामिल हैं. मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और दिल्ली जैसे बड़े शहरों में भी लोगों की नींद कम हो रही है. दिल्ली में औसतन सालभर में करीब 67 घंटे की नींद कम होने का अनुमान लगाया गया है.
रिपोर्ट में 2020 से 2025 के बीच के आंकड़ों का अध्ययन किया गया. इसमें पाया गया कि हर व्यक्ति ने गर्म रातों की वजह से औसतन 56 घंटे की नींद खोई. कई भारतीय शहरों में यह नुकसान 80 से 90 घंटे तक पहुंच गया. वैज्ञानिकों ने मौजूदा तापमान की तुलना उस तापमान से की, जो ग्लोबल वार्मिंग न होने पर हो सकता था. इससे पता चला कि नींद की कमी में जलवायु परिवर्तन की बड़ी भूमिका है.
रिपोर्ट में बताया गया है कि 1970 के दशक की तुलना में अब गर्मी की वजह से नींद कम होने की समस्या लगभग दोगुनी हो गई है. पहले जितनी गर्म रातें होती थीं, अब उनकी संख्या काफी बढ़ गई है. इसका असर लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है. अगर ग्लोबल वार्मिंग की रफ्तार इसी तरह बनी रही, तो आने वाले वर्षों में रात की गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है.
रात की गर्मी का असर हर व्यक्ति पर एक जैसा नहीं होता. 65 साल से ज्यादा उम्र के लोगों पर इसका असर सबसे ज्यादा देखा गया है. महिलाओं और पहले से गर्म इलाकों में रहने वाले लोगों को भी ज्यादा परेशानी होती है. इसके अलावा कम और मध्यम आय वाले देशों के लोगों पर इसका प्रभाव ज्यादा पाया गया है. विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ते तापमान के साथ यह समस्या और गंभीर हो सकती है.
अगर गर्मी की वजह से नींद पूरी नहीं हो रही है, तो कमरे को जितना हो सके ठंडा रखें. रात में हल्के कपड़े पहनें और सोने से पहले पर्याप्त पानी पिएं. कमरे में हवा का सही इंतजाम रखें और बहुत भारी भोजन करने से बचें. अगर संभव हो तो पंखे, कूलर या एसी का इस्तेमाल करें. अच्छी नींद सिर्फ आराम के लिए नहीं, बल्कि शरीर और दिमाग दोनों को स्वस्थ रखने के लिए भी बहुत जरूरी होती है. (All Image: AI)
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News