Total Tv
totaltv.in
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में जूमागाछ बॉर्डर आउटपोस्ट पर सीमा सुरक्षा को और सुदृढ़ करने वाली स्वदेशी और अत्याधुनिक तकनीकों का अवलोकन किया। केन्द्रीय गृहमंत्री ने रेडियो आधारित बाड़ भेदन पहचान प्रणाली का अवलोकन किया, जिससे सीमा पर लगी बाड़ में छेड़छाड़ पर पूर्व-रिकॉर्डेड संदेश के प्रसारण द्वारा जवानों को तत्काल सजग किया जाता है।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने 47 करोड़ रूपए की लागत वाली BSF की 3 परियोजनाओं का ई-शिलान्यास भी किया। इसके साथ ही, गृह मंत्री ने पश्चिम बंगाल में सीमा सुरक्षा की 2 सीमा चौकियों के लिए नवअधिग्रहित भूमि पर 30 करोड़ रूपए की लागत से 4 किलोमीटर लंबी सीमा तारबंदी निर्माण योजना का ई-शिलान्यास किया। केन्द्रीय गृह मंत्री ने प्रहरी सम्मेलन के दौरान BSF के जवानों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री और सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
केन्द्रीय गृहमंत्री ने नदी-नाले वाले दुर्गम इलाकों या सीमा पर लगी बाड़ के बीच के खुले हिस्सों को सुरक्षित बनाने के लिए लगाए गए इन्फ्रा-रेड अलार्म सिस्टम को भी देखा, जो इन्फ्रा-रेड किरणों के बीच अवरोध आते ही जवानों को खतरे की अग्रिम चेतावनी देता है।
गृहमंत्री अमित शाह ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर नागरिकों और किसानों की आवाजाही को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए तैयार गेट मैनेजमेंट सिस्टम को भी देखा। इसके साथ ही गृहमंत्री अमित शाह ने वॉच टावर का दौरा किया, पौधारोपण किया और प्रहरी सम्मेलन में जवानों के साथ संवाद किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार देश की सभी सीमाओं को अभेद्य बनाने के प्रति कटिबद्ध है। मोदी सरकार सीमाओं को चाकचौबंद बनाने के लिए चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड का निर्माण कर रही है।
गृहमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सुरक्षाबलों के जवानों और उनके परिजनों का कल्याण मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्मार्ट बॉर्डर के कॉन्सेप्ट के साथ देश की सीमाओं को पूरी तरह से सुरक्षित बनाने और सीमांत क्षेत्रों में घुसपैठ रोकने पर मोदी सरकार काम कर रही है।
Your email address will not be published.
About Us
Advertise With Us
Privacy Policy
Terms And Conditions
Contact Us